Sports Jharkhand
एक खराब मशीन... सा...ला... एक खराब मशीन...दो-दो स्विमिंग बना देती है !
sportsjharkhand.com टीम रांची
15:52:13

sportsjharkhand.com टीम

रांची

मुख्य स्टेडियम और प्रैक्टिस ट्रैक के बीच अंडरग्राउंड टनल में लगा एक मोटर पिछले तीन वर्षों से खराब है। इसी खराब मोटर की वजह से ये अनचाहे स्विमिंग पूल सृजित हो गए। 2017-18 वित्तीय वर्ष के आंकड़े बताते हैं कि 16 करोड़ के बजट में से लगभग 8 करोड़ रुपये मेंटेनेन्स पर खर्च हुए। अब ये कैसा मेंटेनेन्स है कि 8 करोड़ रुपये में एक मोटर तक ठीक नही हो पाया ? जवाब कौन देगा ? यही नही इसके अलावा CCL ने अपने CSR फण्ड के लगभग 30 करोड़ रुपये भी 2015-16 के दौरान स्टेडियम और अन्य संसाधनों को दुरुस्त करने में खर्च हो गए लेकिन एक मशीन दुरुस्त नही हो पाई और ना चाहते हुए भी दो-दो स्विमिंग पूल अवतरित हो गए। नाना पाटेकर के फिल्मी संवाद (खबर की हैडलाइन) को जमीं पर उतारने के लिए !


अकर्मण्य मेंटेनेन्स की कोख से जन्मे दो नए स्विमिंग पूल 

पिछले तीन वर्षों के दौरान JSSPS द्वारा मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स की सेवा से खुश होकर भगवान ने मानव निर्मित एक स्विमिंग पूल के अतिरिक्त दो नए स्विमिंग पूलों का भी सृजन कर दिया। स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के मेंटेनेन्स का काम देख रही लोकल मैनेजमेंट कमिटी ने भी दो साल पहले इंद्र देव की कृपा से अचानक बन आए इन स्विमिंग पूलों के सदुपयोग के लिए कीड़ों-मकौडों व मेढकों के लिए फ्री पास जारी कर दिया। नतीजा ये हुआ कि इन दो स्विमिंग पूलों के लिए फ्री पास लेने की होड़ सी मच गई और मच्छरों के लार्वा ने पूरे पूल पर कब्जा जमा लिया। आनेवाले दिनों में कीड़ों-मकौडों, मेढकों व मच्छरों के लिए ओलंपिक प्रतियोगिता हो तो पिछले दो वर्षों से अनवरत अभ्यासरत इन कीड़े-मकौडों, मेढकों व मच्छरों को स्वर्ण पदक जीतने से कोई नहीं रोक सकता ! ऑपरेशन ओलंपिक गोल्ड ऑलमोस्ट कंप्लीटेड !


मुख्य एथलेटिक्स स्टेडियम के पूरब में हैं स्विमिंग पूल

देव निर्मित इन पूलों का दीदार करना हो तो आपको मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के मुख्य एथलेटिक्स स्टेडियम के पूरब की ओर प्रैक्टिस ट्रैक की ओर जाना होगा। स्टेडियम और प्रैक्टिस ट्रैक के बीच अंडरग्राउंड टनल में ये दो पूल अवतरित हुए हैं। जो ऊपर से तो दो अलग-अलग भाग में दिखते हैं लेकिन अंदर से एक हैं।


sportsjharkhand.com ने CCL के अधिकारियों को घुमाया स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, मेंटेनेन्स में बरती जा रही अनियमितता दिखाई

मेंटेनेंस में बरती जा रही कोताही पर मुख्यमंत्री के कड़े निर्देश के आलोक में खेल सचिव और CCL CMD की डांट-फटकार के बाद LMC के अधिकारी पिछले एक पखवाड़े से sportsjharkhand.com टीम से वांछित-अवांछित सहयोग की अपेक्षा रख रहे थे। लगातार टाल-मटोल के बाद सोमवार 16 जुलाई को GM इंजीनियर विपिन कुमार को हमने स्टेडियम के रख-रखाव में बरती जा रही कमियों-खामियों से अवगत कराया। विपिन कुमार ने एक माह के अंदर व्यवस्था दुरुस्त करने का आश्वासन दिया है। आशा कम है कि इतने कम समय में 3 सालों की अकर्मण्यता की भरपाई हो पाएगी। 


आप हमें एक माह का वक़्त दें, मैं आपको विश्वास दिलाता हूँ कि एक माह के बाद स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स परिसर आपको बदला-बदला नज़र आएगा।

विपिन कुमार, सदस्य LMC (सिविल)