sportsjharkhand.com टीम रांची झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (JSCA) अपने 85 वर्ष के इतिहास में सबसे सफल क्रिकेटर महेंद्र सिंह धौनी को लाइफ मेंबर (आजीवन सदस्य) मानने को तैयार नहीं दिख रहा। ये हम नहीं JSCA की आधिकारिक वेबसाइट कह रही है। JSCA की वेबसाइट www.cricjharkhand.org धौनी को अभी भी मानद सदस्य ही बता रही है (देखें तस्वीर) जबकि कमिटी ऑफ मैनेजमेंट (CoM) ने 27 सितंबर 2019 को ही ये फैसला ले लिया था कि धौनी अब मानद नहीं बल्कि आजीवन सदस्य होंगे। CoM के निर्णय पर आम सभा (AGM) की मुहर भी 31 अक्टूबर 2019 को जमशेदपुर में लगा दी गई लेकिन आधिकारिक वेबसाइट है कि मानती ही नहीं। CoM ने महेंद्र सिंह धौनी के नाम पर साउथ पवेलियन का नामकरण किया था लेकिन रांची में रहने के बावजूद धौनी उस कार्यक्रम का हिस्सा नहीं बने थे। पाठकों को ये पता हो कि ये वही वेबसाइट है जिसने पूर्ववर्ती अध्यक्ष के संदेश को भी अपलोड करने से इनकार कर दिया था। दरअसल वेबसाइट के संचालन के लिए जिम्मेवार रिमोट कंट्रोल संस्था के एक प्रभावशाली शख्स के पास एहसान की एवज में गिरवी रखी हुई है।
मीडिया में खबरें सुर्खियां बनी तब धौनी बनाए गए थे लाइफ मेंबर
सितंबर 2019 में चुनाव के दौरान JSCA में महेंद्र सिंह धौनी के आजीवन सदस्य/वोटर नहीं होने की खबरें इलेक्ट्रॉनिक व प्रिंट मीडिया की सुर्खियां बनी। उसके बाद भारी दवाब में 22 सितंबर को निर्वाचित हुई कमिटी ने 27 सितंबर को ये निर्णय लिया था। निर्णय को 9 माह 12 दिन गुजर गए लेकिन महेंद्र सिंह धौनी का नाम आज तक आजीवन सदस्यों की सूची में जगह नहीं बना पाया। पिछले कई दशकों की कार्यप्रणाली को देखते हुए कारण जानना ज्यादा कठिन नहीं है।
वेबसाइट पर लाइफ मेंबर की नई लिस्ट को ना, टेंडर डॉक्यूमेंटस को हां
22 सितंबर 2019 को CoM की मंजूरी व 31 अक्टूबर 2019 को AGM की हां के बावजूद JSCA की वेबसाइट पर अब तक नई सूची अपलोड नहीं हो पाई है। दूसरी ओर 12 जनवरी से 4 मार्च 2020 के बीच 14 टेंडर डॉक्यूमेंटस अपलोड हुए हैं। JSCA की प्राथमिकताएं क्या हैं, ये बताने की ज़रूरत नहीं। 11 दिसंबर 2019 को संबद्धित सदस्यों की अपडेटेड सूची भी अपलोड हो गई लेकिन आजीवन सदस्यों की संशोधित सूची अबतक अपलोड नहीं हो पाई। पता हो कि इस दौरान वेबसाइट के कई फीचर में बदलाव किया गया और कई नए कंटेंट अपलोड किए गये लेकिन...
मानद व आजीवन सदस्य में अंतर
JSCA के संविधान के अनुसार मानद सदस्यों को न तो चुनाव लड़ने का अधिकार है न ही मतदान करने का अधिकार। जबकि आजीवन सदस्य दोनों अधिकारों से लैस।
JSCA संविधान में पारदर्शिता की बात करता है लेकिन व्यवहारिकता में नहीं
JSCA का संविधान के आर्टिकल 33 (i) कहता है कि संविधान की कॉपी, नियम-कानून और अन्य रेसोल्यूशन व ऑर्डर संस्था की वेबसाइट पर दर्ज रहेंगे। लेकिन महेंद्र सिंह धौनी को आजीवन सदस्य बनाए जाने संबंधी कोई भी रेसोल्यूशन वेबसाइट पर दर्ज नही है।
Article 33 (i) कहता है कि
The Memorandum of Association, Rules and Regulations and all other resolutions, orders and memorandum of the Association shall be available on the Website of the association.
सबा करीम समेत कई पूर्व खिलाड़ी JSCA से किए जा चुके हैं तड़ीपार
JSCA और पूर्व क्रिकेटरों के बीच रिश्ता अब तक 36 का ही रहा है। पिछले डेढ़ दशक के दौरान पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर व BCCI में वर्षों से क्रिकेट प्रशासन से जुड़े सबा करीम, स्व. रमेश सक्सेना, रणधीर सिंह व प्रथम श्रेणी क्रिकेटर प्रदीप खन्ना, आदिल हुसैन समेत कई पूर्व क्रिकेटरों की आजीवन सदस्यता येन-केन-प्रकारेण खत्म कर दी। किसी पर मिसकंडक्ट का मामला बनाया गया तो किसी को अनुपस्थिति के कारण बाहर का रास्ता दिखाया गया। समय-समय पर झुकने की लचक देखकर चुनिंदा क्रिकेटरों को कुछ जिम्मेवारियां दी जाती रही हैं।
वेबसाइट मेंटेन्स पर प्रति वर्ष 12999 रुपये खर्च करता है JSCA
JSCA के वित्तीय दस्तावेज़ बताते हैं कि वर्ष 2017-18 व 2018-19 में वेबसाइट का संचालन कर रही कंपनी बिज़नेस अहेड को 25,998 रुपये का भुगतान किया गया है। दोनों वित्तीय वर्ष के दौरान 12999 रुपये का भुगतान किया गया है। सूचना-प्रौद्योगिकी के इस दौर जहां सूचनाएं स्मार्ट फोन से सेकंड भर में लाखों लोगों तक पहुंच जाती हैं। वहीं JSCA की सूचना-प्रौद्योगिकी की घड़ी 9 माह 12 दिन से बंद पड़ी है।
JSSPS में कैडेट्स का प्रशिक्षण शुरू, सोमवार को 35 कैडेट्स पहुंचे
10 माह बाद ट्रैक पर लौटे एथलिट, U 14 में JSSPS का जलवा बरकार
राज्य में खेल गतिविधियां शुरू कराने की मांग करेगा झारखंड वॉलीबॉल संघ
पियरे डी कौबेर्टिन आफ इंडिया की वार्षिक आम बैठक 30-31 जनवरी को
रांची जिला तीरंदाज़ी संघ के सहयोग से रांची प्रेस क्लब में आर्चरी सेंटर की शुरुआत