Sports Jharkhand
जेएसएसपीएस प्रशिक्षक नियुक्ति में फिक्सिंग की बू : साक्षात्कार से पहले सफल प्रशिक्षकों की लिस्ट तैयार
sportsjharkhand.com टीम रांची
22:01:28

sportsjharkhand.com टीम

रांची

झारखंड राज्य खेल प्रोत्साहन सोसायटी (जेएसएसपीएस) में सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है, खेल महाकुंभ में टैलेंट पर भारी भ्रष्टाचार का मामला पटाक्षेप होने के बाद प्रशिक्षक नियुक्ति प्रक्रिया से भी फिक्सिंग की बू आनी शुरू हो गयी है। sportsjharkhand.com को पुख्ता जानकारी मिली है कि आधे से ज्यादा पदों पर प्रशिक्षक पहले से ही तय कर लिए गए हैं और 24 अप्रैल से साक्षात्कार की औपचारिकता पूरी किए जाने की तैयारी कर ली गयी है। 24 अप्रैल को 9 खेल विधाओं साइक्लिंग, तैराकी, बैडमिंटन, वेटलिफ्टिंग, टेबल टेनिस, जूडो, मुक्केबाजी, हाॅकी और निशानेबाजी (शूटिंग) का साक्षात्कार होना है। इनमें से कई प्रशिक्षकों व सहायक प्रशिक्षकों के नाम तय कर लिए गए हैं, जिनके नाम फाइनल हो गए हैं उनमें शामिल हैं

हाॅकी में कैप्टन इग्नेश तिर्की (पूर्व भारतीय ओलंपियन), शूटिंग में तारा शाहदेव (राष्ट्रीय स्तर की शूटर), साइक्लिंग में राहुल कुमार, जूडो में अजय कुमार द्विवेदी व सुनील कुमार यादव तथा वेटलिफ्टिंग में गुरविंदर सिंह व श्वेता निशा कुमारी का नाम शामिल हैं। 

दो प्रशिक्षक आवेदन मंगाए जाने केे पहले से ही संपर्क में थे

26 फरवरी को विज्ञापन देकर झारखंड राज्य खेल प्रोत्साहन सोसायटी (जेएसएसपीएस) ने प्रशिक्षकों, सहायक प्रशिक्षकों व अन्य तकनीकी पदो ंके लिए आवेदन आमंत्रित किए थे। लेकिन आवेदन मंगाए जाने से कई माह पहले से उपरोक्त में से दो प्रशिक्षक जेएसएसपीएस के अधिकारियों के संपर्क में थे। इनमें से एक के नियोक्ता ने अभी तक हामी नहीं भरी है और संभव है वे मंगलवार को होनेवाले साक्षात्कार में शामिल भी ना हों लेकिन उनके लिए रास्ता निकाला जा रहा है। 

झारखंड के बाहर के प्रशिक्षकों की होगी बल्ले-बल्ले

भले ही राज्य सरकार तृतीय और चतुर्थ वर्ग के पदों को स्थानीय व झारखंडी लोगों के लिए आरक्षित कर रही हो लेकिन जेएसएसपीएस के कर्णधारों ने तय किया है प्रशिक्षकों की नियुक्ति में झारखंड से बाहर के ज्यादा से ज्यादा लोगों को तरजीह दी जाए। अपवादों की तरह दो-चार पदों पर झारखंड के प्रशिक्षकों को जगह दी जाएगी।

कई विधाओं के लिए नहीं मिले प्रशिक्षक-सहायक प्रशिक्षक

प्रशिक्षकों के कई पदों के लिए आवेदन ही नहीं आए। सिंक्रोनाइज्ड डाइविंग के लिए मुख्य प्रशिक्षक व सहायक प्रशिक्षक, साइक्लिंग के लिए सहायक प्रशिक्षक, हाॅकी के लिए तीन सहायक प्रशिक्षकों के आवेदन मंगाए गए थे लेकिन उससे कम योग्य उम्मीदवारों के आवेदन आए। अभी तक जेएसएसपीएस ने लगभग एक दर्जन बार प्रशिक्षकों के लिए आवेदन मंगाए हैं लेकिन पूरी 15 अकादमियों के लिए अभी तक योग्य प्रशिक्षक नहीं मिल पाए हैं। 


नोट/डिस्क्लेमर : इस खबर के माध्यम से किसी भी तरह से साक्षात्कार को प्रभावित करने की नीयत नहीं रखता है और निष्पक्ष पत्रकारिता के उचित मापदंडों के अनुसार खबर का प्रकाशन कर रहा है।