Sports Jharkhand
पिछले साल खेल महाकुंभ की गलतियों से सीखने की बजाय JSSPS ने इस वर्ष रखा 5 लाख बच्चों तक पहुंचने का लक्ष्य
sportsjharkhand.com टीम रांची
11:26:36

sportsjharkhand.com टीम 

रांची

खुद की गलतियों से सीखने की प्रवृति जब समाप्त हो जाए तो गलतियां दोहराई जाने की संभावनाएं प्रबल होती हैं। खेल व खिलाड़ियों की विधा की बात करें तो झारखंड राज्य खेल प्रोमोशन सोसायटी (JSSPS) इसके प्रत्यक्ष उदाहरण के तौर पर खुद को प्रोजेक्ट करने में जुटा है। पिछले साल 80 लाख रुपये से ज्यादा की रकम खर्च कर चयन प्रक्रिया के नाम पर कागजों पर 1.89 लाख बच्चों तक पहुंचने के फर्जी आंकड़ों के बाद तीन बाहरी बच्चों के नामांकन व sportsjharkhand.com की खबरों पर उन बच्चों के निष्कासन के बावजूद 2019-20 सत्र के लिए 5 लाख बच्चों तक पहुंचने का लक्ष्य तय किया गया है। 5555 को जानकारी मिली है कि इस वर्ष लगभग 1 करोड़ रुपये से ज्यादा खर्च कर स्कूलों के माध्यम से 5 लाख बच्चों तक पहुंचने का लक्ष्य प्राप्त करने की रणनीति बनाई जा चुकी है। राज्य सरकार के लगभग 55 हजार प्राथमिक व मध्य विद्यालयों के माध्यम से इस लक्ष्य को कागजों पर प्राप्त करने की माॅडस आपरेंडी पर काम शुरू हो चुका है। राज्य सरकार व सीसीएल की संयुक्त इकाई JSSPS ने 2016-17 के दौरान लगभग 25 हजार बच्चों के बीच से 100 बच्चों का चयन किया था जबकि पिछले वर्ष 1.89 लाख बच्चों के बीच से 170 बच्चों का चयन किया गया। इन बच्चों के चयन के दौरान कई तरह की अनियमितता की शिकायत की गयी लेकिन उसपर किसी भी मंच पर उचित कार्रवाई नहीं हुई। राज्य सरकार और सीसीएल के कुछ अधिकारी एक-दूसरे को निपटाने में ही व्यस्त रहे और खेल महाकुंभ आर्थिक-नैतिक भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गया। पिछले साल की गलतियों पर sportsjharkhand.com की खबरों पर संज्ञान लेते हुए लोकल मैनेजमेंट कमिटी के सीईओ को हटाया जा चुका है लेकिन उनके खिलाफ कोई कार्रवाई न कर गलती करनेवालों को परोक्ष-अपरोक्ष रुप से समर्थन दिए जाने का अदृश्य संकेत तो दिया ही जा रहा है। जो JSSPS के स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है। 


45 बच्चों को अकादमी के प्रशिक्षकों ने अयोग्य करार दिया

पिछले साल कागजों पर 1.89 लाख बच्चों तक पहुंचने के बड़े-बड़े दावों के बाद 170 बच्चों का चयन किया गया था। इन 170 बच्चों में तीन फर्जी बच्चों का नामांकन व निष्कासन हो चुका है। यही नहीं इनमें से लगभग 45 बच्चे ऐसे हैं जिन्हें JSSPS खेल आकदमी के प्रशिक्षकों ने खारिज कर दिया है। पिछले सात माह से ये बच्चे JSSPS की किसी भी अकादमी का हिस्सा नहीं हैं और रोजाना वर्जीश करने के बाद JSSPS के सरकारी ढाबे के मेहमान के तौर पर रह रहेे हैं। पिछले साल लाखों रुपये बहाकर जो ट्रायल हुआ था तो दावा किया गया था कि शारीरिक, स्वास्थ्य व मानसिक स्थिति के अनुसार बच्चों को खेल अकादमी में भेजा जाएगा। अब 45 बच्चों को कोई भी कोच लेने को तैयार नहीं है। एक बच्चे पर औसतन खाने में प्रतिमाह 8500 रुपया, पढ़ाई पर 2000 रुपया और छात्रवृति पर 500 रुपये का खर्च हो रहा है। इस लिहाज से पिछले सात माह में लगभग 35 लाख रुपये खर्च हो चुके हैं। मानव संसाधन पर होनेवाले खर्च को जोड़ा जाए तो ये आंकड़ा 50 लाख रुपये तक जाएगा। इसका जिम्मेवार कौन है ? और उसपर कौन कार्रवाई करेगा ? 1.89 लाख बच्चों में से 170 सर्वश्रेष्ठ बच्चों में से 45 बच्चे अकादमी में प्रशिक्षण योग्य नहीं हैं तो 5 लाख के आंकड़ों में उलझकर और अयोग्य बच्चे अकादमी का रुख करेंगे और JSSPS सफेद हाथी बनकर रह जाएगा। 


JSSPS अकादमी के लिए 2017-18 में चयनित एक बच्चे का खर्च 47 हजार रुपये 

आपको जानकार आश्चर्य होगा कि 2017-18 के लिए खेल महाकुंभ के जरिए 170 बच्चों को चयन हुआ। इन 170 बच्चों के चयन पर लगभग 80 लाख से ज्यादा रुपये खर्च किए गए थे। अगर खर्च को 80 लाख रुपया ही माना जाए तो एक बच्चे के चयन पर 47 हजार 59 रुपये खर्च हुए। इन 170 बच्चों में तीन बच्चे बाहर कर दिए गए और 45 बच्चों को कोई भी प्रशिक्षक अपनी अकादमी में रखने को तैयार नहीं है। इसका अर्थ हुआ कि 48 बच्चों पर खर्च की गयी रकम बेकार चली गयी या बेकार होती हुई दिखाई दे रही है। 48 बच्चों के हिसाब से ये रकम 22.59 लाख रुपये होती है। आम जनता के 22.59 लाख रुपये डुबाने के जिम्मेवार लोगों पर अब तक क्या कार्रवाई हुई है ? कुछ भी नहीं ? अगर कार्रवाई नहीं हुई तो सच मानिए कुछ साल बाद खेल महाकुंभ का लक्ष्य झारखंड के 5 करोड़ बच्चों तक पहुंचने का होगा, भले ही झारखंड की कुल जनसंख्या 5 करोड़ से कम ही हो !                                                                                              ़ 

CSR के प्रजेंटेशन में नंबर बढ़े इसलिए रखा 5 लाख का लक्ष्य

राज्य सरकार व सीसीएल के CSR बजट से चलनेवाली अकादमी में सीसीएल को CSR की बैठकों के दौरान अच्छे प्रजेंटेशन के लिए बड़े नंबरों की जरूरत होती है। सिर्फ और सिर्फ नंबरों की बाजीगरी के लिए JSSPS से जुड़े लोगों की एनर्जी को बर्बाद किया जा रहा है। पता हो कि इन प्रजेंटेशनों में सीसीएल लोगों को ये भी नहीं बताती कि JSSPS झारखंड सरकार व सीसीएल का संयुक्त उपक्रम है। इससे संबंधित खबरें दस्तावेजी सबूतों के साथ sportsjharkhand.com प्रमुखता से छाप चुका है लेकिन JSSPS की मोटी चमड़ी पर इसका असर होता हुआ नहीं दिख रहा है। 

ऐसे पूरा करेंगे 5 लाख का लक्ष्य

5 लाख बच्चों तक पहुंचने का सीधा सा गणित है। राज्य सरकार द्वारा संचालित लगभग 55 हजार प्राथमिक और मध्य विद्यालयों को एक पत्र और फाॅर्मेट भेजकर उनके प्राचार्य/प्रभारी प्राचार्यों से अमुक उम्र के 10 सर्वश्रेष्ठ बच्चों से जुड़ी जानकारी मांगी जाएगी। इसके बाद प्रखंड के स्तर पर सभी स्कूल के टाॅप 10 बच्चों के बीच ट्राॅयल का आयोजन होगा। फिर जिला स्तर पर आयोेजन के बाद रांची में मात्र आखिरी स्तर के ट्राॅयल के लिए 5000 बच्चों को बुलाया जाएगा। इनमें से आखिरी रूप से 250 बच्चों को चयन किया जाएगा। 



नोट: प्रत्येक रविवार को sportsjharkhand.com JSSPS से पूर्व व भविष्य में चलाए जानेवाले खेल महाकुंभ से जुड़े 10 सवाल करेगा और आशा करेगा कि उन सवालों के जवाब JSSPS के कर्णधार जरूर दें।