Sports Jharkhand
जब आपस में ही मचा हो खींचतान, फिर गोल्ड कैसे जीतेगा हिंदुस्तान ?
sportsjharkhand.com टीम रांची
10:55:22

sportsjharkhand.com टीम

रांची

जकार्ता एशियाई खेल समाप्ति की ओर है। 13 स्वर्ण पदकों के साथ भारत पदक तालिका में 8वें पायदान पर बना हुआ है। महिला हॉकी में एक और स्वर्ण की उम्मीद है, इसके बाद भारत 7वें स्थान पर आ जायेगा। खास बात भारतीय खिलाड़ियों ने 21 रजत पदक भी जीते हैं और अगर सिर्फ रजत जीतनेवाले देशों की सूची बने तो इसमें भारत 5वें पायदान पर रहेगा। ऐसा क्या कारण रहा कि भारतीय खिलाड़ियों को स्वर्ण पदक के इतने नजदीक आने के बावजूद भी रजत पदक से ही संतोष करना पड़ा ?

जकार्ता खेलों में खेल प्रबंधकों की आपसी खींचतान का असर साफ तौर पर खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर पड़ा। पाठकों को याद होगा कि कैसे ओलंपिक से पहले इसी खींचतान के कारण पहलवान नरसिंह यादव डोपिंग के जाल में फंस/फंसा दिए गए थे। जकार्ता में भी टीम में चहेते खिलाड़ियों को जगह दिलाने की कोशिश में तीरंदाज़ी टीम का मनोबल टूटता गया और जीत के करीब पहुंची कंपाउंड महिला व पुरुष टीम को रजत पदक से ही संतोष करना पड़ा। प्रबंधन आखिरी वक्त तक टीम में परिवर्तन पर अड़ा रहा इसका प्रतिकूल प्रभाव खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर पड़ा। ताईक्वांडो में योग्य खिलाड़ियों को टीम से बाहर करने का मामला हाई कोर्ट तक पहुंचा और खिलाड़ी पहले-दूसरे दौर में ही बोरिया-बिस्तर समेटकर विदेश भ्रमण से लौट आए। कबड्डी में आपसी खींचतान ऐसी हुई कि प्रतियोगिता के दौरान ही खेल प्रबंधक खराब प्रदर्शन के लिए कप्तान को जिम्मेवार ठहराने लगे। परिणामस्वरूप लगातार 9 बार का स्वर्ण पदक विजेयी भारतीय पुरुष टीम को इस बार कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा। 


16 खेलों में पदक व 20 खेलों में विदेश भ्रमण !

जकार्ता में 36 खेलों में 572 सदस्यीय भारतीय खिलाड़ियों का भारी-भरकम दल गया था। जूनियर विश्व कप के आयोजन के बाद प्रदर्शन में अप्रत्याशित सुधार के बावजूद IOA ने फुटबॉल की टीम को नहीं भेजा गया। तर्क ये कि पदक जीतने की उम्मीद नहीं थी। फिर 20 वैसे खेल जिनमें भारत को पदकों की उम्मीद थी, उनमें भारतीय टीम/खिलाड़ियों का खाता क्यों नही खुला ? IOA को इसका जवाब देना चाहिए। IOA ने चहेते खेल संघों को जकार्ता जाने की अनुमति दी।


20 खेल जिनमें रहा पदकों का सूखा

बास्केटबॉल, बॉक्सिंग, बोलिंग, कैनोइंग-कयाकिंग, साइकिलिंग, फेंसिंग, जिम्नास्टिक, गोल्फ, हैंडबॉल, जुडो, कराटे, पिनाक सिलाट, रोलर स्पोर्ट, सेलिंग, तैराकी, स्पोर्ट क्लाइम्बिंग, ताईक्वांडो, सॉफ्ट टेनिस, वॉलीबॉल व वेटलिफ्टिंग (30 अगस्त तक)


16 खेल जिनमें मिले पदक

एथलेटिक्स (7/10/2), निशानेबाजी (2/4/3), कुश्ती (2/0/1), रोइंग (1/0/2), टेनिस (1/0/2), तीरंदाज़ी (0/2/0), घुड़सवारी (0/2/0), बैडमिंटन (0/1/1), कबड्डी (0/1/1), कुरस (0/1/1), वुशु (0/0/4), स्क्वाश (0/0/3), ब्रिज (0/0/2), टेबल टेनिस (0/0/2), सेपक टकरा (0/0/1), हॉकी (1 स्वर्ण या 1 रजत पक्का, 1 कांस्य की भी उम्मीद)