Sports Jharkhand
GPS युक्त हाज़िरी पर JSSPS में महाभारत, मल्हान ने CMD से कहा - बहुत वर्क लोड है, मुझे JSSPS से हटा दिया जाए
sportsjharkhand.com टीम रांची
13:47:15

sportsjharkhand.com टीम 

रांची


झारखंड राज्य खेल प्रोत्साहन सोसायटी (JSSPS)में GPS युक्त सेल्फी तकनीक से हाज़िरी (ATTENDENCE) बनाने को लेकर प्रबंधन और तीन प्रशिक्षकों के बीच तकरार बढ़ती हुई नजर आ रही है। मंगलवार को देर शाम CCL के CMD गोपाल सिंह की मौजूदगी में मेगा स्पोर्टस कॉम्प्लेक्स के एकलव्य छात्रावास में हुई मैराथन बैठक के दौरान सेल्फी हाज़िरी का मुद्दा उठा। चर्चा के दौरान मामला इतना गरमाया कि लोकल मैनेजमेंट कमिटी के प्रशासन का काम देखनेवाले विक्रांत मल्हान ने CMD से आग्रह किया कि उनके (मल्हान) के पास बहुत वर्क लोड है इसलिए JSSPS के काम से उन्हें जल्द मुक्त कर दिया जाए। CCL के CMD ने बैठक के दौरान अपने पत्ते नहीं खोले लेकिन संभावना है कि आनेवाले दिनों में LMC में खलबली मच सकती है। सूत्र बताते हैं कि बैठक में सभी प्रशिक्षकों से CMD ने बात की लेकिन कुछ प्रशिक्षकों पर उन्होंने कुछ ज्यादा ही प्यार लुटाया। CMD ने बॉयज हॉस्टल के खान-पान की व्यवस्था का भी जायजा लिया और जरूरी दिशा निर्देश भी दिए।

क्या है GPS युक्त सेल्फी हाज़िरी


बगैर छुट्टी गायब रहने की दर्ज़नों शिकायत मिलने के बाद LMC ने पहली दिसंबर से सभी प्रशिक्षकों के लिए GPS युक्त सेल्फी हाज़िरी व्यवस्था अनिवार्य कर दी। अनिवार्य करने से पहले प्रशिक्षकों के साथ हुई बैठक में LMC के CEO ने साफ कर दिया था कि बगैर सेल्फी हाज़िरी के अनुपस्थिति मानी जायेगी। सुबह प्रशिक्षण से पहले खिलाड़ियों के साथ, प्रशिक्षण समाप्ति के बाद और शाम में भी प्रशिक्षण शुरू होने से पहले और समाप्ति के बाद सेल्फी अनिवार्य किया गया था। लेकिन 3 कोच इसका विरोध कर रहे हैं। 


कैसे काम करती है GPS युक्त सेल्फी हाज़िरी

GPS युक्त सेल्फी हाज़िरी के लिए  एक एप्प का निर्माण कराया गया है, जिसमें सभी प्रशिक्षकों का एक पेज बनाया गया है। पेज की लिंक प्रशिक्षकों को भेजी गई और नाम, पता, पद, जन्म तिथि, आदि मूलभूत जानकारियां मांगी गईं। जानकारी डालते ही प्रशिक्षक के स्मार्ट फोन पर एप्प का शॉर्टकट इंस्टॉल हो जाता है। जैसे ही आप सेल्फी डालते हैं आपने कब तस्वीर ली और तस्वीर डालते वक्त आप कहाँ थे इससे जुड़ी जानकारी भी JSSPS के पास दर्ज हो जाती। कामचोरी की शिकायत के बाद इस तरह की व्यवस्था से पारदर्शिता आने की संभावना थी। नवंबर तक उपस्थिति पंजिका पर हस्ताक्षर करने की व्यवस्था थी, जिसमें प्रशिक्षक सुविधा के अनुसार हस्ताक्षर करते थे। कभी-कभी एडवांस में भी हाज़िरी बन जाती थी।


तीन कोच को ही दिक्कत क्यों ?

GPS युक्त सेल्फी हाज़िरी से सिर्फ तीन प्रशिक्षकों को ही दिक्कत क्यों है ? कौन है ये तीन प्रशिक्षक ? जवाब ये है

एक प्रशिक्षक के परिजन कोलकाता में रहते हैं। आलोक कुमार (बर्खास्त पूर्व LMC के CEO) के आशिर्वाद से प्रशिक्षक शुक्रवार को हटिया-हावड़ा ट्रेन से दोपहर या रात को अपने घर कोलकाता और सोमवार की सुबह 9-10 बजे तक हावड़ा-हटिया से वापस। शनिवार की सुबह और सोमवार की सुबह का प्रशिक्षण भगवान भरोसे। एक दूसरे प्रशिक्षक का पैतृक घर इलाहाबाद के आसपास में और कुछ परिजन गोवा-मुम्बई में। इलाहाबाद जाना हो तो शुक्रवार की शाम गरीब रथ से कानपुर और गोवा जाना हो तो फ्लाइट से मुम्बई। तीसरे प्रशिक्षक प्रशिक्षण छोड़ हर काम में निपुण हैं, इसलिये दिल्ली, कोलकाता और अन्य शहरों में आना जाना लगा रहता है। छुट्टी एक दिन की लेकिन 4 दिन के बात लौटने पर हाज़िरी बनाने की पूरी छूट। GPS युक्त हाज़िरी बनने पर तीनों की स्वछंदता पर कितना आघात पड़ रहा है आप समझ सकते हैं ? (रजिस्टर पर दर्ज हाज़िरी, आने-जाने के टिकट समेत समस्त दस्तावेज़ sportsjharkhand.com के पास मौजूद)


खान-पान का निरीक्षण किया लेकिन खुजली से प्रभावित बच्चों का दर्द नहीं जाना CMD ने

मंगलवार की रात बॉयज हॉस्टल के मेस का तो CMD ने दौरा किया लेकिन पिछले 6 माह से खुजली व अन्य चर्मरोगों से परेशान बच्चों से नहीं मिले। 10 दिन पहले जांच शिविर में 64 बच्चे विभिन्न चर्म रोगों से पीड़ित मिले थे। sportsjharkhand.com को पुख्ता जानकारी मिली है कि चर्म रोग से पीड़ित बच्चों को दवाईयां तक नहीं मिल रही हैं। ऐसे में प्राथमिकताएं समझी जा सकती है।