Sports Jharkhand
अब जूनियर क्रिकेटरों को भी सीनियर क्रिकेटरों जैसी सुविधाएं
sportsjharkhand.com टीम रांची
18:03:42

sportsjharkhand.com टीम

गुमला/रांची

राज्य के जूनियर क्रिकेटरों को आने वाले सत्र 2017-18 से अब सीनियर क्रिकेटरों जैसी सुविधाएं मिलेंगी। गुमला में हुए झारखंड राज्य क्रिकेट संघ श्रैब्। एजीएम में मैनेजमेंट कमिटी के इस फैसले पर मुहर लगा दी गयी। अब जूनियर क्रिकेटर भी अंतर जिला स्तरीय मैचों में होटल में ही रूकेंगे और ट्वीन शेयरिंग व्यवस्था के साथ एक कमरे में दो खिलाड़ियों को टिकाया जाएगा। अभी तक जूनियर क्रिकेटरों को लाॅज, धर्मशाला, स्टेडियम की डारमेट्री और हाॅल में ही ठहराया जाता था और वहीं पर मेस में बने खाने को परोसा जाता था। अब क्रिकेटरों को पौष्टिक खाना भी होटल में ही परोसा जाएगा। मैनेजमेंट कमिटी ने 8 अगस्त को हुई बैठक में इससे जुड़ा फैसला लिया था। 

बकायेदारों के भुगतान को एजीएम की हरी झंडी

एजीएम में जेएससीए के बकायेदारों के भुगतान को भी हरी झंडी दे दी। इसमें सबसे ज्यादा भुगतान मे. रामकृपाल सिंह कंस्ट्रक्शन को लगभग 11 करोड़ रुपए का होना है। यह मामला मैनेजमेंट कमिटी की बैठक में आया था जिसपर एजीएम से पास कराने का फैसला किया गया था। इसके अलावा भी कई छोटे-मोटे भुगतान को भी सहमति दे दी गयी। एजीएम में यह भी फैसला लिया गया कि जब तक जेएससीए के पास पैसे नहीं आ जाते तब तक कोई नया निर्माण नहीं कराया जाएगा। 

5 आजीवन सदस्यों के निष्कासन को मंजूरी

एजीएम के बाद पत्रकारों से बात करते हुए अध्यक्ष कुलदीप सिंह ने बताया कि जेएससीए परिवार को बचाने के लिए सर्वसम्मति से 5 आजीवन सदस्यों को बाहर कर दिया गया। इनमें प्रवीण सिंह, दीपक प्रकाश, प्रवीण देवघरिया, सरोज सिंह और पी शशिधरण शामिल हैं। 

..एक्टिंग सेक्रेटरी साहब, शाहबाज नदीम टीम में क्यों नहीं है ? कुछ करिए !

एजीएम के दौरान जब सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज के पुरस्कार के लिए शाहबाज नदीम का नाम पुकाराते ही मंच संचालन कर रहे उपाध्यक्ष असीम कुमार सिंह ने बीसीसीआइ के एक्टिंग सेक्रेटरी अमिताभ चैधरी का ध्यान आकृष्ट करते हुए पूछा नदीम भारतीय टीम में क्यों नहीं हैं ? कई सदस्यों ने इसका समर्थन किया और कहा कि कैंप में तो नदीम को जरूर होना चाहिए।   

बेहतर प्रदर्शन करनेवाले पुरस्कृत

एजीएम के दौरान सत्र 2016-17 में बेहतर करनेवाले सभी खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया गया। सीनियर टीम के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज का पुरस्कार इशांक जग्गी को मिला जबकि सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज का पुरस्कार शाहबाज नदीम को दिया गया। महिला वर्ग यह पुरस्कार क्रमशः शोभा ठाकुर और निहारिका को दिया गया। दोनों ने लगातार दूसरे साल यह पुरस्कार जीता है। इसके अलावा जूनियर स्तर पर भी बेहतर प्रदर्शन करनेवाले खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया गया। 

एजीएम स्थल के बाहर जुटे से समर्थक

कुछ अनहोनी की आशंका जेएससीए के कर्णधारों को थी इसलिए रांची, गुमला और लोहरदगा से कई बाहरी लोगों को विशेष तौर पर आमंत्रित किया गया था। बैठक शुरू होने से पहले ही लगभग सौ-डेढ़ सौ लोग पहुंचे गए थे। इनमें से लोहरदगा जिला क्रिकेट संघ पर नजर गड़ाए कई लोग भी शामिल थे।