Sports Jharkhand
स्वतंत्रता दिवस से पहले वर्ल्ड पुलिस गेम्स में अरुणा ने स्वर्ण और सुजाता ने रजत पदक की ली सलामी
sportsjharkhand.com टीम रांची
13:31:31
sportsjharkhand.com टीम

रांची

स्वतंत्रता दिवस से दो दिन पहले झारखंड पुलिस में इंस्पेक्टर अरुणा मिश्रा एवं सुजाता भगत ने रविवार की सुबह लॉस एंजिल्स अमेरिका में हो रहे वर्ल्ड पुलिस गेम्स में क्रमशः स्वर्ण और रजत पदक की सलामी ली। महिला मुक्केबाजी स्पर्धा के 69 किग्रा वर्ग में अरुणा मिश्रा ने कनाडा की यानिक फोर्टिन को अंकों के आधार पर हरा वर्ल्ड पुलिस गेम्स में स्वर्ण पदक की हैट्रिक लगाई। इससे पहले अरुणा ने 2013 कैलिफोर्निया और 2015 वर्जीनिया में भी मुक्केबाजी का स्वर्ण पदक जीता था। वहीं सुजाता भगत बेंचप्रेस स्पर्धा के 84 किलोग्राम वर्ग में स्वर्ण पदक जीतने से चूक गई और रजत पदक से ही संतोष करना पड़ा। खेल मंत्री अमर कुमार बाउरी ने वर्ल्ड पुलिस गेम्स में भारत और झारखंड का झंडा बुलंद करने पर दोनों खिलाड़ियों को बधाई दी है। झारखंड में खेल प्रशासन से जुड़े तमाम पदाधिकारियों ने भी दोनों खिलाड़ियों को बधाई दी है।

जिसे पहचानने से किया इनकार, उसी ने दिलाया सर्वोच्च पुरस्कार

कुछ माह पहले पुलिस विभाग की आंतरिक राजनीति के एक झंडाबरदार ने अरुणा मिश्रा को पहचानने से इनकार कर दिया था। वर्ल्ड पुलिस गेम्स में स्वर्ण जीतकर अरुणा ने रिटायरमेंट के बाद भी सत्ता का स्वाद चख रहे उस झंडाबरदार और उनके पोषकों को करारा जवाब दिया है।


स्वर्ण जीतने के लक्ष्य के आई थी, लक्ष्य पूरा होने पर काफी अच्छा लग रहा है।

अरुणा मिश्रा


84 किलोवर्ग में काफी टफ कंपटीशन था, इसमें रजत पदक जीतकर खुशी हो रही है।

सुजाता भगत