Sports Jharkhand
मुख्यमंत्री आमंत्रण फुटबॉल : दोनों वर्गों में रांची चैंपियन
sportsjharkhand.com टीम रांची
13:27:32

sportsjharkhand.com टीम

रांची

मुख्यमंत्री आमंत्रण फुटबॉल प्रतियोगिता में बालक एवं बालिका दोनों वर्गों का खिताब रांची की टीम ने जीत लिया है। रांची कॉलेज मैदान में खेले गए खिताबी मुकाबले में बालक वर्ग में नामकुम प्रखंड के खिजरी पंचायत की टीम ने सरायकेला-खरसावां की टीम 2-0 से हराया।  खिजरी के लिए उज्ज्वल टोप्पो ने 75वें मिनट में और उवलेन सांगा ने 90वें मिनट में गोल कर टीम की जीत सुनिश्चित की। वहीं बालिका वर्ग में कांके पंचायत के हुन्दूर पंचायत की बालिका टीम ने पश्चिम सिंहभूम की टीम को 2-0 से हराया। फाइनल मैच के बाद मुख्यमंत्री रघुवर दास, खेल मंत्री अमर कुमार बाउरी, नगर विकास के मंत्री सी पी सिंह, सांसद रामटहल चौधरी, खेल सचिव राहुल शर्मा ने टीम व खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। विजयी टीम को ट्रॉफी के अलावा 3 लाख रुपये, उपविजेता को ट्रॉफी के अलावा 2 लाख तथा तीसरे स्थान पर रही टीम को ट्रॉफी व एक लाख रुपये का पुरस्कार दिया गया। टॉप पर आई चारों टीमों के सभी खिलाड़ियों को किट दिया गया। सी पी सिंह ने विजयी टीमों को अपनी ओर से 51-51 हज़ार रुपये देने की घोषणा भी की।


11770 टीमों ने लिया भाग

पिछले 50 दिनों तक चली प्रतियोगिता के दौरान लगभग 11770 टीमों के लगभग 2 लाख से ज्यादा खिलाड़ियों ने भाग लिया। विभागीय मंत्री अमर बाउरी व सचिव राहुल शर्मा ने बताया कि टीम व खिलाड़ियों का ये आखिरी आंकड़ा नहीं है। आंकड़ों के संकलन का काम चल रहा है, जल्द ही सार्वजनिक होगा कि 2.13 लाख का विश्व रिकॉर्ड हम तोड़ पाए हैं या नहीं।


जल्द खुलेगा फुटबॉल का सेंटर फॉर एक्सीलेन्स

इस प्रतियोगिता के दौरान खेल निदेशालय की पहल पर इस प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभाशाली फुटबॉलरों का चयन किया गया है। जिनके प्रशिक्षण के लिए जल्द ही फुटबॉल का सेंटर फॉर एक्सीलेन्स खोला जाएगा।


एशियाई पदक विजेताओं का सम्मान

एशियाई खेलों में रजत पदक विजेता मधुमिता कुमारी व निक्की प्रधान के अलावा अंतरराष्ट्रीय तीरंदाज जयंत तालुकदार व युथ ओलंपिक में रजत विजेता हॉकी टीम की कप्तान सलीमा टेटे को डमी चेक देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा युवा तीरंदाज दीपक सवैया, पंकज सिंह, विक्रांत व अमित को विभाग की ओर से कीट प्रदान किया गया।



अगले साल से मुख्यमंत्री आमंत्रण फुटबॉल प्रतियोगिता में भाग लेनेवाले सभी खिलाड़ियों को सरकार किट देगी।

रघुवर दास, मुख्यमंत्री