Sports Jharkhand
खेल महाकुंभ के टैलेंट पर भारी भ्रष्टाचार की चौकड़ी - भाग 2
sportsjharkhand.com टीम रांची
20:55:57

अभिभावक बदलवाना चाहते हैं, मिलें जेएसएसपीएस के स्वयंभू कर्णधारों से

sportsjharkhand.com टीम

रांची

झारखंड राज्य खेल प्रोमोशन सोसायटी (जेएसएसपीएस) और उनके द्वारा ट्राॅयल के लिए नियुक्त कारिंदों की गलतियों के कारण कई प्रतिभाशाली बच्चों का भविष्य का दांव पर लग गया है। जो काम भगवान नहीं कर सकते वो काम जेएसएसपीएस के स्वयंभू कर्णधार टेबल पर बैठे-बैठे चुटकी बजाते ही कर देते हैं, यहां तक कि अभिभावकों को भी बदल दे रहे हैं ! आपको थोड़ा आश्चर्य होगा लेकिन यही सच है। sportsjharkhand.com टीम लगातार जेएसएसपीएस द्वारा जारी लिस्ट की जांच कर रही है। जांच में एक से बढ़कर एक खुलासे हो रहे हैं। शुक्रवार को जारी लिस्ट में ये संयोग मात्र है कि हजारीबाग से चेस्ट नंबर HB37213, रामगढ़ से चेस्ट नंबर RG53264, और गुमला से चेस्ट नंबर GU100884 के साथ दौड़ रही बच्चियों का नाम अंजली कुमारी है। लेकिन जेएसएसपीएस और उनसे जुड़े कारिंदों ने तीनों बच्चियों के पिता के नाम और नंबर ही बदल दिए हैं, ऐसा जानबूझकर किया गया है या अनजाने में ये जांच का विषय है। 307 बच्चों की लिस्ट में क्रमांक संख्या 98, 111 और 263 पर दर्ज तीनों अंजली कुमारी के पिता का नाम आयरन प्रसाद मांझी कर दिया गया और जो नंबर दिया गया है, वो पंजाब के एक सख्स का है जो आज सुबह से परेशान है। उसे शनिवार को तीन-तीन फोन आ चुके हैं कि उनकी बेटी अंजली कुमारी का सलेक्शन जेएसएसपीएस की अकादमी के लिए हो गया है। चौथा फोन रांची से आते ही उसका पारा गर्म हो गया, पूरी बात समझाने के बाद बात हुई। 

अभी रिजल्ट नहीं आया है साहब ?

sportsjharkhand.com ने जब HB37213 चेस्ट नंबर वाली अंजली कुमारी के गिद्दी C निवासी किसान पिता जगदेव महतो को फोन लगाया तो उन्होंने बताया कि अभी रिजल्ट नहीं आया है। कुछ देर बातचीत के बाद उन्होंने अनायास ही पूछ डाला कि क्या उनकी बेटी का सलेक्शन हो गया है ? हमने अंजली के चुने जाने की जानकारी दी और जेएसएसपीएस के एक अधिकारी का नंबर देकर कहा कि वे इस नंबर पर सुबह 9 बजे बात कर लें। वहीं जब sportsjharkhand.com ने रामगढ़ की चेस्ट नंबर RG53264 वाली अंजली कुमारी के पिता मांडू निवासी पिंकू करमाली जो साइकिल पर कोयला बेचते हैं उन्होंने बताया कि अभी तक रिजल्ट नहीं आया है लेकिन उन्हे आशा है कि उनकी बेटी जरूर पास होगी। बाद में बेटी के सलेक्ट होने की जानकारी मिलने पर उन्होंने खुशी जाहिर कि, हमने उन्हें भी नंबर दिया और जेएसएसपीएस में सुबह 9 बजे बात करने को कहा। गुमला की अंजली चेस्ट नंबर GU100884 के पिता भुवनेश्वर उरांव से बात नहीं हो पाई। sportsjharkhand.com को जानकारी मिली है कि गुमला के ग्रामीण इलाके में अंजली के पिता भुवनेश्वर रहते हैं और उन्होंने अपनी बच्ची को रांची के सोंस इलाके में स्थित विद्या निकेतन स्कूल के हाॅस्टल मंे रहती है। 

इन गलतियों की कौन लेगा जिम्मेवारी 

गैर जिम्मेदार लोगों से जिम्मेवारी लेने की बात करना तो सूर्य को टाॅर्च दिखाने के समान है फिर भी प्रयास करने मंे क्या जाता है ? इस गलती से तीन होनहार बच्चियों और उनके परिवार के सपने टूट जाते, संभव था कि परिजन इसे असफता मान बच्ची को खेलने-कूदने से ही रोक देते। जेएसएसपीएस के कर्णधारों को यह बताना चाहिए कि गलती किसकी है और उसे क्या सजा दी जाएगी और तीन साल तक लगातार गलतियां दोहराने के आदी हो चुके कर्णधारों की टीम कब सुधरेगी ? अगर अकर्मण्य लोगों को सुधारा नहीं जा सकता तो उन्हें हटाया तो जा सकता है।


इसे भी पढ़े 


खेल महाकुंभ के टैलेंट पर भारी भ्रष्टाचार की चौकड़ी - भाग 1

http://www.sportsjharkhand.com/detailpanel.php?rcode=937

मेधा घोटाले की चपेट में JSSPS का खेल महाकुंभ

http://sportsjharkhand.com/news-show.php?rcode=905


sportsjharkhand.com पर सोमवार को पढ़िए 

खेल महाकुंभ के टैलेंट पर भारी भ्रष्टाचार की चौकड़ी - भाग 3

सिर्फ और सिर्फ sportsjharkhand.com पर