Sports Jharkhand
अध्यक्ष-सचिव अयोग्य, फिर भी JSCA के अकाउंट से निकल गए 1.14 करोड़ रुपये
sportsjharkhand.com टीम रांची
20:14:11

Exclusive

sportsjharkhand.com टीम

रांची

2 और 3 जनवरी को सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद JSCA अध्यक्ष अमिताभ चौधरी और सचिव राजेश वर्मा अयोग्य और पदमुक्त हो चुके हैं, लेकिन इन दोनों में से किसी एक या दोनों (देखें बॉक्स) के हस्ताक्षर से ज़ारी चेक से धड़ल्ले से JSCA के पैसे निकाले जा रहे हैं। 3 जनवरी के बाद JSCA के जमशेदपुर स्थित दो अकाउंट से 1 करोड़ 14 लाख 1210 रुपये निकाले जा चुके हैं। JSCA के बैंक ऑफ़ इंडिया, सर्किट हाउस, जमशेदपुर शाखा से 1 करोड़ 13 लाख 51 हज़ार 210 रुपये निकाले जाने के प्रमाण sportsjhakhand.com के पास मौजूद हैं। जबकि एक अन्य खाते स्टेट बैंक ऑफ़ इंडिया की बिस्टुपुर, जमशेदपुर शाखा से 50 हज़ार रुपये निकाले गए हैं। JSCA के इन दोनों अकाउंट से चेक और RTGS/Online द्वारा अध्यक्ष और सचिव के पदमुक्त हो जाने के बाद धड़ल्ले से हो रही इतनी बड़ी लेन-देन किसके इशारे पर हो रही है, ये जाँच का विषय है ? वैसे ये सबको पता है कि JSCA में किस एक शख्स के इशारे पर ही सबकुछ होता है।

sportsjharkhand.com को मिली जानकारी के अनुसार बैंक ऑफ़ इंडिया की सर्किट हाउस शाखा के अकाउंट नंबर 45************3 से 12 चेक और 5 RTGS/Online के ज़रिये 5 जनवरी से 18 जनवरी के बीच 1 करोड़ 13 लाख 51 हज़ार 210 रुपये निकाले गए हैं। वहीँ SBI की बिस्टुपुर शाखा से 9 जनवरी 2017 को चेक संख्या 21458 द्वारा 50 हज़ार रुपये निकाले गए हैं। JSCA के एक कर्मचारी देवरंजन घोष ने चेक से ये पैसे नकद के रूप में निकाले हैं। वहीँ SBI के अकॉउंट संख्या 30*******45 से 9 जनवरी को चेक संख्या 21458 से 50 हज़ार रुपये नकद निकाले गए रविरंजन घोष द्वारा।

7 जनवरी को JSCA के अकाउंट में 5.16 करोड़ रुपये आये

BOI की सर्किट हाउस शाखा में इतनी बड़ी लेन-देन के लिए ज़रूरी पैसे नहीं थे। इसलिए अकॉउंट संख्या 45***********26 से 7 जनवरी 2017 को 5 करोड़ 15 लाख 90 हज़ार, 981 रुपये भेजे गए। 7 जनवरी को अकॉउंट में पैसा आने के बाद 13 जनवरी को चेक संख्या 6787 द्वारा 1 करोड़ और 17 जनवरी को 6793 द्वारा 2.84 लाख रुपये निकाले गए। इसके अलावा भी चेक संख्या 6788, 6792, 6809, 6812, 6814 और 6822 द्वारा भी 17 और 18 जनवरी को पैसे निकाले गए।

22 चेक अभी भी हैं बाज़ार में

JSCA ने जो चेक ज़ारी किये हैं उनके नंबरों पर ध्यान दें तो यह साफ़ हो जाता है कि बाज़ार में अभी भी 22 चेक ऐसे हैं जो भंजाये जाने शेष हैं। sportsjharkhand.com के पास मौजूद दस्तावेज़ ये बता रहे हैं कि JSCA ने इस दौरान चेक संख्या 6770 से लेकर 6822 तक 53 चेक ज़ारी किये हैं। इनमें से 31 चेक से निकासी हो चुकी है जबकि 22 से निकासी होनी शेष है। इन चेकों में कितनी रकम भरी गयी है और किन्हें ददी गयी है ये देखना रोचक होगा।

अध्यक्ष, सचिव और कोषाध्यक्ष में से कोई दो ज़ारी करता है चेक

JSCA के नियमों के तहत अध्यक्ष, सचिव और कोषाध्यक्ष में से किन्ही दो के हस्ताक्षर से ही चेक ज़ारी हो सकता है। ऐसे में 3 जनवरी के बाद भंजाये गए चेक कई तरह के सवालों को जन्म दे रहे हैं। JSCA के पदाधिकारी ये तर्क दे सकते हैं कि चेक 3 जनवरी से पहले ज़ारी किये गए थे, अगर ऐसा है तो बकायेदार चेक को इतने दिनों तक भंजा क्यों नहीं रहे थे ? कुछ सवाल तो हैं, जिनका जवाब मिलना चाहिए

1. 3 जनवरी से पहले JSCA ने कितने बकायेदारों को चेक दिए ?

2. किन लोगों के नामों पर ऐसे कितने चेक काटे गए ?

3. कहीं ये चेक ब्लेंक या बेयरर तो नहीं ?

4. अगर पैसे बकायेदारों को दिए गए/जाने थे, तो सीधे उन्हें ही अकाउंट पेई चेक क्यों नहीं ज़ारी किये गए ?

5. चेक अगर पहले जारी किये गए तो 3 जनवरी के बाद निकासी के पीछे की सच्चाई क्या है ?

6. JSCA ने अपने ही कर्मचारियों को इस तरह के चेक क्यों ज़ारी किये ?

7. अपने ही कर्मचारियों को ऐसे कितने चेक ज़ारी किये हैं ?

8. बाकी बचे 22 चेक किसे ज़ारी किये गए हैं ?