Sports Jharkhand
खेलो इंडिया : बाधाओं को पार करते हुए झारखंड के एथलिटों ने जीते 3 पदक
sportsjharkhand.com टीम रांची
14:18:00

sportsjharkhand.com टीम

दिल्ली/रांची

खेलो इंडिया स्कूल गेम्स में झारखंड के एथलिटों ने एथलेटिक्स में बाधाओं को पार पाते हुए एक रजत समेत तीन पदक जीते। एथलेटिक्स स्पर्धाओं के आखिरी दिन झारखंड के लिए पहला पदक बालकों के ऊंची कूद स्पर्धा में सूरज कुमार ने दिलाया, सूरज ने 1.90 मीटर के साथ कांस्य पदक जीता। बालिकाओं की बाधा दौड़ में इस साल शानदार प्रदर्शन कर रही प्रतीभा कुमारी ने झारखंड के लिए दूसरा कांस्य पदक 100 मीटर बाधा दौड़ में जीता। उन्होंने 14.54 सेकेंड के साथ पोडियम पर जगह बनाई, हिट्स में प्रतीभा ने 14.80 सेकेंड का समय निकाला था। एथलेटिक्स की आखिरी स्पर्धा बालकों के 110 मीटर बाधा दौड़ में धनबाद के आदित्य प्रकाश ने 14.30 सेकेंड के समय के साथ रजत पदक पर कब्जा जमाया। आदित्य की शुरूआत थोड़ी धीमी थी लेकिन तीसरे हर्डल तक पहुंचते ही उन्होंने रफ्तार पकड़ी और रजत पदक अपने नाम किया। एथलिटों के शानदार प्रदर्शन पर खेल विभाग के तमाम अधिकारियों, कर्मचारियों, प्रशिक्षकों, साई मोरहाबादी के तमाम प्रशिक्षकगण एवं एथलेटिक्स संघ से जुड़े पदाधिकारियों ने एथलिटों व उनके प्रशिक्षकों को बधाई दी है।

अद्भूत संयोग : तीनों पदक बाधाओं को पार कर मिले

शुक्रवार को झारखंड ने एथलेटिक्स में तीन पदक जीते और ये संयोग ही है कि तीनों पदक बाधाओं को पार पाते हुए मिले। दो पदक बाधा दौड़ में मिले जबकि एक पदक ऊंची कूद में मिला। दो पदकों के लिए बाधा दौड़ में एथलिटों ने 10-10 हर्डल की बाधाओं को पार किया जबकि ऊंची कूद में भी बाधा को पार कर कांस्य पदक जीते। 

तीसरे दिन खुला खाता, तीन पदकों के साथ 17वें नंबर पर   

खेलों इंडिया स्कूल गेम्स के तीसरे दिन झारखंड का खाता खुला और दोपहर के सत्र की समाप्ति तक झारखंड एक रजत और दो कांस्य पदकों के साथ 17वें नंबर पर आ गया है। पदक तालिका में 7 स्वर्ण समेत 12 पदकों के साथ कर्नाटक टाॅप पर है। शाम के सत्र में कुश्ती से रेपचेज के जरिए एक पदक की उम्मीद और है। वहीं आनेवाले दिनों में तीरंदाजी और हाॅकी में भी झारखंड की संभावनाएं काफी अच्छी हैं। बालिका हॉकी में हरियाणा के हाथों मिली हार के बाद झारखंड ने शानदार वापसी करते हुए शुक्रवार को 12-0 के भारी अंतर से हराया।