Sports Jharkhand
झारखंड में महिला क्रिकेट : कौन सुनेगा ? किसको सुनाएं ? इसलिए चुप रहते हैं !
sportsjharkhand.com टीम रांची
12:55:37

sportsjharkhand.com 

रांची

लॉर्ड्स के मैदान पर 23 जुलाई को इतिहास रचने के काफी करीब पहुंची महिला क्रिकेटरों की चर्चा हर ओर हो रही है लेकिन देश में क्रिकेट का संचालन कर रही विश्व के सबसे धनी संस्थाओं में से एक बीसीसीआइ के कार्यवाहक सचिव के राज्य में महिला क्रिकेट और महिला क्रिकेटरों की स्थिति क्या है ? झारखंड में क्रिकेट को जन-जन, गांव-गांव तक पहुंचाने का दावा करनेवाले स्वयंभू खेल प्रशासक की प्रशासनिक कुशलता का नमूना यही है कि झारखंड निर्माण के 17 वर्षों बाद भी 24 जिलों में 11 सदस्यीय महिला क्रिकेट टीम का टोटा बरकरार है। महेन्द्र सिंह धौनी, सौरव तिवारी, इशांक जग्गी, वरूण एराॅन, शाहबाज नदीम, इशान किशन और शुभलक्ष्मी शर्मा जैसे क्रिकेटरों की निजी सफलता को राज्य क्रिकेट संघ की प्रशासनिक कुशलता बताने-समझाने वाले चाटुकारों की फौज ने राज्य में महिला क्रिकेट का बेड़ागर्क कर दिया है। स्टेडियम बनाने और अंतरराष्ट्रीय मैच का आयोजन कराने को ही क्रिकेट का विकास समझकर खुद का पीठ थपथपाने वाले खेल प्रशासक ही महिला क्रिकेट की दुर्दशा के लिए जिम्मेवार हैं, इससे इंकार नहीं किया जा सकता।  

बीसीसीआइ कार्यकारी सचिव अमिताभ जहां के अध्यक्ष वहीं नहीं होता महिला क्रिकेट

बीसीसीआइ के कार्यकारी सचिव खूंटी जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष हैं और दुर्भाग्य की बात है कि पूरे देश में क्रिकेट का स्वयंभू डंका बजानेवाले अमिताभ चैधरी के गृह जिले खूंटी में ही महिला क्रिकेट नहीं होता। यही सच है, 100 फीसदी सच। अपनी कुशलता से किंकर्तव्यविमुढ़ हो जानेवाले अमिताभ चैधरी के गृह जिले में ना तो आज तक कभी भी महिला क्रिकेट लीग का आयोजन हुआ ना ही किसी भी जिला स्तरीय प्रतियोगिता में भागीदारी।  

राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में मात्र 7-8 टीमें ही खेलती है 

राज्य में जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं के आयोजन कि औपचारिकताओं को जेएससीए पूरे तन-मन-धन से पूरा करता है। प्रतियोगिताओं में 24 में से मात्र 7-8 जिलों की टीमें ही भाग लेती हैं जिनमें रांची, जमशेदपुर, बोकारो, धनबाद, चाईबासा, देवघर और सिमडेगा शामिल हैं। इनमें भी कई टीमों के लिए महिला खिलाड़ियों को यूपी से आयात किया जाता है। 

बदसलूकी को निजी मामला बता हाथ झाड़ते रहे हैं आलाधिकारी !

महिला क्रिकेटरों से बदसलूकी (म्ग्ज्त्म्।ड) के मामलों में झारखंड में क्रिकेट से जुड़े कई प्रशासक काफी कुख्यात हैं। दो महत्वपूर्ण जिलों में क्रिकेट की बागडोर संभालनेवालों पर महिला क्रिकेटरों ने बदसलूकी का आरोप लगाया, लेकिन बाॅस ने इसे निजी मामला बताते हुए हाथ झाड़ लिया। जिन दो प्रशासकों पर यह आरोप लगे उनमें से एक को पिछले दो सालों से काफी प्रोमोट भी किया जा रहा हैै। रक्षक का भक्षक बन जाना ही संभवतः सबसे बड़ा कारण है कि राज्य में महिला खिलाड़ियों का टोटा बरकरार है। 

एक भी महिला पदाधिकारी नहीं !

महिला क्रिकेट में सिर्फ खिलाड़ियों का टोटा ही नहीं बल्कि महिला खेल प्रशासकों का भी टोटा बरकरार है। पिछले 14 वर्षों में जेएसीसीए में एक भी महिला खेल प्रशासक को कोर टीम में शामिल नहीं किया गया। गेट खोलने से लेकर मोबाइल उठानेवालों तक को पदाधिकारी बनाया गया लेकिन किसी महिला को नहीं ! 2012-13 से पहले कोई भी महिला जेएससीए की आजीवन सदस्य तक नहीं थी। इसी वर्ष लगभग 50 महिलाओं को जेएससीए का आजीवन सदस्य बनाया गया जिनमें से ज्यादातर आजीवन सदस्यों की पत्नियां शामिल हैं।    

14 सालों से बीसीसीआई के जिम्मे है महिला क्रिकेट

2003 से पूरे भारतवर्ष महिला क्रिकेट की बागडोर बीसीसीआइ और उसके मान्यताप्राप्त संघों के हाथों में है। फिर झारखंड में क्रिकेट के नाम पर जो सैकड़ों करोड़ रूपये खर्च किए जाने के बावजूद महिला क्रिकेट की दुर्दशा क्यों बरकरार है ? आयातित खिलाड़ियों के भरोसे कब तक प्रतियोगिताओं का आयोजन होता रहेगा ? गद्दी बचाने और भरत बनने की जुगत में लगे झारखंड के क्रिकेट प्रशासकों की प्राथमिकताओं की सूचि में कंट्री क्लब और उसके सदस्यों के लिए टेनिस, तैराकी, बैडमिंटन की खेल प्रतियोगिताएं ज्यादा महत्वपूर्ण हैं। जेएससीए में शादी-ब्याह तक सही समय पर हो जाता है लेकिन क्रिकेट सत्र 2016-17 की प्रतियोगिताएं तय समय पर संपन्न नहीं हो पायीं। जेएससीए की प्राथमिकताएं किसी से छुपी नहीं हैं ?