Sports Jharkhand
विनम्र श्रद्धांजलि : रिपोर्टर के तौर पर मेरी पहली ख़बर के सूत्रधार आप ही थे अटल जी 
sportsjharkhand.com टीम रांची
20:35:43

सुशील, sportsjharkhand.com 

रांची

25 दिसंबर 2002, सुबह के 11 बजे लगभग रांची में बन रहे दैनिक जागरण के भव्य कार्यालय में साक्षात्कार के लिए पहुंचा। पूर्व परिचित देवेंद्र भैया ने संपादक ज्ञानेश्वर भैया और समाचार संपादक कमलेश त्रिपाठी भैया से परिचय कराते हुए कहा कि ये सुशील है, देख लीजिये खेल की रिपोर्टिंग के लिए हमारे साथ जुड़ना चाहता है। देवेंद्र भैया के जाते ही ज्ञानेश्वर भैया ने सवाल दागा आज शहर में खेल की कौन-कौन सी गतिविधियां हैं ? मैंने बताया कि प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेई जी के जन्मोत्सव पर अटल क्रीड़ा महोत्सव का आयोजन हो रहा है जिसके दौरान रांची कॉलेज मैदान में क्रिकेट मैच का आयोजन हो रहा है और शाम में झारखंड BJP के मंत्रियों  (बाबूलाल मरांडी जी की सरकार) व BJP संगठन के बीच OTC मैदान में क्रिकेट मैच का आयोजन होना है। इसके अलावा आर्चरी मैदान व हरमू मैदान में हो रहे बी डिवीज़न क्रिकेट मैच होने की जानकारी भी दी। ज्ञानेश्वर भैया ने पूछा कि शाम 7 बजे तक क्रीड़ा महोत्सव की ख़बर फ़ाइल कर सकते हो ? मैंने हामी भरी और ऑफिस से छूटते ही रांची कॉलेज पहुंचा वहां से जानकारी इकट्ठी करने के बाद OTC पहुंचा। वहां मैच की तैयारी चल रही थी, लेकिन पता चला कि मैच शुरू होने का निर्धारित समय 3 बजे है लेकिन रौशनी के बड़े-बड़े टॉवरों को देखकर आशंका हुई कि मैच देर शाम तक चलेगा। आशंका सही साबित हुई, मैच लगभग 4 साढ़े 4 बजे शुरू हुआ।


डेडलाइन 7 बजे की थी, इसलिए  5.30 बजे मैं मैच आयोजन से जुड़े कुछ मित्रों-परिचितों के नंबर लेकर (आखिरी स्कोर पता करने के लिए) ऑफिस पहुंचा। ऑफिस में कुछ कंप्यूटर तो लगे थे, लेकिन हिंदी टाइपिंग कभी की नहीं थी, इसलिए पन्ना लेकर खबर लिखने बैठ गया। फोन पर स्कोर कार्ड लिया और दो-चार पन्नों को शहादत देने के बाद अंततः ससमय खबर लिख कर संपादक जी को सौंप दिया। संपादक जी ने इंट्रो पढ़ते ही देवेंद्र भैया को आवाज़ लगाई और कहा कि इसे तो वाजपेयी (जागरण का तात्कालीन स्टाइल शीट, आज का नहीं पता) तक लिखना नहीं आता है। देखिए व का पेट फाड़कर ब कर दिया है और यी की जगह ईख उगाने पर तुला हुआ है। मेरी सांस अटक गई लेकिन देवेंद्र भैया के कहने पर संपादक जी ने पूरी खबर पढ़ी और कहा कि इसकी खेल पर समझ तो ठीक है लेकिन इसे जागरण की स्टाइल शीट (कुछ शब्द विशेष को लिखने की इन हाउस विधि) बतानी पड़ेगी। कल से बुला लीजिये ऑफिस में बैठकर हिंदी टाइपिंग सीख लेगा और स्टाइल शीट भी थमा दीजिये, धीरे-धीरे सुधर जाएगा।


सच कहता हूँ मेरी खुशी का ठिकाना नहीं रहा और उस खुशी के सूत्रधार आप ही थे अटल जी। 25 दिसंबर आपका जन्मोत्सव था और पत्रकारिता के विद्यार्थी के तौर पर डेस्क से बाहर आते हुए रिपोर्टर के तौर पर पहली ख़बर जो मैंने लिखी वो संयोगवश आपसे जुड़ी रही। इस अद्भुत व अविष्मरणीय संयोग को इस जीवनकाल में तो भुला पाना मेरे लिए संभव नही है। आज शाम जब आप इस दुनिया को अलविदा कह अनंत यात्रा पर निकल पड़े तो 16 साल पुरानी याद अनायास ही ताजा हो गई।


हरदिलअज़ीज़, ओजस्वी वक्ता, नैसर्गिक कवि, परिपक्व पत्रकार, डैशिंग डिप्लोमैट, सफल राजनीतिज्ञ, भारत के अमूल्य रत्न अटल बिहारी बाजपेई जी को दिल की गहराईयों से विनम्र श्रद्धांजलि...!

ॐ शांतिः !