Sports Jharkhand
FIH व IOA अध्यक्ष नरेंद्र बात्रा मेहरबान तो कुश्तीवाला भोला बन बैठा हॉकी का पहलवान 
sportsjharkhand.com टीम रांची
11:49:41


अल्लाह मेहरबान तो गदहा पहलवान की कहावत को भारत में खेल संघों के मठाधीशों ने पूर्णतः आत्मसात कर लिया है। हॉकी की सर्वोच्च वैश्विक संस्था फेडरेशन ऑफ इंटरनेशनल हॉकी (FIH) व भारतीय खेल की सर्वोच्च संस्था भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) के वर्तमान अध्यक्ष नरेंद्र बात्रा भी इससे अछूते नहीं हैं। सितंबर 2014 में जब नरेंद्र बात्रा हॉकी इंडिया के अध्यक्ष थे तब उन्होंने नियमों से परे जाकर पूर्व अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी/कोच सावित्री पूर्ती को हटा झारखंड हॉकी की कमान झारखंड कुश्ती संघ के पहलवानों को सौंप दी। मामला न्यायालय में भी गया। पहलवानी का जिम्मा संभाल रहे भोला अध्यक्ष बनाये गए।  कालांतर में हॉकी इंडिया के उपाध्यक्ष बनाये गए। अभी हाल ही में भोला को एशियन हॉकी फेडरेशन पुरस्कार नामांकन पैनल के कार्यकारी निकाय सदस्य का पद दिया गया है। अब एक पहलवान हॉकी के खिलाड़ियों को पुरस्कृत करने में अपनी भूमिका अदा करेगा। अंधेर नगरी चौपट राजा, टके सेर भाजी, टके सेर खाजा की कहावत को चरितार्थ करते हुए नरेंद्र बात्रा की मेहरबानी से कुश्तीवाला भोला बन बैठा हॉकी का पहलवान। 



कुश्ती में असफलता ने हॉकी की ओर खींचा 


कुश्ती में 14 साल पसीना बहाने के बावजूद झारखंड की मिट्टी से राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय पटल पर जब खिलाड़ियों की पौध तैयार करने में नाकामी मिली तो रेडीमेड सफलता की ओर पहलवानों के कदम बढ़ गए। तत्कालीन हॉकी इंडिया के अध्यक्ष नरेंद्र बात्रा की ताबड़तोड़ तेल मालिश शुरू हुई और 1928 से लगातार हॉकी खिलाड़ियों की पौधशाला रहे हॉकी पर पहलवानों का कब्जा हो गया। 



FIH अध्यक्ष बनने के लिए नरेंद्र बात्रा ने HIL को बनाया लांच पैड !


ये हम नहीं नरेंद्र बात्रा के क्रिया-कलाप कहते हैं। नरेंद्र बात्रा नवंबर 2016 में FIH के अध्यक्ष बने। उसके बाद हॉकी इंडिया (HIL) लीग ने जनवरी-फरवरी में आखिरी सांसें ले ली। यही नहीं 2017 के बाद से आज तक हॉकी इंडिया का वार्षिक खेल पुरस्कार समारोह का आयोजन नहीं हो पाया। तो क्या HIL और वार्षिक खेल पुरस्कार समारोह को बात्रा ने FIH अध्यक्ष बनने के लिए सीढ़ी की तरह इस्तेमाल किया ? तथ्य तो यही बताते हैं। इसके अलावा JOA में आरके आनंद के खिलाफ पहलवानों के नेतृत्व में समानांतर कमिटी गठन पर सहमति व बधाई देने के बाद बदली हुई परिस्थिति में आरके आनंद की मदद से IOA अध्यक्ष बना।