Sports Jharkhand
SGM की मांग पर अध्यक्ष एन रामचंद्रन का मास्टर स्ट्रोक, IOA का चुनाव 14 दिसंबर को
sportsjharkhand.com टीम रांची
17:09:46

sportsjharkhand.com टीम

रांची

राष्ट्रीय खेल संघों और राज्य ओलंपिक संघों की ओर से एसजीएम के नोटिस के जवाब में IOA अध्यक्ष एन रामचंद्रन ने मास्टर स्ट्रोक चलते हुए चुनाव की घोषणा कर दी है। IOA के उच्च पदस्थ सूत्रों के अनुसार सोमवार को ही अध्यक्ष ने सभी संबंधित राज्य ओलंपिक संघ और खेल संघों को मेल कर 9 नवंबर को IOA की कार्यकारिणी परिसद की बैठक और 14 दिसंबर को चेन्नई में चुनाव कराने की जानकारी दी है। चुनाव के बाद IOA का AGM भी चेन्नई में ही होगा। जानकारी के अनुसार मेल में ताइक्वांडो और जिम्नास्टिक राष्ट्रीय खेल संघों को चुनावी प्रक्रिया से बाहर रखने की बात भी कही गयी है। मेल पहुंचने के बाद SGM के इंतजार में बैठे खेल संघों को काठ मार गया है। वहीं एन रामचंद्रन गुट चुनाव की घोषणा को हारी हुई बाजी को जीतने के प्रयास के रूप में देख रहा है। कई राष्ट्रीय खेल संघों और राज्य ओलंपिक संघों ने sportsjharkhand.com को चुनाव संबंधी मेल मिलने की पुष्टि की है।

नरेन्द्र बात्रा के अध्यक्ष बनने के सपनों को लगा झटका

IOA के नियमों के अनुसार वे ही सदस्य अध्यक्ष और महासचिव पद का चुनाव लड़ सकते हैं जो पिछले कार्यकारिणी परिसद में चुनाव जीत कर आए हों ना कि नामांकित होकर। ऐसे में फेडरेशन आॅफ इंटरनेशनल हाॅकी के अध्यक्ष नरेन्द्र बात्रा के अध्यक्ष बनने की संभावनाओं को जोर का झटका धीरे से लगा है। इस लिहाज से नरेन्द्र बात्रा अध्यक्ष पद के लिए चुनाव लड़ने की योग्यता नहीं रखते इसीलिए 28 सितंबर को दिल्ली के एक होटल में डिनर डिप्लोमेसी के दौरान IOA का SGM बुलाकर IOA के संविधान में संशोधन करने का प्रस्ताव रखा गया था। 

मामला न्यायालय में ले जाने की तैयारी

एन रामचंद्रन के मास्टर स्ट्रोक के बाद नरेन्द्र बात्रा और राजीव मेहता का गुट SGM कराने की मांग को आधार बनाकर न्यायालय जाने की तैयारी में जुटा है। क्योंकि SGM नहीं होने की हालात में ये गुट बगैर दुल्हे के बारात समान हो जाएगा। वहीं दूसरी ओर एन रामचंद्रन गुट भी न्यायालय में कैविएट फाइल करने की रणनीति पर काम कर रहा है। जिससे की न्यायालय कुछ फैसला देने से पहले एन रामचंद्रन की बात को सुने।