Sports Jharkhand
पटाखों की दुकान लगाने के नाम पर एक और खेल के मैदान के अस्तित्व पर संकट के बादल
sportsjharkhand.com टीम रांची
12:25:26

sportsjharkhand.com टीम

रांची


रांची का एक और खेल मैदान अधिकारियों के विकास योजनाओं के डर से सहमा हुआ है कि उसका हश्र भी जयपाल सिंह स्टेडियम, मोरहाबादी का मुख्य मैदान व आर्चरी मैदान की तरह न हो जाए। जहां खेल को छोड़ मैदान टाइम्स स्कवायर, पार्क व गंदगी के ढेर में तब्दील हो गए। शनिवार को आदिवासी शोध संस्थान (TRI) के समक्ष स्थित मोरहाबादी के फुटबॉल मैदान में दोपहर कुछ मज़दूर पहुंचे और नापी करने के बाद दुकान नींव काटने लगे। खेल निदेशालय को जब इसकी जानकारी आसपास के लोगों ने दी तब आनन फानन में अधिकारियों का एक दल मैदान में पहुंचा और वस्तुस्थिति की जानकारी ली। पता चला कि दिवाली से पहले पटाखा दुकानों को यहां पर शिफ्ट करने का आदेश ज़िला प्रशासन से हुआ है, लेकिन इस संदर्भ में मज़दूर आदेश की प्रति उपलब्ध नहीं करा पाए। कुछ स्थानीय लोग भी पहुंचे और उन्होंने जिला प्रशासन के इस फैसले का विरोध भी किया। जिला खेल पदाधिकारी भी पहुंचे और पूरे मामले को संभाला। मामला बढ़ता देख मज़दूर वहां खिसक गए। स्थानीय खेल प्रेमियों ने खेल विभाग के लोगों को पत्र लिखकर मैदान को पटाखा दुकानदारों व सब्जी विक्रेताओं से मुक्त कराने का आग्रह किया है। 


इसी माह मुख्यमंत्री आमंत्रण फुटबॉल मुकाबले होने हैं

मोरहाबादी के फुटबॉल स्टेडियम में चल रहे निर्माण कार्य के कारण इसी मैदान पर मुख्यमंत्री आमंत्रण फुटबॉल प्रतियोगिता के क्षेत्रीय व राज्य स्तर के मुकाबले खेले जाने हैं। पता हो कि इसी मैदान के एक छोर पर सरकार करोड़ों रुपये की लागत से बैडमिंटन का इंडोर स्टेडियम भी बना रही है। ऐसे में अगर यहां पटाखा के दुकान बन जाएंगे तो प्रतियोगिता पर संकट के बादल तो मंडरा ही जाएँगे और खेल का माहौल भी जाता रहेगा।


इस इलाके में अब यही खेल का मैदान बचा है, इसकी रक्षा करनी ही होगी नहीं तो आनेवाली पीढ़ी को क्या जवाब देंगे।

टी सी खलखो

मोरहाबादी क्रीड़ा केंद्र