Sports Jharkhand
...When DHONI Mets 5 Dozen ZIWAS @ JSCA
sportsjharkhand.com टीम रांची
19:57:23

रांची

sportsjharkhand.com टीम

संत अन्ना उच्च विद्यालय, तोरपा खूंटी की बच्चियां शनिवार की दोपहर JSCA स्टेडियम घुमने के लिए पहुंची, इस बात से अनजान कि स्टेडियम परिसर में उनके लिए विधाता ने एक सरप्राइज गिफ्ट सज़ा कर रखा है। खूंटी के तोरपा से आई करीब पांच दर्जन बच्चियों ने लगभग एक घंटे तक JSCA स्टेडियम को करीब से निहारा। इसके बाद जब वे कतारबद्ध होकर लौटने लगीं तो उनके पैर बरबस ही ठहर गए। नेट प्रैक्टिस कर धौनी वापस लौट रहे थे। टीवी पर दिखनेवाले धौनी अंकल को सभी बच्चियां साक्षात एकटक देख रहीं थी। इसी बीच ऐसा हुआ जो बच्चियों के लिए सपने सरीखा था, दस फर्लांग की दूरी तय कर धौनी स्वयं बच्चियों से मिलने पहुंच गए। बच्चियों की खुशी का ठीकाना नहीं रहा। ग्रामीण क्षेत्र से आईं बच्चियों से धौनी ने औपचारिक बातचीत शुरू की। औपचारिकता और फिर बच्चियों के सवालों की एक लंबी फेहरिस्त, अनुशासन के साथ। धौनी ने सभी सवालों के जवाब दिए और जाते-जाते स्वयं बच्चीयों के साथ तस्वीरें खिंचवाई। तस्वीर के दौरान भी बच्चियों ने अनुशासन नहीं तोड़ा (आप स्वयं तस्वीरों में देख सकते हैं)। करीब 15 मिनट तक धौनी ने बच्चियों की जिज्ञासाओं से उपजे सवालों का जवाब दिया। 15 मिनट के दौरान ना तो किसी बच्ची ने सेल्फी की जिद की ना ही किसी ने तस्वीर की। संवाद के दौरान ऐसा लगा जैसे धौनी जीवा से ही बात कर रहे हों। बच्चियों से मिलकर जब धौनी लौट रहे थे तो उन्होंने आस पास मौजूद लोगों के समक्ष बच्चियों के अनुशासन की मुक्त कंठ से प्रशंसा की।


...आपकी टीम में कोई भी गोलकीपर नहीं !

धौनी ने बच्चियों से पूछा आप लोग खेलते हो ? एक स्वर में जवाब हां आया। कौन सा खेल ? इस सवाल पर दो जवाब आए, ज्यादातर बच्चियों ने हॉकी कहा लेकिन कुछ बच्चियों ने फुटबॉल भी बताया। फिर धौनी ने पूछा तुमलोगों में गोलकीपर कौन-कौन है ? जवाब में सन्नाटा सुनकर धौनी ने कहा बगैर गोलकीपर के मैच कैसे जितोगी। मैं भी अपनी स्कूल टीम का गोलकीपर था। इसके बाद स्टेडियम की भव्यता और कई और सवाल जिनका जवाब धौनी ने उसी प्यार के साथ दिया, जैसा जीवा को देते हुए सोशल साइट पर दिखते हैं। इस दौरान पूर्व रणजी क्रिकेटर अनवर मुस्तफा, JSCA उपाध्यक्ष अजयनाथ शाहदेव समेत कई लोग मौजूद रहे।