Sports Jharkhand
मुलायम का हश्र देख मौनमोहन की तलाश में जुटे अमिताभ
sportsjharkhand.com टीम रांची
19:47:57

sportsjharkhand.com टीम

रांची

BCCI पर सर्वोच्च न्यायालय के फैसले और सपा के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के हश्र के बाद 15 सालों से BCA/JSCA को बंधुआ मजदूर की तरह हांकने के आदी हो चुके अमिताभ चौधरी JSCA के अंदर मौनमोहन सिंह की तलाश में जुट गए हैं। दरअसल सर्वोच्च न्यायालय के आदेश के आलोक में जनवरी से पहले JSCA की कार्यसमिति को अपनी मौत के फैसले पर खुद मुहर लगानी है। मौत की तिथि मुक़र्रर होने के बाद उत्तराधिकारी के तौर पर मौनमोहन सिंह टाइप साथी की तलाश ज़ोर-शोर से शुरू कर दी गयी है। बुधवार और गुरुवार को JSCA अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम परिसर स्थित केबिन में मंथन का दौर ज़ारी रहा। किस प्यादे पर दांव लगाया जाए इसपर विचार-विमर्श ज़ारी रहा लेकिन आखिरी फैसला नहीं हो पाया है। वैसे भी अमिताभ सुनते सबकी है लेकिन करते अपने मन की है और यही कारण है कि नाम आखिरी क्षणों में बदल भी जाते हैं। मौनमोहन की तलाश में दिक्कतें इस लिए आ रही हैं क्योंकि पिछले 15 सालों में JSCA के सत्ता शीर्ष पर बने रहने के दौरान दोस्तों से ज़्यादा दुश्मनों की फेहरिस्त लंबी हो गयी। ऊपर से हाल के दिनों में सपा के जन्मदाता मुलायम सिंह यादव के सत्ता हस्तांतरण के बाद हुए हश्र ने नींद हराम कर दी है। विश्वास करें तो किस पर यहाँ कोई शिवपाल नहीं दिख रहा चारों ओर भविष्य के अखिलेश ही नज़र आ रहे हैं। इस दुरूह राह में रिमोट कंट्रोल शाषण के सबसे भरोसेमंद चेहरे के रूप में विख्यात मौनमोहन आज JSCA के भी हॉट केक बने हुए हैं।

मौनमोहन की तलाश के अलावा अमिताभ चौधरी अपने चट्टे-बट्टों और किचन कैबिनेट के साथियों के साथ मिलकर बैक डोर से JSCA पर अपनी पकड़ बनाये रखने की रणनीति पर भी विस्तृत चर्चा की। सूत्रों की माने तो चर्चा के दौरान सर्वोच्च न्यायालय के फैसले के अलावा लोढ़ा कमिटी की मंज़ूर सिफारिशों के आलोक में बचे विकल्पों पर राह तलाशी गयी। 

नेता BJP के... लेकिन नीति कांग्रेस की

JSCA प्रमुख अमिताभ चौधरी नेता तो बीजेपी के हैं लेकिन उन्हें कांग्रेस की नीतियां कुछ ज़्यादा ही पसंद हैं। ऐसा हम नहीं कह रहे बल्कि उत्तराधिकारी चुनने के मामले में तो कम से कम ऐसा ही नज़र आ रहा है। सत्ता में बने रहने के लिए उन्होंने हर उस शख्स को बाहर/किनारे किया जिससे उन्हें चुनौती मिलने की संभावना थी। Divide, Dictate & Rule के कांग्रेसी फॉर्मूले के तहत 15 साल तक अजेय रहे। और अब बदली परिस्थितियों में भी कांग्रेस की नीति ही कारगर होती दिखाई दे रही है। मौनमोहन ढूंढो, राज करो !