Sports Jharkhand
IOA चुनाव: राजीव मेहता का महासचिव बनना तय, अध्यक्ष पद पर पेंच फंसा
sportsjharkhand.com टीम रांची
21:24:29

sportsjharkhand.com टीम

रांची

वर्तमान महासचिव राजीव मेहता का भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) का अगला महासचिव बनना तय हो गया है। नामांकन के आखिरी दिन तक सिर्फ और सिर्फ उन्होंने ही महासचिव पद के लिए नामांकन किया। महासचिव के पद पर राजीव मेहता का यह दूसरी व आखिरी पारी होगी। महासचिव पद के लिए भले ही तस्वीर साफ हो गयी हो लेकिन अध्यक्ष पद के लिए नरेन्द्र बात्रा को नामांकन के आखिरी दिन वर्तमान कोषाध्यक्ष अनिल खन्ना से अप्रत्याशित चुनौती मिल गयी। अनिल खन्ना ने अध्यक्ष पद के साथ ही वरीय उपाध्यक्ष पद के लिए भी नामांकन किया है। पता हो कि बात्रा ने भी अध्यक्ष पद के साथ ही वरीय उपाध्यक्ष पद के लिए नामांकन किया है। कोषाध्यक्ष पद के लिए 3 और कार्यकारिणी समिति के लिए लगभग 2 दर्जन नामांकन पत्र दायर किए गए हैं।   

प्रस्तावक बने प्रतिद्वंद्वी !

रविवार को जब नरेन्द्र बात्रा ने अध्यक्ष पद के लिए नामांकन किया था तो उनके प्रस्तावक अनिल खन्ना बने थे। लेकिन 36 घंटे में ही ऐसा क्या हुआ कि प्रस्तावक अनिल खन्ना प्रतिद्वंद्वी बन गए। IOA के सूत्र बताते हैं कि सोमवार को नरेन्द्र बात्रा के वरीय उपाध्यक्ष पद के लिए नामांकन करने के बाद स्थितियां तेजी से बदली और अनिल खन्ना ने अध्यक्ष पद के लिए नामांकन कर दिया। एन रामचंद्रन गुट इस चिंगारी को हवा देने में लग गया है। 

वरीय उपाध्यक्ष एक अनार, पांच बीमार !

IOA चुनाव में वरीय उपाध्यक्ष का पद इस बार हाॅट केक बनकर उभरा है। इस पद के लिए निवर्तमान कमिटी के वरीय उपाध्यक्ष वीरेन्द्र डी नानावटी के अलावा अध्यक्ष पद के प्रबल दावेदार नरेन्द्र बात्रा, अनिल खन्ना, झारखंड ओलंपिक संघ के प्रवासी अध्यक्ष आरके आनंद और एक अन्य सदस्य ने नामांकन पत्र दाखिल किया है। दरअसल IOA में वरीय उपाध्यक्ष ही विवाद निपटारा कमिशन के पदेन अध्यक्ष होते हैं और इसीलिए इस पद के इतनी मारा-मारी बची हुई है। IOA का इतिहास बताता है कि स्वार्थ की राजनीति में कई संघों में विवाद जानबूझकर पैदा किए जाते हैं और अपने इष्ट-मित्रों को पदों से नवाजा जाता है, इसलिए ये पद इसबार हाॅट केक बनता हुआ दिख रहा है।