Sports Jharkhand
शर्मनाक : जकार्ता में द्रोणचार्य (कोच) ने अर्जुन (शिष्या) के लिए मांगा एकलव्य (मधुमिता) का \\\\\\\'अंगूठा\\\\\\\'
sportsjharkhand.com टीम रांची
15:59:08

sportsjharkhand.com टीम

रांची

झारखंड की मधुमिता कुमारी के शानदार प्रदर्शन की बदौलत जकार्ता एशियाई खेलों में रविवार को तीरंदाज़ी कंपाउंड महिला टीम फाइनल में पहुंच गई, फलस्वरूप रजत या स्वर्ण पदक पक्का है। लेकिन आपको ये जानकर हैरानी होगी कि मधुमिता को इस टीम से बाहर किये जाने की साज़िश पिछले दो दिनों से रची जा रही थी। घोर आश्चर्य की बात ये है कि ये साज़िश टीम के एक प्रशिक्षक के द्वारा ही रची गई थी। टीम के प्रशिक्षक (जो 2014 में भी टीम के प्रशिक्षक थे) ने शुक्रवार की शाम और शनिवार की सुबह मधुमिता को कहा कि वे स्वयं लिखकर दे दे कि उसकी मनोदशा ठीक नहीं है और वह नॉक आउट दौर के मैच खेलने की स्थिति में नही है। मधुमिता पर टीम से स्वयं बाहर होकर साथी तृषा देब को मौका देने का दवाब टीम दिया जा रहा था। मधुमिता ने टीम प्रबंधन के दवाब के सामने घुटने नहीं टेके और नतीजा सामने है। भारत ने चीनी ताईपे को रोमांचक मुकाबले में हरा फाइनल में जगह पक्की की। जब टीम का प्रशिक्षक ही टीम को तोड़ने में लगा हो उसके बावजूद टीम फाइनल में पहुंच जाए तो बधाई की पात्र सिर्फ और सिर्फ टीम में शामिल तीन खिलाड़ी हैं। 

शिष्या को अर्जुन पुरस्कार मिलना पक्का हो जाए इसलिए रची साज़िश

स्पोर्टसझारखण्ड को पता चला है कि भारतीय तीरंदाज़ी संघ ने इस वर्ष तृषा देब का नाम अर्जुन पुरस्कार के लिए केंद्र सरकार को भेजा है। लेकिन रैंकिंग राउंड में खराब प्रदर्शन के कारण तृषा महिला कंपाउंड टीम में जगह नही बना पाईं। तृषा टीम में जगह नहीं बना पाई इसका अर्थ ये हुआ कि वे पदकों की दौड़ से बाहर हो गईं। पदक मिल जाते तो इस साल मिलनेवाला अर्जुन पुरस्कार पक्का हो जाता इसलिए मधुमिता को बाहर कर तृषा को टीम में रखने का दवाब बनाया गया।

कौन है ये कलयुगी कोच ?

ये वही प्रशिक्षक है जिसका नाम भारतीय तीरंदाज़ी संघ ने इस वर्ष के द्रोणाचार्य पुरस्कार के लिए भेजा है। ये वही प्रशिक्षक है जो 2014 के एशियाई खेलों में भी भारतीय टीम का प्रशिक्षक था। इस प्रशिक्षक का नाम है जीवनजोत सिंह तेजा। दरअसल कुछ वर्ष पहले तक कंपाउंड टीम में शामिल सभी 4 खिलाड़ियों को मेडल मिलते थे, लेकिन अब प्लेइंग 3 में रहनेवाले खिलाड़ियों को ही मेडल मिलते हैं। बगैर मेडल के ना तो नकद व अन्य पुरस्कार मिलेंगे ना ही प्रशस्ति पत्र। इसलिए कोच अपने प्यारे शिष्यों के लिए दूसरों की बलि लेने में नहीं चुकता, इसमें भले ही देश का नुकसान हो जाये।

प्रशिक्षक के कहने पर हुआ ट्रायल का हुआ आयोजन

द्रोणाचार्य पुरस्कार लेने को बेताब जीवनजोत सिंह तेजा अपनी शिष्या तृषा देब को येन केन प्रकारेण टीम में रखने की जुगत भिड़ा रहे थे। जब मधुमिता ने लिखकर देने से इंकार कर दिया तो कोच साहब ने शनिवार कि शाम प्रशिक्षण सत्र के नाम पर एक विशेष ट्रायल का आयोजन कराया। नतीजा फिर भी पक्ष में नही आता देख मधुमिता से स्वयं बाहर होने का फिर से आग्रह किया। कोच साहब के लिए नतीजा सिफर रहा लेकिन भारत के करोड़ों खेलप्रेमियों के हिस्से झोली भरकर खुशियां आईं।

खराब प्रदर्शन के कारण टीम से बाहर हुई थी तृषा देब

22 अगस्त को रैंकिंग राउंड में तृषा देब का प्रदर्शन भारत के 4 तीरंदाजों में सबसे खराब रहा और वे 683 अंक लेकर 19वें नंबर पर रहीं। जबकि 705 अंक के साथ ज्योति सुरेखा वेनम दूसरे, 691 अंक के साथ मुस्कान किरार नौंवे और 689 अंक के साथ मधुमिता कुमारी 11वें नंबर पर  रहीं। तय नियमों के अनुसार टॉप 3 तीरंदाज़ ही प्लेइंग टीम में शामिल होते हैं। चौथा तीरंदाज़ रिज़र्व में रहता है।