Sports Jharkhand
खेल महाकुंभ के टैलेंट पर भारी भ्रष्टाचार की चौकड़ी - भाग 1
sportsjharkhand.com टीम रांची
18:11:01

जेएसएसपीएस में मेधा घोटाला : 60 में 60 वाले फेल, 45 वाले पास

sportsjharkhand.com टीम

रांची

7 माह तक चले खेल महाकुंभ में दो स्तर की चयन प्रक्रिया और लगभग 70 लाख रुपये खर्च करने के बाद झारखंड राज्य खेल प्रोत्साहन सोसायटी (जेएसएसपीएस) ने शुक्रवार को टाॅप 307 बच्चों की सूची जारी करने की औपचारिकता पूरी कर दी है। सूची में चयनित बच्चों के चयन के आधार व बच्चों को मिले अंकों की कोई तालिका नहीं दी गयी है। सूची को सरसरी तौर पर देखने से ही पता चल जाता है कि गलतियों को छुपाने के लिए मार्किंग सिस्टम और प्राप्तांक की कोई जानकारी नहीं दी गयी है। नंबरों की तालिका जारी होने से 3000 नजरें गलतियों को ढुुढतीं इसलिए इस बार वे मामला जड़ से ही समाप्त कर दिया गया। पहली लिस्ट जारी होने के बाद भी गलतियों के ऐसे दर्जनों मामले सामने आए थे। सूची जारी होने के बाद कई सवाल उठ खड़े हुए हैं, पहले से तय समय 14 अप्रैल को जारी होनेवाली सूची 20 अप्रैल को क्यों जारी हुई ? इन छह दिनों में 80-85 बच्चों की सूची (पढ़ें बाॅक्स) 307 पर कैसे पहुंच गयी ? आखिर क्यों टाॅप 27 लड़कियों (60 में 60 अंक लानेवाली) में से मात्र 4 बच्चियां ही जगह बना पाईं ? पहली मेरिट लिस्ट में कोई मैन्यूपुलेशन किया गया या दूसरी लिस्ट में ? टेंडर से लेकर ट्राॅयल के विभिन्न दौर के दौरान तीन जमा एक कुल चार लोगों की चौकड़ी फैसले ले रही थी, जिसमें जेएसएसपीए के एलएमसी के आलोक कुमार, विक्रांत मल्हान, एथलेटिक्स कोच मैथ्यूज व दूसरे दौर का ट्राॅयल लेनेवाले श्रीधरण शामिल थे/हैं। फिर भी लगभग 70 लाख रुपये खर्च करने के बाद इतनी गलतियों व विसंगतियों की जिम्मेवारी कौन लेगा ? 


60 वाले फेल, 45 वाले पास

बालिकाओं की सूची में टाॅप तीन स्थान पर गुमला की बच्चियां थीं इसलिए sportsjharkhand.com ने सिर्फ और सिर्फ गुमला की बच्चियों के प्रदर्शन का अध्ययन व आकलन किया तो चैंकानेवाले तथ्य सामने आए। 60 में 60 अंक प्राप्त कर 1275 बच्चियों में टाॅप 3 में अपना स्थान बनानेवाली संजीता उरांव चेस्ट नंबर GU100219, रौशनी कुमारी चेस्ट नंबर GU100844 और अनिपा कुमारी चेस्ट नंबर GU100846 दूसरे दौर में जगह बनाने में नाकाम रहीं। जबकि निशा बेक चेस्ट नंबर GU100798 60 में 45 अंक और प्रियंका उरांव चेस्ट नंबर जीयू 100025 व नैंसी उरांव चेस्ट नंबर 100850 60 में 46 अंक लाने के बावजूद दूसरे दौर मंेे जगह बनाने में कामयाब हो गईं। संभव है कि पहले दौर में अंक बढ़ा दिए गए हों और दूसरे दौर में सही आंकड़ों में टाॅपर फेल कर गई हों, लेकिन दूसरे दौर में प्राप्त नंबरों का उल्लेख होता तो पता चलता कि कौन सच्चा है कौन झूठा। दोनों ही दौर में जेएसएसपीएस ने टेंडर के जरिए दो कंपनियों को काम दिया था, उनमें से गलत आंकड़े किसने दिए ? ये जेएसएसपीएस को बताना चाहिए।  


तीन के पिता बदल गए, 11 के हो गए गायब ! 

सिर्फ गुमला जिले के 24 बच्चों के अध्ययन से हमने पाया कि दूसरे दौर की सूची जो जारी की गयी है उसमें तीन खिलाड़ियों के पिता बदल गए हैं। जबकि 307 बच्चों में से 11 बच्चों के पिता का नाम सूची से गायब हो गया है। वो भी तब जब इस सूची को तैयार करने के लिए बकायदा जरूरत से ज्यादा पैसे खर्च किए गए (इसी सीरीज की खबरों में आप आनेवाले दिनों में पढ़ेंगे)। जिन बच्चों के पिता बदल गए उनमें अंजली कुमारी चेस्ट नंबर GU100884, रेखा कुमारी चेस्ट नंबर GU100112 व रौशनी कुमारी चेस्ट नंबर GU100039 शामिल हैं। अंजली के पिता भुवनेश्वर उरांव से आयरन प्रसाद मांझी हो गए, रेखा कुमारी के पिता सनिका गोप से सीताराम उरांव हो गए और रौशनी कुमारी के पिता पतिराम उरांव से दिलीप उरांव हो गए। संभव है कि गलतियां सुधारी गई हों लेकिन ऐसी गलतियां करनेवालों को भुगतान क्यों किया गया ?


पैरासूट कैंडिडेट बना दीपक उरांव !

गुमला के 24 बच्चों में से एक बच्चा 12 वर्षीय दीपक उरांव चेस्ट नंबर GU121817, पिता नहीं मालूम जेएसएसपीएस द्वारा जारी दस्तावेजों के अनुसार पैरासूट कैंडिडेट (यानि ऐसा कैंडिडेट जो पहले दौर में आया ही नहीं डायरेक्ट दूसरे दौर में आया) बनकर सीधे दूसरे दौर में सलेक्ट हो गया। जेएसएसपीएस के दस्तावेजों के अनुसार गुमला से कुल 1137 बच्चों ने पहले दौर के चयन ट्राॅयल में हिस्सा लिया था। इन 1137 बच्चों में चेस्ट नंबर 121817 का कोई बच्चा शामिल नहीं हैं। पूरे 1137 बच्चों में सिर्फ और सिर्फ एक बच्चा दीपक उरांव के नाम का है जिसका चेस्ट नंबर जीयू 100405 है, उम्र 11 साल, पिता : बानु उरांव है और पहले दौर में जिस आधार पर अंक दिए गए थे उसके अनुसार चेस्ट नंबर GU100405 वाले दीपक उरांव के मात्र 25 अंक आते हैं, मतलब वे दूसरे दौर के लिए क्वालीफाइ ही नहीं कर पाया। दूसरे दौर के लिए चयनित 1725 बच्चों की सूची में भी किसी दीपक उरांव का नाम शामिल नहीं है। फिर ये नया दीपक उरांव सीधे दूसरे दौर में कहां से आ गया ? किसकी कृपा बरस गयी ? जेएसएसपीएस में कहीं कोई नया निर्मल बाबा तो अवतरित नहीं हो गए, जिन्होंने कृपा बरसा दी हो ? निर्मल बाबा ही जानंे ! 


307 में से 306 की जन्मतिथि 14 मार्च व 29 मार्च

आश्चर्य कि बात है दूसरे दौर के लिए जिन 307 बच्चों की सूची जारी की गयी है उनमें से 306 बच्चे जी हां 306 बच्चों की जन्म तिथि 14 मार्च या 29 मार्च है। साल बदल गए हैं लेकिन तिथि वही है 14 मार्च या 29 मार्च। सिर्फ और सिर्फ रांची के अनिकेत टोप्पो चेस्ट नंबर आरसी 124056 की जन्म तिथि 9 अप्रैल दर्ज है। जन्म तिथियों के ऐसे संयोग के बारे में ना तो अबतक हमने सुना था ना ही देखा था लेकिन जेएसएसपीएस के काबिलों ने ये भी कारनामा कर ही दिखाया। लगता है यहां भी बाबा की कृपा बरसी है। 


4 बच्चों पर दोहरी मेहरबानी

दूसरे दौर की लिस्ट में सीरियल नंबर 145-146 पर शिवानी कुमारी चेस्ट नंबर LH58590, 170-171 पर सुहानी कुमारी चेस्ट नंबर RC120042, 196-197 पर सीमा कुमारी RC120058 और 212-213 में शुभद्रा कुमारी चेस्ट नंबर RC121478 पर  जेएसएसपीएस के कर्मचारियों ने जमकर कृपा बरसायी और उनके नाम दो-दो जगह छाप दिए। यही नहीं क्रमांक संख्या 67 और 138 गायब हैं, sportsjharkhand.com आशा करता है कि गायब नंबरों पर किसी प्रतिभाशाली खिलाड़ी का नाम अंकित ना हो ? हो सकता है कि ये भी मानवीय भूल हो लेकिन अगल टाइप करनेवाले ने गलती की थी तो क्राॅस चेक किसने किया था ? या बिना क्राॅस चेक किए हुए चेन्नई में तैयार लिस्ट रांची में जारी कर दी गई। 

मात्र 80-85 अच्छे बच्चे ही मिले : डाॅ श्रीधरण

6, 7 व 8 अप्रैल को टाॅप 3000 बच्चों का रिएक्शन टेस्ट, स्टैंडिंग वर्टिकल जंप, ग्रीप, बैलेंस, हैंड-आई को-आॅर्डिनेशन और वर्चुअल आई टेस्ट करने वाले डाॅ श्रीधरण ने sportsjharkhand.com से बातचीत में बताया था कि इतने बच्चों में से मात्र 80-85 बच्चे ही ऐसे हैं जो इन टेस्ट के आधार पर खेल के क्षेत्र में उंचाई पर जा सकते हैं इसलिए मैं इतने ही नाम जेएसएसपीएस को सौंपूंगा। श्रीधरण ने 12 मार्च को ही लिस्ट सौंपने की बात भी sportsjharkhand.com को बताई थी। श्रीधरण ने जेएसएसपीएस अकादमी में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे 178 बच्चों में से लगभग आधे बच्चों को मेडिकल जांच में औसत से कम आंका था और कहा था कि उनके लिए विशेष तौर पर प्रशिक्षण की व्यवस्था करनी होगी। श्रीधरण के अनुसार प्रशिक्षण ले रहे बच्चों में से लगभग 4-5 दर्जन बच्चों का अकादमी के 15 खेलों में कोई भविष्य नहीं दिखता ये मैं नहीं मेडिकल साइंस कह रहा है। फिर आखिर किन कारणों से श्रीधरण ने 80-85 बच्चों की लिस्ट को 307 तक पहुंचा दिया। क्या चेन्नई और आस-पास की जगहों पर हुई गुप्त बैठकों में बच्चों की संख्या बढ़ाने का फैसला किया गया ? 


इसे भी पढ़िए

मेधा घोटाले की चपेट में JSSPS का खेल महाकुंभ

http://sportsjharkhand.com/news-show.php?rcode=905


sportsjharkhand.com  पर रविवार को पढ़िए 

खेल महाकुंभ के टैलेंट पर भारी भ्रष्टाचार की चैकड़ी - भाग 2