sportsjharkhand.com टीम रांची रांची
झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (JSCA) पूरे आठ साल बाद एचईसी, रांची स्थित इंटरनेशनल स्टेडियम के नवरत्नों के श्रृंगार में पूरे तन-मन-धन से जुटा है। पिछले एक पखवाड़े से इन नवरत्नों यानि मुख्य स्टेडियम के पिच स्क्वायर स्थित नौ क्रिकेटिंग पिच के श्रृंगार में 30 से ज्यादा मजदूरों के साथ JSCA के मुख्य पिच क्यूरेटर एसबी सिंह भी जुटे हैं। पिछले आठ सालों के दौरान इन पिचों पर दर्जनों अंतरराष्ट्रीय-राष्ट्रीय व स्थानीय मैच खेले गए और इस दौरान पिच में आई छोटी-मोटी खराबियों की प्वाइंट दर प्वाइंट ड्रेसिंग तो की गयी थी लेकिन पहली बार पूरे पिच स्क्वायर स्थित सभी पिचों की टाॅप ड्रेसिंग की जा रही है। 6 पिचों पर टाॅप ड्रेसिंग का पहला फेज पूरा हो गया है। तीन पिचों पर आनेवाले एक पखवाड़े के अंदर काम पूरा हो जाएगा। पिचों के श्रृंगार के लिए रांची मुख्यालय से 12 किलोमीटर दूर रातू के पुरियो गांव से विशेष तौर पर काली मिट्टी मंगायी जा रही है।
क्या है पिच की टाॅप ड्रेसिंग ?
पिच की टाॅप ड्रेसिंग पिच को पुनर्जीवित करने की शल्य प्रक्रिया है। जिसमें मिट्टी को 5-6 मिलीमीटर के टुकड़ों में काटकर (देखें तस्वीर) पिच पर उगे घासों के उपर इस तरह लगाया जाता है कि घास को कोई नुकसान ना हो (देखें तस्वीर)। मिट्टी के टुकड़े लगाए जाने के बाद रोजाना पानी डाला जाता है। एक सप्ताह के अंदर घास नई बिछाई गयी मिट्टी को अपने आंचल में समेटते हुए उपर आ जाती है। जब पूरी तरह घास उग आती है तब ये प्रक्रिया दोहराई जाती है।
सेंटर पिच से 25 मिमी/पिच नीचे होती जाती हैं पिचें
पिच स्क्वायर में नौ पिचे होती हैं इसमें मुख्य पिच के अगल-बगल में चार-चार पिचे होती हैं। मुख्य पिच से उसके अगल-बगल वाली पिचें क्रमश: 25 मिलीमीटर नीचे होती जाती हैं। इसका मतलब ये हुआ कि मुख्य पिच के दोनों ओर की आखिरी पिचें (पहली और नौवीं) मुख्य पिच से 100 मिलीमीटर या 10 सेंटीमीटर नीचे होती हैं। यही कारण है कि पिच स्क्वायर समेत पिच के अगल-बगल के 30 यार्ड का एरिया मैदान के अन्य एरिया से थोड़ा उंचा लगता है।
चार फेज में होनी है टाॅप ड्रेसिंग
JSCA मुख्य स्टेडियम की पिचों पर टाॅप ड्रेसिंग का शुरू हो चुका है। एक फेज की ड्रेसिंग पूरा होने में कम से कम 25 दिनों का वक्त लगता है। इस तरह की प्रक्रिया चार बार अपनाई जानी है और टाॅप ड्रेसिंग के दौरान रोलर का प्रयोग नहीं किया जाता है। जब ड्रेसिंग के सारे फेज पूरे हो जाते हैं उसके एक पखवाड़े के बाद रोलिंग का काम शुरू किया जाता है।
क्यों पड़ी ड्रेसिंग की जरूरत ?
पिछले आठ सालों के दौरान मौजूद इन पिचों पर दर्जनों मुकाबले खेले गए हैं। मैचों के दौरान हेवी रोलर चलने और समयानुसार पिच स्वायर में छोटी-मोटी ड्रेसिंग तो हुई लेकिन कभी भी पूरे नौ पिचों की पूर्णतः टाॅप ड्रेसिंग नहीं हुई। हेवी रोलर के लगातार प्रयोग से पिच स्क्वायर पूर्व कि तुलना में थोड़ा नीचा हो गया था। इसलिए टाॅप ड्रेसिंग की जरूरत पड़ रही है।
आठ काली व एक पीली पिच है मुख्य स्टेडियम में
मुख्य स्टेडियम में नौ पिचों में से आठ काली मिट्टी से बनी पिच हैं जबकि एक पिच पीली मिट्टी से बनी है। पीली पिच का निर्माण कैप्टन कूल महेन्द्र सिंह धौनी के दिमाग की उपज है जो लगभग दो साल पहले बनाई गयी थी। पीली पिच के लिए सीठियो से मिट्टी मंगाई गयी थी। पीली पिच के टाॅप ड्रेसिंग का पहला फेज ख्त्म हो गया है और इस बार भी सीठियो से ही मिट्टी मंगाई गई है।
ये प्रमाणित है कि JSCA मुख्य स्टेडियम की सभी पिचें ONE OF A KIND है, और इसे ONE OF A KIND बनाने के लिए समय-समय पर पिच की जरूरतों को समझना पड़ता है। इसी जरूरत की पूर्ति के लिए टाॅप ड्रेसिंग की प्रक्रिया अपनाई जा रही है।
एसबी सिंह, पिच क्यूरेटर, BCCI
कल पढ़िए
किक्रेट पिच के लिए क्यों खास है रातू-पुरियो की काली मिट्टी ?
JSSPS में कैडेट्स का प्रशिक्षण शुरू, सोमवार को 35 कैडेट्स पहुंचे
10 माह बाद ट्रैक पर लौटे एथलिट, U 14 में JSSPS का जलवा बरकार
राज्य में खेल गतिविधियां शुरू कराने की मांग करेगा झारखंड वॉलीबॉल संघ
पियरे डी कौबेर्टिन आफ इंडिया की वार्षिक आम बैठक 30-31 जनवरी को
रांची जिला तीरंदाज़ी संघ के सहयोग से रांची प्रेस क्लब में आर्चरी सेंटर की शुरुआत