Sports Jharkhand
कूलिंग ऑफ के जाल में फंस गए JSCA सचिव पिंटू दा, मनोज सिंह व पीएन सिंह
sportsjharkhand.com टीम रांची
18:09:47

sportsjharkhand.com टीम

रांची

कूलिंग ऑफ ने JSCA के चुनाव में कई महारथियों का मज़ा किरकिरा कर दिया है। महारथियों की हालत शुगर के उस रोगी सरीखी हो गई है जो JSCA के चुनाव रूपी टेबल पर पदों की मिठाई निहार तो सकते हैं लेकिन खाने की कौन पूछे छू भी नहीं सकते। इनमें से ज्यादातर वही पदाधिकारी हैं जिन्होंने अमिताभ चौधरी की शागिर्दगी में पिछले कई वर्षों तक JSCA पर एकक्षत्र राज किया। अमिताभ चौधरी व राजेश वर्मा बॉबी को नए नियमों ने अनिवार्य सेवा निवृत्ति दे ही दी थी। अब इस चुनाव में वर्तमान सचिव देवाशीष चक्रवर्ती उर्फ पिंटू दा, लोढ़ा कमीशन की सिफारिशों के आलोक में इस्तीफा देनेवाले एकमात्र पदाधिकारी मनोज सिंह व पी एन सिंह प्रमुख हैं। क्यों गए/जाएंगे कूलिंग ऑफ में


देवाशीष चक्रवर्ती उर्फ पिंटू दा 

2013 की निर्वाचित कमिटी में मैनेजमेंट कमिटी सदस्य 

2016-19 की कमिटी में सहायक सचिव/सचिव


मनोज सिंह 

2013-16 में उपाध्यक्ष

2016-19 में उपाध्यक्ष (3 अक्टूबर 2017 को इस्तीफा दिया)


पी एन सिंह 

2004-6 मैनेजमेंट कमिटी सदस्य

2006-8 मैनेजमेंट कमिटी सदस्य

2009-13 मैनेजमेंट कमिटी सदस्य

2013-16 डिस्ट्रिक्ट कन्वेनर 

2016-19 में सहायक सचिव


पीएन सिंह JSCA से अमिताभ व बॉबी के साथ सदा-सर्वदा के लिए बाहर



पिंटू दा को अपनों ने लूटा...गैरों में कहां दम था


आज से लगभग 11 माह पहले जब JSCA ने SGM के बाद संविधान संशोधन का प्रारूप IG रजिस्ट्रार के पास भेजा था। तभी स्पोर्टसझारखण्ड.कॉम ने बता दिया था कि पिंटू दा अयोग्य हैं। लिंक देखें


जेएससीए का संविधान संशोधन : अपनों के चक्रव्यूह में फंस गए JSCA के स्वयंभू हनुमान

http://sportsjharkhand.com/detailpanel.php?rcode=1105


27 अगस्त को भी जब JSCA ने COA के निर्देश से परे जाकर अपने संविधान में कई क्लाउज़ जोड़े थे। पिंटू दा की अयोग्यता से जुड़े क्लाउज़ 8 में करीब डेढ़ दर्जन नए शब्द इनकॉरपोरेट किये गए लेकिन रिलीफ मिलने से जुड़े एक-दो शब्द नहीं हटाये/जोड़े गए। अंततः वही हुआ जो .......। .... की जगह वही लिखा है जो आप समझ रहे हैं।



क्या है कूलिंग ऑफ ?


खेल संघों में अपने पसंद के लोगों को सदस्य बना लंबे समय तक पद की शोभा बढानेवालों पर लगाई गई अंकुश को कूलिंग ऑफ का नाम दिया गया है। भारतीय क्रिकेट प्रशासन में अब कोई भी पदाधिकारी किसी भी पद पर (अलग-अलग हों तो भी) लगातार दो टर्म के लिए चुना जाएगा तो उसे 3 साल के लिए चुनाव लड़ने और किसी भी तरह के दूसरे पद लेने के अयोग्य ठहराया जाएगा। साथ में ये भी शर्त है कि कोई भी पदाधिकारी तीन टर्म (अधिकतम 9 साल) से ज्यादा मैनेजमेंट कमिटी में नहीं रह सकता। JSCA के संविधान में क्लाउज़ 8 और 9 इससे जुड़ा है।



अमिताभ गुट से चंचल दत्ता गुप्ता होंगे सचिव पद के उम्मीदवार ?


पिंटू दा के अयोग्य होने के बाद अमिताभ गुट (हां अमिताभ स्वयं चुनाव नहीं लड़ रहे लेकिन चुनावी बिसात पर मोहरे वही तय कर रहे हैं, अमिताभ नाम हटते ही उनके गुट की जमानत जब्त) नए सचिव की तलाश में जुट गया है। स्पोर्टसझारखण्ड.कॉम के पास पुख्ता जानकारी है कि JSCA क्रिकेट अकादमी के संचालन का काम देख रहे चंचल दत्ता गुप्ता अमिताभ गुट के सचिव पद के प्रत्याशी के दौड़ में सबसे आगे चल रहे हैं। चंचल दत्ता गुप्ता अमिताभ के विश्वासपात्र हैं और पार्टियों में पुराने गानों के तराने छेड़ने में माहिर। एक-दो और नाम पर भी चर्चा में बने हुए हैं। अमिताभ गुट के सभी सदस्य संभवतः मंगलवार को एक साथ नामांकन करेंगे।