Sports Jharkhand
होटवार स्पोट्र्स काम्प्लेक्स में आंधी-बारिश के कारण एक और स्टेडियम की छत जमिंदोज
sportsjharkhand.com टीम रांची
13:02:22
sportsjharkhand.com टीम
रांची

मेगा स्पोट्र्स काॅम्प्लेक्स, होटवार के स्टेडियमों की छतों के उड़ने का सिलसिला लगातार जारी है। सोमवार की शाम आयी आंधी-बारिश ने नवनिर्मित हिल एंड सैंड स्टेडियम की छत को जमिंदोज कर दिया। हवाओं के झोंको ने लगभग एक-तिहाई छत को उड़ाकर 50-60 मीटर दूर उड़ा फेंका। स्टेडियम परिसर में लगाई गई कई खिलाड़ियों की होर्डिंग्स भी आंधी-तूफान की भेंट चढ़ गई। हिल ट्रैक पर भी लगभग दो इंच पानी जम गया है जिससे अभ्यास करने वाले खिलाड़ियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। लगभग चार माह पहले भी स्टेडियम का नेम प्लेट और अन्य सामान उड़ गए थे जिन्हें कोलकाता से आए तकनीकी मजदूरों ने सुधारा था।

दो इंडोर स्टेडियम व प्रशासनिक भवन को मरम्मति का इंतजार
स्पोट्र्स काॅम्प्लेक्स में पिछले तीन महीनों में टाना भगत इंडोर स्टेडियम, गणपतराय इंडोर स्टेडियम और मुख्य द्वार पर स्थित प्रशासनिक भवन की छत का बड़ा हिस्सा उड़ गया था, जो अभी तक रिपेयरिंग नहीं हो पाया था। इसी बीच रविवार की दोपहर आए आंधी-बारिश में प्रशासनिक भवन के उतरी हिस्से की छत का एक बड़ा भाग भी उड़ गया।


इसे भी पढ़े
स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में हवा के थपेड़ों से उड़ रही स्टेडियम की छत, कागजों से परे जमीन पर मेंटेनेन्स की दरकार
http://sportsjharkhand.com/detailpanel.php?rcode=947


कर्ता-धर्ताओं के कानों पर नहीं रेंग रही जूं

पिछले तीन माह में अधिकारियों के लाख चहेटने के बावजूद लोकल मैनेजमेंट कमिटी द्वारा अभी तक स्टेडियमों की छतों की मरम्मति नहीं हो पाई है। लगभग 16 करोड़ रुपये प्रतिवर्ष की दर से स्पोट्र्स काॅम्प्लेक्स का हो रहे मेंटेनेंस का स्याह पक्ष यही है कि काम कर रहे लोगों की चमड़ी मोटी हो गई है। निर्देशों के चाबुकों का असर मोटी चमड़ी पर होता हुआ नहीं दिख रहा है।