Sports Jharkhand
सिल्वर स्क्रीन पर खेल से फिर जुड़ना चाहते हैं एप्पल सिंह
sportsjharkhand.com टीम रांची
11:11:45

sportsjharkhand.com टीम

रांची

क्रिकेट के प्रकांड देशज जानकार एप्पल सिंह याद हैं आपको ? अरे वही एप्पल सिंह ! जो 1999 में इंग्लैंड में खेले गए आइसीसी क्रिकेट वर्ल्ड कप के प्रत्येक मैच से पहले अपने खास अंदाज में स्टार स्पोर्ट्स के दर्शकों का मनोरंजन करते थे। एप्पल सिंह के किरदार को इडियट बाॅक्स पर सफलतापूर्वक जीनेवाले सीने कलाकार संजय मिश्र रांची में हैं इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल के लिए। इस दौरान एप्पल सिंह की किरदार से जुड़े अनुभवों व सिल्वर स्क्रीन पर खेल के भविष्य को लेकर संजय मिश्र ने sportsjharkhand.com से खुलकर बात की, पेश हैं बातचीत के मुख्य अंश

sportsjharkhand.com : एप्पल सिंह के सफल किरदार के बाद खेल से दूरी बनाने की कोई खास वजह ?

संजय मिश्रा : आपको याद हैं एप्पल सिंह ? मतलब मैं खेलप्रेमियों के दिल में जगह बनाने में कामयाब रहा, कलाकार के तौर पर मेरे लिए ये खुशी की बात है। 1999 के वर्ल्ड कप से पहले और बाद में मैंने कई महीनों तक एप्पल सिंह के किरदार को सफलतापूर्वक जीया लेकिन जब मुझे लगा कि मैं टाइप्ड होता जा रहा हूं तो मैंने स्टार स्पोर्ट्स को बाई-बाई कर दिया। 

sportsjharkhand.com : कैसे मिला एप्पल सिंह का किरदार ?

संजय मिश्रा : स्टार स्पोर्ट्स ग्रुप को अपने दर्शकों के लिए एक पारंपरिक देशज चेहरे की दरकार थी जो मनोरंजन के साथ क्रिकेट पर कुछ हल्के-फुल्के कमेंट्स कर सके। मैं उनकी योग्यताओं के पिटारे में फिट बैठ गया। पहली बार विदेश के दौरे पर जाना और वर्ल्ड कप क्रिकेट जैसे आयोजन से जुड़ने का लालच मैं छोड़ नहीं पाया और हिस्सा बन गया। मुझे दुःख है कि 1999 वर्ल्ड कप में टीम इंडिया का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा और हम नाॅकआउट से पहले ही बाहर हो गए थे लेकिन पाकिस्तान के खिलाफ हमलोगों ने शानदार जीत हासिल की थी।

sportsjharkhand.com : वर्ल्ड कप और खासकर पाकिस्तान के खिलाफ हुए मैच का अनुभव एप्पल सिंह के लिए कैसा रहा ?

संजय मिश्रा : पाकिस्तान के खिलाफ मैच से पहले और ब्रेक में तो मैंने काफी बकबक की थी, लेकिन जैसे ही भारतीय टीम की जीत के साथ मैच खत्म हुआ और मैं अपनी भावनाओं को काबू में नहीं रख पाया और रोते हुए एक कोने में जा छिपा। मुझे पोस्ट मैच प्रोग्राम के लिए ढुंढा जा रहा था लेकिन मैं भावनाओं के समुद्र में गोते लगाता रहा। प्रत्येक मैच से पहले जब बैट पर टीम इंडिया के प्लेइंग 11 का आॅटोग्राफ लिया जाता था तो 12वां आॅटोग्राफ एप्पल सिंह का होता था। ये काफी गर्व करनेवाला अनुभव रहा। ज्योफरी बाॅयकाॅट, सुनील गावस्कर, रवि शास्त्री जैसे पूर्व क्रिकेटर सह कमेंटेटरों के साथ क्रिकेट को नजदीक से समझने का मौका मिला।  

sportsjharkhand.com : क्रिकेट और बाॅलीवुड के काॅकटेल में आप दोबारा कब गोते लगाने जा रहे हैं ?

संजय मिश्रा : देखिए टीवी पर मैं खेल की अपनी पारी खेल चुका हूं। सिल्वर स्क्रीन पर क्रिकेट, फुटबाॅल, हाॅकी और मुक्केबाजी को लेकर बाॅलीवुड में सफल फिल्मों की एक लंबी फेहरिस्त है। रांची में ही बनी फिल्म हिप-हिप हुर्रे, लगान, चक दे इंडिया, मेरीकाॅॅम और एमएस धौनी जैसी फिल्मों ने दर्शकों के दिल में जगह बनायी है। खेल पर बनी फिल्में दर्शकों से सीधा संवाद करती हैं और मेरी प्रबल इच्छा है कि खेल से जुड़ा कोई अच्छा प्रस्ताव मिले और मैं उसका हिस्सा बनूं। 

sportsjharkhand.com : आप पिछले तीन दिनों से स्पोट्र्स काॅम्प्लेक्स में हैं, आधारभूत संरचना कैसी लगी ?

संजय मिश्रा : सच बताउं क्रिकेट को छोड़कर अन्य खेलों के संदर्भ में मेरा हाथ थोड़ा तंग है। माहौल तो अच्छा लग रहा है लेकिन इतने सारे स्टेडियम यहां कब और क्यों बनाए गए थे ? 

(हमने बताया कि ये संरचना 2011 में राष्ट्रीय खेलों के लिए बनाई गई थी। इसके बाद इंटरव्यू के पात्र बदल गए सवाल संजय मिश्रा जी के थे जवाब हमारे)

संजय मिश्रा : यहां पर क्रिकेट का भी कोई स्टेडियम है क्या ?

sportsjharkhand.com : जी नहीं यहां पर नहीं है, यहां से 12-15 किलोमीटर की दूरी पर धुर्वा में है।

संजय मिश्रा : ???????

sportsjharkhand.com : !!!!!!!