Sports Jharkhand
स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में गिरने को तैयार मौत के मार्बल
sportsjharkhand.com टीम रांची
15:19:08

sportsjharkhand.com टीम

रांची

आपके अपने वेब पोर्टल sportsjharkhand.com ने 9 मार्च को ही खेल गांव घूमने जानेवालों को आगाह किया था कि वे स्टेडियम के आस-पास घूमने से परहेज़ करें क्योंकि मेंटेनेन्स के नाम पर की जा रही खानापूर्ति से स्टेडियम जानलेवा बनता जा रहा है। खबर के साथ दी गई तस्वीरों को देखने से साफ हो जाता है कि स्टेडियम के बाहर लगाए गए पिल्लरों पर लगे मार्बल-ग्रेनाइट कभी भी मौत बनकर किसी के ऊपर गिर सकते हैं। स्टेडियम की रिपेयरिंग/मेंटेनेन्स व संचालन का ढोंग JSSPS द्वारा किया जा रहा है जो राज्य सरकार व CCL का संयुक्त उपक्रम है। सरकार के उच्चाधिकारियों की मौजूदगी के बावजूद CCL के कुछ अधिकारी निजी फायदे के लिए स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स को घुन की तरह खोखला करने में जुटे हैं, जो गहरी चिंता का विषय है।


40 करोड़ से CCL ने कराई थी रिपेरिंग

sportsjharkhand.com के पास मौजूद दस्तावेज बताते हैं कि CCL ने CSR फण्ड के लगभग 40 करोड़ रुपये खर्च किये हैं। इसके अलावा 15 करोड़ रुपये सलाना मेंटेनेन्स के नाम पर खर्च हो रहे हैं। खस्ताहाल होते स्टेडियम इनमें से काम कम और बंदरबांट ज्यादा होने का प्रमाण चीख-चीख कर दे रहे हैं। sportsjharkhand.com मांग करता है कि JSSPS स्टेडियम पर किये जा रहे मेंटेनेन्स के खर्च व निजी कंपनी द्वारा मेंटेनेन्स काम में लगे लोगों की सूची भी सार्वजनिक की जाए। जिससे लोगों को पता हो कि बिजली, सिविल, बागवानी, सुरक्षा आदि कार्यों के लिए किससे और कहां संपर्क किया जाए।


अभी तक नही हटाया गया ग्रेनाइट का टुकड़ा

प्रेस संघ के राष्ट्रीय कार्यक्रम के दौरान ग्रेनाइट का जो टुकड़ा एक कार पर गिरा था, जिसमें एक महिला समेत दो लोग घायल हो गए थे। वो टुकड़ा 10 दिन बाद तक सोमवार की दोपहर तक साफ नही हुआ है। कागजों पर रोजाना साफ-सफाई हो रही है लेकिन भौतिक स्तर पर क्या स्थिति है, इसे समझने के लिए ये प्रकरण एक उदाहरण मात्र है। पिछले साल मई के महीने में आई आंधी से स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के पंप/पावर हाउस के पास पेड़ गिरने से गेट टूट गया। एक साल बाद भी ना तो पेड़ हटा है ना ही गेट बना है।

मुख्य स्टेडियम के पूर्वी भाग में 2 साल से पानी भरा

स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में साफ-सफाई को लेकर दर्ज़नों ठेके-पट्टे दिए जा चुके हैं लेकिन सफाई की बानगी देखनी हो तो मुख्य स्टेडियम के पूर्वी भाग में स्थित टनल का दौरा कर लें। इस टनल में पिछले लगभग 2 साल से पानी भरा हुआ है। साफ-सफाई की कोई व्यवस्था नही हो पाई है।


कुव्यवस्था का जिम्मेवार कौन ?

सरकारी अधिकारियों की मौजूदगी के बाद भी काजल की काली कोठरी में तब्दील होते स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स में इस कुव्यवस्था का जिम्मेवार कौन है ? सरकार ने खेल अकादमियों व खेल विवि की स्थापना के लिए CCL के साथ हाथ मिलाया। लेकिन दो साल बाद बनी स्थितियां-परिस्थितियां सरकार के सोच के प्रतिकूल है। इस स्थिति के लिए जिम्मेवार कौन है ? इसपर मंथन करने के बाद आगे बढ़ने की ज़रूरत है नही तो खेल और खिलाड़ी पीछे छूट जाएंगे और इससे जुड़े लोग Blessington Heights के फ्लैट के मालिक बन जाएंगे।

इसे भी पढें

http://www.sportsjharkhand.com/news-show.php?rcode=903