Sports Jharkhand
भारतीय तीरंदाज़ी संघ के अध्यक्ष पद पर निशाना साधने में जुटे अर्जुन मुंडा
sportsjharkhand.com टीम रांची
17:54:18

sportsjharkhand.com EXCLUSIVE

रांची

सुशील सिंह मंटू

राजनीति के खेल से इतर झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा खेल की राजनीति में धमाकेदार उपस्थिति दर्ज कराने की दहलीज पर खड़े हैं। झारखंड तीरंदाज़ी संघ के मुख्य संरक्षक व सरायकेला-खरसावां अकादमी के संस्थापक अर्जुन मुंडा आगामी 22 दिसंबर को हो रहे भारतीय तीरंदाज़ी संघ के चुनाव में अध्यक्ष पद के उम्मीदवार होंगे। अर्जुन मुंडा भारतीय तीरंदाज़ी संघ के भीष्मपितामह विजय कुमार मल्होत्रा की पहली पसंद बताए जा रहे हैं। कोर्ट के आदेश के बाद हो रहे चुनावों में सभी पदों पर आम सहमति बनाने का प्रयास किया जा रहा है। 10 दिसंबर से शुरू हो रही चुनावी प्रक्रिया से पहले शनिवार व रविवार को दिल्ली में बैठकों का दौर जारी रहा जिसमें अर्जुन मुंडा भी मौजूद रहे। तीरंदाज़ी संघ के उच्च पदस्त सूत्र बताते हैं कि सर्वसम्मति नहीं बनने की स्थिति में भी विजय कुमार मल्होत्रा का आशीर्वाद होने के कारण अर्जुन मुंडा का अध्यक्ष बनना तय माना जा रहा है। शनिवार को अर्जुन मुंडा के रांची स्थित घर पर झारखंड से जुड़े तीरंदाज़ी प्रशासकों व कई मतदाताओं के साथ एक अनौपचारिक बैठक भी हुई। बैठक के बाद अर्जुन मुंडा दिल्ली के लिए रवाना हो गए। पता हो कि सोमवार 10 दिसंबर से चुनावी प्रक्रिया शुरू हो रही है। 12 दिसंबर तक नामांकन होंगे, जबकि 22 दिसंबर को 11 से 2 बजे तक मतदान और 3 बजे से मतगणना होना तय है।

अर्जुन मुंडा जी से इस मुद्दे पर सम्पर्क करने की बार-बार कोशिश की गई लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो पाया। 


83 वोट में झारखंड के 12 वोट काफी अहम

भारतीय तीरंदाज़ी संघ के चुनाव में कुल 83 मतदाता हैं। 30 राज्यों के खेल संघों के 60 वोट के अलावा 23 पूर्व खिलाड़ियों को भी वोट देने का अधिकार दिया गया है (हालांकि अभी खिलाड़ियों को वोट अधिकार दिए जाने को लेकर शह-मात का खेल जारी है). इनमें से झारखंड से जुड़े 10 पूर्व खिलाड़ी व झारखंड तीरंदाज़ी संघ के 2 वोट शामिल हैं। यही 12 वोट पर मजबूत पकड़ होने के कारण अर्जुन मुंडा का नाम अध्यक्ष पद के लिए आगे किया गया है। 

ये हैं झारखंड के 12 वोट 

झारखंड तीरंदाज़ी संघ - 2 वोट

संजीवा सिंह - 1 वोट

पूर्णिमा महतो - 1 वोट

रीना कुमारी - 1 वोट

मांझी सवाईन - 1 वोट

राजेन्द्र गुइयाँ - 1 वोट 

वी परिणीता - 1 वोट

डोला बनर्जी - 1 वोट

बंसारा लीनधर - 1 वोट

चेक्रोवोलु सवूरो - 1 वोट

भाग्यवती चानू - 1 वोट

कुल - 12 वोट

(लिस्ट में दिए गए नाम टाटा आर्चरी अकादमी से जुड़े खिलाड़ी व प्रशिक्षकों की है)


अर्जुन मुंडा द्वारा स्थापित खरसावां अकादमी से दीपिका कुमारी-गोरा हो सरीखे विश्वस्तरीय तीरंदाज निकले

अर्जुन मुंडा का तीर-धनुष से रिश्ता काफी पुराना है। 1995 में पहली बार विधायक भी तीर-धनुष चुनाव चिन्ह पर बने। बाद में मुख्यमंत्री बनने के बाद खरसावां में उन्होंने तीरंदाज़ी की अकादमी खोली। देखते ही देखते अकादमी तीरंदाज़ी की विख्यात नर्सरी बन गयी। डबल ओलंपियन और विश्व विजयी तीरंदाज दीपिका कुमारी और राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित गोरा हो जैसे तीरंदाजों का प्रारंभिक प्रशिक्षण खरसावां में ही हुआ। अभी भी दर्ज़नों राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी अकादमी में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं और अकादमी तीरंदाज़ी के नर्सरी के रूप में अपनी मज़बूत पहचान बना चुकी है।


अर्जुन मुंडा को पूर्व IAS अधिकारी बी वी पप्पा राव से मिल सकती है चुनौती


तीरंदाज़ी संघ की आंतरिक राजनीति पर नज़र रखनेवाले सूत्रों के अनुसार अर्जुन मुंडा को अध्यक्ष पद के लिए पूर्व IAS अधिकारी बी वी पप्पा राव से चुनौती मिलने की संभावना है। राव 1985 से 90 तक तत्कालीन केंद्रीय खेल मंत्री मारग्रेट आल्वा के भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) में ऑफिसर ऑन स्पेशल ड्यूटी (OSD) के पद पर तैनात रहे और अभी वर्तमान में तेलंगाना के CM के सलाहकार के रूप में काम कर रहे हैं। राव एक दो राष्ट्रीय खेल संघों से एडवाइजर के तौर पर भी जुड़े हैं।


© sportsjharkhand.com