sportsjharkhand.com टीम रांची झारखंड की महिला फुटबॉलरों को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण व तकनीकी कौशल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राज्य सरकार जल्द ही भारतीय फुटबॉल महासंघ (AIFF) के साथ MoU करने जा रही है। पर्यटन, कला-संस्कृति, खेल-कूद एवं युवा कार्य विभाग की ओर से MoU के विभिन्न प्रावधानों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इस सिलसिले में एक पखवाड़े पहले AIFF की ओर से निदेशक अभिषेक यादव ने प्रस्तावित MoU के तकनीकी पहलुओं पर खेल विभाग के आलाधिकारियों के साथ बैठक की थी। निदेशालय के स्तर पर समस्त स्टेकहोल्डर्स के साथ बैठकों का सिलसिला जारी है। निदेशालय यह सुनिश्चित कर लेना चाहता है कि MoU होने के बाद संबंधित स्टेडियम में आयोजित होनेवाले अन्य खेलों का प्रशिक्षण किसी भी तरह से प्रभावित न हो। सब कुछ ठीक रहा तो हेमंत सरकार की पहली वर्षगांठ 29 दिसंबर को MoU को मूर्त रूप दे दिया जाएगा।
टेक्निकल सपोर्ट AIFF और अन्य आधारभूत ज़रूरतें राज्य सरकार के जिम्मे
MoU पर जो मूल सहमति बनी है उसके अनुसार झारखंड सरकार के जिम्मे महिला खिलाड़ियों के रहने, ठहरने, खाने, मैदान व इक्विपमेंट उपलब्ध कराने की जिम्मेवारी होगी। वहीं विश्वस्तरीय प्रशिक्षण व तकनीकी कौशल विकास की जिम्मेवारी AIFF अपने संसाधनों से उपलब्ध कराएगा। AIFF ग्रासरूट स्तर पर भी जूनियर बालक व बालिका फुटबॉलरों को भी तकनीकी तौर पर प्रशिक्षित करेगा।
...तो भारतीय सब-जूनियर, जूनियर व सीनियर महिला फुटबॉल टीम का प्रशिक्षण शिविर रांची में ही लगेगा
AIFF के साथ समस्त बिंदुओं पर सहमति बन जाती है तो MoU के तुरंत बाद से भारतीय सब-जूनियर, जूनियर व सीनियर महिला फुटबॉल टीम का प्रशिक्षण शिविर रांची में ही लगेगा। विदेशी टीमों के साथ होनेवाले अभ्यास मैचों का आयोजन भी रांची में ही होगा। जिससे झारखंड के खिलाड़ियों को काफी फायदा होगा। ज्ञात हो कि सितंबर-अक्टूबर में फीफा U 17 विश्व कप का प्रशिक्षण शिविर भी रांची में ही आयोजित होना था लेकिन कोविड के कारण विश्व कप ही स्थगित कर दिया गया। इसके बावजूद राज्य सरकार की पहल पर झारखंड से प्रशिक्षण शिविर के लिए चयनित आठ फुटबॉलरों पूर्णिमा कुमारी, सुमति कुमारी, अष्टम उरांव, आमिष बारला, अंजली मुंडा, सुनीता मुंडा, नीतू लिंडा व अनिता कुमारी के लिए प्रशिक्षण की व्यवस्था की गई।
AIFF ने सभी सुविधाओं से लैश दो फुटबॉल स्टेडियमों की रखी शर्त
AIFF ने MoU के लिए जो शर्त रखी है उसके अनुसार राज्य सरकार को फुटबॉल के दो स्टेडियम उपलब्ध कराने होंगे। एक स्टेडियम में अंतरराष्ट्रीय स्तर का प्लेइंग एरिना (मैदान) होना चाहिए जहां मैच का आयोजन हो सके और दूसरा स्टेडियम खिलाड़ियों के अभ्यास के लिए हो। इसके अलावा स्टेडियम परिसर में ही अत्याधुनिक जिम व स्विमिंग पूल की भी व्यवस्था हो। मोरहाबादी स्थित फुटबॉल स्टेडियम को लगभग मुख्य स्टेडियम के रूप में चयनित कर लिया गया है जबकि प्रैक्टिस ग्राउंड के लिए होटवार स्थित मुख्य स्टेडियम, एथलेटिक्स प्रैक्टिस ट्रैक व सिल्ली स्टेडियम में मौजूद संसाधनों की विवेचना की जा रही है।
CM हेमंत सोरेन की पहल पर आगे आया AIFF
झारखंड के गांव-गांव तक फुटबॉल की लोकप्रियता किसी से छुपी नहीं है और सरकार AIFF के साथ लांग टर्म प्लानिंग के तहत ग्रामीण फुटबॉल प्रतिभाओं को तलाशने व तराशने का अभियान चलाना चाहती है। इसीलिए खेल मंत्री सह मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पहल पर भारतीय फुटबॉल महासंघ (AIFF) के साथ MoU को मूर्त रूप दिया जा रहा है। पिछले एक दशक के दौरान झारखंड के फुटबॉलरों खासकर महिला फुटबॉलरों ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत धमक जमायी है। इसलिए AIFF की प्राथमिकताओं में झारखंड विशेष रूप से शामिल है।
सभी स्टेकहोल्डर्स के साथ बातचीत के पश्चात विभागीय स्तर पर MoU को अंतिम रूप दिया जा रहा है। हमारा पूर्ण प्रयास होगा कि 29 दिसंबर को AIFF के साथ MoU हो जाए।
पूजा सिंघल
खेल सचिव, झारखंड सरकार
JSSPS में कैडेट्स का प्रशिक्षण शुरू, सोमवार को 35 कैडेट्स पहुंचे
10 माह बाद ट्रैक पर लौटे एथलिट, U 14 में JSSPS का जलवा बरकार
राज्य में खेल गतिविधियां शुरू कराने की मांग करेगा झारखंड वॉलीबॉल संघ
पियरे डी कौबेर्टिन आफ इंडिया की वार्षिक आम बैठक 30-31 जनवरी को
रांची जिला तीरंदाज़ी संघ के सहयोग से रांची प्रेस क्लब में आर्चरी सेंटर की शुरुआत