Sports Jharkhand
दो मैच बाद कप्तानों की छुट्टी, रणजी में चार और अंडर 23 में पांच नए चेहरे
sportsjharkhand.com टीम रांची
18:18:59

sportsjharkhand.com टीम

रांची

मात्र दो मैच बाद ही झारखंड रणजी टीम के कप्तान पद से वरूण एराॅन और अंडर-23 टीम के कप्तान विल्फ्रेड बेंग की छुट्टी कर दी गयी है। वरूण एराॅन को रणजी टीम में तो जगह दी गयी है लेकिन अंडर-23 टीम के कप्तान को टीम से बाहर का रास्ता भी दिखा दिया गया है। यही नहीं 27 सितंबर को घोषित रणजी टीम के तीन खिलाड़ियों बाबुल कुमार, समर कादरी और अजय यादव को बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है। इनकी जगह चार खिलाड़ियों सोनू कुमार सिंह, विकास कुमार, शशीम राठौर और कुमार देवव्रत को टीम में जगह दी गयी है। समर कादरी और अजय यादव को एक-एक मैच में खराब प्रदर्शन करने के कारण बाहर का रास्ता दिखाया गया है। वहीं अंडर-23 टीम से चार खिलाड़ी कप्तान विल्फेड बेंग, अमित पाॅल, विनायक विक्रम और रोनित सिंह को बाहर का रास्ता दिखाया गया है और उनकी जगह पांच खिलाड़ियों बी जेना, विवेक कुमार, प्रत्युष सिंह, संदीप सिंह और संतोष यादव को टीम में शामिल किया गया है। रणजी टीम की घोषणा अगले दो मैचों (हरियाणा के खिलाफ रांची में 24 से 27 अक्टूबर और 1 से 4 नवंबर तक सौराष्ट्र के खिलाफ राजकोट) के लिए की गयी है जबकि अंडर 23 टीम की घोषणा सिर्फ एक मैच के लिए की गयी है।  

15 की जगह 16 सदस्यीय टीम, शशीम राठौर का खेलना तय

27 सितंबर से अलग इस बार 15 की जगह 16 सदस्यीय टीम की घोषणा की गयी है। ओपनर बाबुल कुमार की विदाई के बाद ये तय हो गया है कि अनुशासनहीनता के लिए कुख्यात शशीम राठौर हरियाणा के खिलाफ आगामी 24 से 27 अक्टूबर तक रांची के जेएससीए स्टेडियम में होनेवाले मैच में झारखंड टीम में शामिल होंगे। पता हो कि पिछले दो सत्रों से लगातार शशीम राठौर को लेकर कई बार विवाद खड़ा हो गया था। पिछले सत्र में अंडर-23 टीम के कोच ने एक ऐसे ही विवाद के बाद जेएससीए को अलविदा कह दिया था। 

सलेक्शन में सहायक सचिव की चली

पिछले एक दशक से झारखंड टीम में चयन के लिए प्रदर्शन के अलावा सहायक सचिव की पैरवी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती रही है। इस बार भी टीम चयन में जेएससीए के सहायक सचिव पीएन सिंह का दबदबा साफ तौर पर देखने को मिल रहा है। रणजी टीम में जो चार चेहरों की इंट्री हुई है उनमें से दो और अंडर-23 टीम में भी जो पांच नए चेहरों में से दो के चयन में सहायक सचिव की भूमिका महत्वपूर्ण रही है। 

रणजी टीम इस प्रकार है

सौरभ तिवारी (कप्तान), वरुण एरोन, ईशान किशन, इशांक जग्गी, शाहबाज नदीम, आशीष कुमार, नाजिम सिद्दीकी, विराट सिंह, कौशल सिंह, सुमित कुमार, सन्नी गुप्ता, जसकरण सिंह, सोनू कुमार सिंह, विकास कुमार, शशीम राठौर और कुमार देवव्रत।

अंडर 23 टीम 

उत्कर्ष सिंह, अर्णव सिन्हा, कुमार सूरज, रियाज खान, अमन चैधरी, विकास कुमार, शुभम सिंह, मोनू कुमार, प्रतीक रंजन, सुप्रियो चक्रवर्ती, बी जेना, विवेक कुमार, प्रत्युष सिंह, संदीप सिंह और संतोष यादव।