Sports Jharkhand
JSCA के कुकर्मों की जांच के लिए विशेष कमिटी बनाये राज्य सरकार : आदित्य वर्मा
sportsjharkhand.com टीम रांची
16:36:02

sportsjharkhand.com टीम

रांची

सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में हो रहे क्रिकेट प्रशासन में सुधारों के सूत्रधार आदित्य वर्मा ने जेएससीए के पूर्व अध्यक्ष अमिताभ चौधरी पर जोरदार हमला बोला है। आदित्य वर्मा ने मांग की है कि पिछले 15 साल के दौरान JSCA व अमिताभ चौधरी के नेतृत्व में किये गए कुकर्मों की विशेष जांच समिति बनाते हुए ससमय जांच की जाए। रांची प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस वार्ता में आदित्य वर्मा ने कहा कि जांच हुई तो अमिताभ और उनकी टीम की जगह होटवार जेल में होगी। सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद कागजों पर तो JSCA के पदाधिकारी बदल गए लेकिन रिमोट कंट्रोल से जेएससीए का संचालन आज भी अमिताभ चौधरी ही कर रहे हैं। जेएससीए में पिछले कई वर्षों से वित्तीय अनियमितता की एक से बढकर एक नई कहानी लिखी जा रही है। इसलिए जांच ज़रूरी है। आदित्य वर्मा के साथ प्रेस वार्ता में सेव झारखंड स्पोर्ट्स के संयोजक सुनील कुमार सिंह के अलावा पूर्व रणजी क्रिकेटर संजीव सिंह व प्रवीण देवघरिया भी उपस्थित थे। 


न्यायालय का रास्ता खुला : आदित्य 

आदित्य वर्मा ने कहा कि अगर राज्य सरकार ने जेएससीए के कुकर्मों की जांच नही हुई तो आनेवाले दिनों में अदालत का रूख अख्तियार करना ही होगा। जेएससीए के पापों का घड़ा भर चुका है जब अदालत के आदेश के बाद बीसीसीआइ अध्यक्ष श्रीनिवासन जमीन पर आ गए तो अमिताभ चौधरी तो उसका प्यादा मात्र है। 


खिलाड़ियों को दो साल से मैच फी नहीं, दूसरे खेल संघों पर मेहरबान 

सेव स्पोर्ट्स झारखंड के सुनील सिंह ने बताया कि जेएससीए पिछले दो सालों से खिलाड़ियों की मैच फी नहीं दे रहा है लेकिन दूसरे खेल संघों को लाखों रुपये की राशि सहयोग के रूप में दी जा रही है। इससे पता चलता है कि जेएससीए की प्राथमिकता क्या है ? रांची छोड़कर अन्य जिलों में क्रिकेट यूपी-बिहार-दिल्ली-हरियाणा के खिलाड़ियों के हाथ गिरवी रखा हुआ है। क्रिकेट कंट्री क्लब का उपयोग जांच की गति को प्रभावित करने के लिये किया जा रहा है।