Sports Jharkhand
शर्मनाक : OUR MISSION - OLYMPIC GOLD @ 10 परसेंट कमिशन !
sportsjharkhand.com टीम रांची
17:11:39

sportsjharkhand.com टीम

पलामू से लौटकर सुशील

झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास ने बुधवार को बड़े ही गर्व के साथ ट्वीट किया झारखंड सरकार का सपना, ओलंपिक मेडल हो अपना। क्या यह संभव है कि सीएम रघुवर दास के सपनों की कीमत लगायी जाए ? आपका जवाब शायद ना होगा लेकिन ये झारखंड है मेरे दोस्त, वही झारखंड जहां 60 के दशक में राजनीतिक मुर्गा बिका तो 90 के दशक में सांसदों की बोली लगी और 21वीं शताब्दी में विधायकों की बोलियां लग रही है, तो सीएम का सपना किस खेत की मूली है ! सीएम के निर्देश पर 2024 के ओलंपिक खेलों में स्वर्ण पदक जीतने के महत्वकांक्षी लक्ष्य की प्राप्ति के लिए शुरू की गयी खेल अकादमी (झारखंड राज्य खेल प्रोत्साहन सोसायटी(JSSPS ) में ही सीएम के सपनों पर 10 प्रतिशत का कमिशन भारी पड़ रहा है ! 

मामला 2017-18 के लिए पलामू में भविष्य के ओलंपियनों की चयन प्रक्रिया से जुड़ा है। संजय कुमार त्रिपाठी को पलामू जिला का संयोजक बनाया गया था। JSSPS और CCL रजहरा के अधिकारियों के कहने पर उन्होंने लगभग 2.34 लाख रुपये खर्च कर सफलतापूर्वक चयन प्रक्रिया आयोजित करा दी। काफी दौड़ने के बाद एक लाख रुपये का भुगतान हो गया लेकिन बकाया पैसों के लिए रजहरा से लेकर दरभंगा हाउस तक का चक्कर लगा रहे हैं संजय त्रिपाठी। 

सिस्टम में आईये, 10 परसेंट दीजिए तब होगा पेमेंट

CCL के बड़े अधिकारियों को लिखे गए पत्र में संजय कुमार त्रिपाठी ने  CCL रजहरा में पदस्थापित अधिकारियों और कर्मचारियों ( विनोद यादव, टोप्पो जी और प्रजापति जी ) पर आरोप लगाया है कि वे बकाये रकम की भुगतान के लिए 10 प्रतिशत कमिशन की मांग कर रहे हैं। कमिशन नहीं देने के कारण  उनका पेमेंट नहीं किया जा रहा है। sportsjharkhand.com को संजय त्रिपाठी ने बताया कि कुछ कर्मचारियों ने दलालों के माध्यम से संदेशा भेजवाया कि सिस्टम में आइये, 10 परसेंट दीजिए तभी पेमेंट होगा। पत्र में जल्द भुगतान कराने की मांग की गयी है।

क्या है पूरा मामला ?

20 और 21 फरवरी 2017 को जिला स्कूल मैदान में चयन प्रक्रिया का आयोजन किया गया था। लगभग 500 बच्चे आए थे। चयन प्रक्रिया में बीसीसी गल्र्स मिशन स्कूल आजादगंज के शिक्षक और पलामू एथलेटिक्स संघ के महासचिव संजय कुमार त्रिपाठी के मत्थे ही संयोजक होने के नाते सारी व्यवस्था की जिम्मेवारी थी। टेंट से लेकर बच्चों को दिए जानेवाले जूस और बिस्कूट तक। कुल 2.34 लाख रुपये खर्च हुए। तीन माह तक मान-मनौव्वल करने के बाद 12 मई 2017 को  CCL रजहरा की ओर से एक लाख रुपये का भुगतान चेक द्वारा (चेक संख्या 569034) किया गया। बकाये के लिए दौड़ जारी है। 

धज्जियां उड़ गयीं वित्तीय अनुशासन की

जब कार्यक्रम JSSPS का था तो  CCL रजहरा ने 12 मई 2017 को भुगतान क्यों किया ? जबकि 10 मार्च 2017 को ही 18.23 करोड़ के बजट को JSSPS की गवर्निंग काउंसिल ने मंजूरी दे दी थी। JSSPS के लोकल मैनेजमेंट कमिटी के प्रशासकीय अधिकारी ले.क. विक्रांत मल्हान ने बताया कि पहले  CCL ने संयोजकों/वेंडरों को पेमेंट कर दिया बाद में JSSPS ने सीसीएल को पेमेंट कर दिया। एक ही काम के लिए दो-दो एजेंसियों सीसीएल और JSSPS के अकाउंट से चैनल पेमेंट किया जाना वित्तीय अनुशासन की खुलेआम धज्जियां उड़ाता है।


उधार पर सारा काम करवाया, अब बकायेदारों ने जीना हराम कर दिया है। भुगतान के लिए रजहरा कोलियरी के विनोद यादव, टोप्पो जी और प्रजापति जी 10 प्रतिशत कमिशन की मांग करते हैं। पहले पता होता तो ज्यादा बिल बनाकर दे देता। 

संजय कुमार त्रिपाठी, भुक्तभोगी एवं पलामू संयोजक


सभी जगहों का पेमेंट हो गया है, पलामू में संयोजक ने भुगतान के संबंध में कुछ आरोप सीसीएल के अधिकारियों पर लगाते हुए लिखित आवेदन दिया है। कार्रवाई हो रही है।

ले.क. विक्रांत मल्हान, प्रशासनिक पदाधिकारी, एलएमसी, JSSPS