Sports Jharkhand
पैरवीपुत्रों ने डुबोई U 19 रांची टीम की लुटिया, टीम नॉक आउट दौर से बाहर
sportsjharkhand.com टीम रांची
19:19:38

sportsjharkhand.com टीम

बोकारो/रांची

पैरवीपुत्रों को पास कराने के चक्कर में आखिरकार रांची U 19 टीम की लुटिया डूब ही गयी। गुरुवार को पश्चिम सिंहभूम के खिलाफ लीग मैच में मिली हार के साथ ही रांची के नॉक आउट दौर में खेलने का सपना टूट गया। U 19 एलिट ग्रुप के तीन मैचों में रांची की दूसरी हार है। पहले खेलते हुए रांची ने नील भाष्कर के 58 व पंकज के 38 रन की बदौलत 50 ओवर में 8 विकेट खोकर 198 रन बनाए। जवाब में पश्चिम सिंहभूम ने 48.1 ओवर में 9 विकेट खोकर 201 रन बना नॉक आउट के लिए क्वालीफाई किया। टीम के लिए पीयूष ने 68, शिवम ने 47 और जितेंद्र ने आखिरी वक्त में सूझबूझ भरी नाबाद 35 रन की पारी खेली। रांची की ओर से पंकज, वामिक व राम रोशन ने 2-2 विकेट लिए। शुक्रवार को रांची आखिरी लीग मैच में खूंटी से भिड़ेगी वहीं ग्रुप की अंकतालिका में टॉप पर रहने के लिए पश्चिम सिंहभूम और बोकारो की टीमें आमने-सामने होंगी।

पानी पिलाने के लिए टीम में चुने गए खिलाड़ी

रांची U 19 टीम के चयनकर्ता गौरव सिंह पन्ना ने खिलाड़ियों के चयन के बाद अनौपचारिक बातचीत में अपने करीबी मित्र को बताया था कि टीम में एक खिलाड़ी को तो हमलोगों ने सिर्फ पानी पिलाने के लिए चुना हैं। क्योंकि उस खिलाड़ी को टीम में रखने की पैरवी पूर्व चयनकर्ता व मित्र ने की थी, इसलिये उसी के क्लब के एक योग्य खिलाड़ी को बाहर कर इसे शामिल कर लिया। पहले तीन मैच में इस खिलाड़ी ने अपनी तय ड्यूटी निभाई है। एक पैरवी पुत्र तीनों मैच में प्लेइंग 11 का हिस्सा रहा और अपनी गेंदों से बल्लेबाजों को कम विकेटकीपर को ज्यादा छकाता रहा। बोकारो के खिलाफ 16 बाई रन आखिरी में काफी घातक साबित हुए। एक पैरवी बल्लेबाज ने तीन मैचों में जीतने रन नही बनाये उससे ज्यादा रन क्षेत्ररक्षण में विपक्षी टीम को गिफ्ट में दे डाले। टीम के 15 में से 7 खिलाड़ी पैरवी की बदौलत अपनी जगह बनाने में कामयाब तो हुए लेकिन उन्होंने टीम की लुटिया डूबो दी। sportsjharkhand.com ने इससे जुड़ी खबर बुधवार को ही प्रकाशित की थी।


इसे भी पढ़ें : ओवर एज के खेल में बड़े मियां तो बड़े मियां, छोटे मियां शुभान अल्लाह !

http://www.sportsjharkhand.com/detailpanel.php?rcode=878