Sports Jharkhand
आलोक के बाद विक्रांत मल्हान पर गिरी गाज, JSSPS से किए गए बाहर 
sportsjharkhand.com टीम रांची
15:32:44

sportsjharkhand.com टीम

रांची

झारखंड सरकार और CCL की संयुक्त इकाई झारखंड राज्य खेल प्रोत्साहन सोसायटी (JSSPS) के अंदरखाने सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है। JSSPS के कुकर्मियों के खिलाफ sportsjharkhand.com की मुहिम का असर दिख रहा है। 15 अक्टूबर को लोकल मैनेजमेंट कमिटी (LMC) के CEO आलोक कुमार को कर्तव्यहीनता के आरोप में बर्खास्त करने के बाद शनिवार, 22 दिसंबर को LMC के प्रशासनिक सचिव विक्रांत मल्हाल को भी बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है। CCL के उच्च पदस्थ सूत्र बताते हैं कि शनिवार की रात CCL के CMD ने LMC के सदस्यों के साथ हुई बैठक में विक्रांत मल्हान को LMC से बाहर का रास्ता दिखाया गया। खबर लिखे जाने तक आधिकारिक आदेश जारी नहीं हुआ है लेकिन एक-दो दिनों में जारी हो जाएगा। कार्य समीक्षा बैठक के दौरान कई बिंदुओं पर CMD ने LMC के सदस्यों की जमकर क्लास लगाई। विक्रांत मल्हान का सारा काम अब प्रोक्योरमेंट का काम देख रहे आर के जायसवाल देखेंगे। सूत्र बताते हैं कि विक्रांत मल्हान को मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स जाने से भी मना कर दिया गया है। CMD ने बैठक में साफ-साफ कहा कि जरूरत पड़ने पर आप (मल्हान) प्रेजेंटेशन देने के लिए बुलाये जा सकते हैं लेकिन उस स्थिति में भी CCL मुख्यालय से ही कार्य करने का कड़ा निर्देश दिया गया है।

इस विषय पर विक्रांत मल्हान की प्रतिक्रिया जानने के लिए दर्जनों बार संपर्क करने की कोशिश की गई लेकिन पक्ष नहीं मिल पाया। वहीं LMC के CEO जितेंद्र तिवारी ने कहा कि ऐसे किसी भी निर्णय की आधिकारिक जानकारी मेरे पास नहीं है।


CMD के लाडले सिपहसालार थे विक्रांत मल्हान

पिछले 3 वर्षों के दौरान JSSPS के LMC का चेहरा रहे आलोक कुमार व विक्रांत मल्हान CCL CMD गोपाल सिंह के लाडले अफसर रहे। दोनों ने भी हर-हमेशा जो भी कर्म-कुकर्म किया खुलेआम कहा कि CMD सर के कहने पर किया गया है। फिर अचानक ऐसा क्या हुआ कि महज 2 माह के अंतराल में ही दोनों को बाहर का रास्ता दिखा दिया गया ? दरअसल पिछले छह माह से दोनों अफसरों के बीच सबकुछ ठीक नहीं चल रहा था। LMC के सूत्र बताते हैं कि खिलाड़ियों को सुविधा मुहैया कराने के बाहाने हो रहे खर्चों में आर्थिक हिस्सेदारी को लेकर दोनों आमने सामने आ गए थे। द्वंद्व ऐसा था कि दोनों ने अकादमी की प्राथमिकताओं को छोड़कर एक-दूसरे को निपटाने में अपनी ऊर्जा लगानी शुरू कर दी थी। दरअसल कई प्रशासनिक, आर्थिक व चारित्रिक अनियमितताओं की शिकायत sportsjharkhand.com ने भी CCL के आलाधिकारियों से  की थी। 13 अक्टूबर को कोयला मंत्री पीयूष गोयल जी के सामने भी sportsjharkhand.com ने कुछ मुद्दे उठाए थे। इसके बाद ही आलोक व मल्हान हटाये गए हैं। 


करोड़ों का फ्लैट व लाखों की कार ले डूबी !

CCL मुख्यालय के सूत्रों की मानें तो पिछले एक-डेढ़ साल के अंदर अचानक बगैर लोन के लगभग 1.25 करोड़ रुपये की लागत से पत्नी के नाम खरीदे गए फ्लैट और नवंबर में खरीदी गई लक्सरी गाड़ी ने CCL के आलाधिकारियों के कान खड़े कर दिए थे। कांके रोड के ब्लेसिंगटन हाइट्स के पहले तल्ले पर 2500 स्क्वायर फ़ीट का फ्लैट सरकारी दस्तावेजों पर 90 लाख रुपये का बताया गया है। लेकिन रीयल स्टेट के कारोबारियों की माने तो लोकेशन के आधार पर मार्केट रेट कम से कम 1.25 से 1.5 करोड़ है। यह सम्पति 2017 के जुलाई माह में खरीदी गई (दस्तावेज sportsjharkhand.com के पास उपलब्ध हैं). इसके बाद 15-17 लाख की गाड़ी ने कोढ़ में खुजली का काम किया। 


CMD जी कई और सुकर्मी बचे हुए हैं, कब होगी कार्रवाई ?

LMC में कार्यरत कई और अधिकारी-कर्मचारी-कोच अकादमी और कैडेट्स के ऊपर खर्च हो रही करोड़ों की रकम पर गिद्ध की तरह नजर गड़ाए हुए हैं। CMD जी ज्यादा मेहनत नहीं करनी पड़ेगी सिर्फ और सिर्फ बिल पर सिर्फ नजरे इनायत कीजिये, दूध का दूध पानी का पानी हो जाएगा। अगर आपके लोग आपको दस्तावेज़ ना दिखाए तो sportsjharkhand.com आपको सारे दस्तावेज उपलब्ध कराएगा। शर्त सिर्फ इतनी है कि राज्य सरकार के कुछ अधिकारियों की भी मौजूदगी हो। क्यों ?आप ये बेहतर समझ सकते हैं। खेल अकादमी की बेहतरी के लिए LMC में अभी कम से कम तीन अधिकारियों-कार्यरत लोगों का निष्कासन बहुत जरूरी है। एक-एक कर सड़े अंडे हटाने से बेहतर है कि एक साथ पूरे सड़े अंडे हटा दिए जाएं, लेकिन फैसला....


जारी रहेगी sportsjharkhand.com की मुहिम

JSSPS के कुकर्मियों के खिलाफ sportsjharkhand.com की मुहिम जारी है और इसका असर भी हो रहा है। दो अधिकारी प्रशासनिक अकर्मण्यता के आधार पर निपटाए जा चुके हैं। कम से कम तीन अन्य अधिकारियों-कार्यरत लोगों का अकादमी से जाना अवश्यम्भावी है। उन कुकर्मियों के बाहर निकलने तक हमारी मुहिम जारी रहेगी। Better Late, Than Never !