Sports Jharkhand
सीनेयुुग को 10 में 14 नंबर देकर शिवेन्द्र दुबे ने 2009 में ही जता दी थी अपनी विशिष्ट योग्यता
sportsjharkhand.com टीम रांची
20:26:40

राष्ट्रीय खेल घोटाले की ऐसी सच्चाई, जो 9 वर्षों में एसीबी भी नहीं ढूंढ पाई - 6


sportsjharkhand.com टीम

रांची


एक पखवाड़े पहले अमेरिका के एक यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर ने झारखंड कैडर के वरीय आइएएस अधिकारी मनीष रंजन को 100 में 107 अंक दे डाले। समाचार पत्रों और सोशल साइट्स पर यह काफी चर्चा का विषय रहा लेकिन क्या आप जानते हैं कि झारखंड में भी कुछ ऐसे गुणवान लोग बैठे हैं जो कुल अंक 10 में 14 नंबर दे देते हैं ! मतलब 100 अंक की परीक्षा में 140 अंक ! वो भी 2009 में ही, अमेरिकी प्रोफेसर साहब से 10 साल पहले । इतने बड़े फासले से अमेरिकी प्रोफेसर को एक दशक पहले ही पानी पिलानेवाले गुणवान झारखंडी से आपकी मुलाकात आज हम कराने जा रहे हैं। 

दरअसल ये पूरा मामला 34वें राष्ट्रीय खेल घोटाले से जुड़ा है, जिसकी जांच जारी है। सितंबर 2009 में ओपनिंग व क्लोजिंग सेरेमनी के लिए इवेंट मैनेजमेंट का टेंडर निकाला गया। टेंडर में कंपनी के टेक्निकल क्वालीफिकेशन के लिए 20 अंक, फिनांसियल क्वालीफिकेशन के लिए 30 अंक व प्रजेंटेशन के लिए 50 अंक का प्रावधान किया था। प्रजेंटेशन के अंक देने के लिए तीन मुख्य आधार बनाए गए थे। काॅन्सेप्ट पर 20, आर्टिस्ट पर 20 और क्रियेटिविटी पर 10 अंक। इसी 100 अंक के आधार पर टेंडर का फैसला होना था (देखें तस्वीर 1)। टेंडर कमिटी ने सिनेयुग को 82.89 अंक दिए और कार्विंग ड्रिम्स को 81 अंक मिले, इसी महीन अंतर के आधार पर सिनेयुग को काम देने का निर्णय लिया गया। लेकिन दस्तावेजों के अध्ययन से पता चलता है कि टेंडर कमिटी के एक सदस्य शिवेन्द्र दुबे (जो वर्तमान में झारखंड ओलंपिक संघ (जेओए) के कोषाध्यक्ष हैं) ने क्रियेटिविटी के 10 अंकों में कार्विंग ड्रिम्स को 12 और सीनेयुग को 14 नंबर दे डाले ! शिवेन्द्र दुबे द्वारा टेंडर कमिटी के चैथे सदस्य के रूप में उनके द्वारा हस्ताक्षरित/लिखित दस्तावेज स्पोट्र्सझारखंड के पास उपलब्ध हैं (देखें तस्वीर 2)।

पता हो कि अपनी इसी विशिष्ट योग्यता के कारण शिवेन्द्र दुबे जांच अधिकारियों के रडार पर आ गए हैं। तीन दिनों तक जांच अधिकारी ने उनसे गहन पूछताछ की। आगे कुआं पीछे खाई को देखते हुए जांच एजेंसियों की नजरों से बचने के लिए गुणवान शिवेन्द्र दुबे ने एक दिन पहले ही सत्ताधारी दल का दामन थाम लिया है। उनके साथ विद्यार्थियों को प्रोफेसर, आर्किटेक्ट, ड्रेस डिजाइनर बनाने जैसे दिवास्वप्न दिखाकर भोलेभाले विद्यार्थियों को ठगनेवाले एक ठग ने भी बीजेपी का दामन थामा है (इनके कुकर्मों की कहानी किसी और मंच पर क्योंकि ये खेल से जुड़ा मंच है)।