Sports Jharkhand
JSCA स्टेडियम का नामकरण महेंद्र सिंह धौनी के नाम पर करने की मांग उठी
sportsjharkhand.com टीम रांची
21:05:35

sportsjharkhand.com टीम

रांची

विश्व खेल मानचित्र पर रांची और झारखंड का नाम रौशन करनेवाले  महेन्द्र सिंह धौनी को सोमवार को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के हाथों पद्मभूषण पुरस्कार मिलने पर बधाईयों का सिलसिला जारी है। मुख्यमंत्री रघुवर दास, खेल मंत्री अमर कुमार बाउरी, खेल सचिव मनीष रंजन, खेल निदेशक रणेन्द्र कुमार ने भी धौनी को बधाई दी है। इसी बीच रांची जिला क्रिकेट संघ के पूर्व सचिव सुनील सिंह ने मांग की है कि बीसीसीआई के फंड से निर्मित जेएससीए इन्टरनेशनल  स्टेडियम, धुर्वा का नामकरण महेन्द्र सिंह धौनी के नाम पर किया जाये। सुनील सिंह की इस मांग का ज्यादातर पूर्व खिलाड़ियों एवं खेलप्रेमियों का भी समर्थन मिलता हुआ दिखाई दे रहा है। पता हो कि इससे पहले भी JSCA से स्वतन्त्रता सेनानी ठाकुर विश्वनाथ शाहदेव के नाम पर स्टेडियम और महेन्द्र सिंह धौनी के नाम पर स्टैंड के नामकरण की मांग की गई थी, जिसपर JSCA ने अभी तक कोई फैसला नही लिया है।


JSCA पवेलियन का नामकरण अमिताभ व धौनी के नाम पर करने की तैयारी

sportsjharkhand.com के पास JSCA के पुख्ता सूत्रों से जानकारी मिली है कि JSCA के पूर्व अध्यक्ष अमिताभ चौधरी के नाम पर नार्थ पवेलियन और महेंद्र सिंह धौनी के नाम पर साउथ पवेलियन रखने की औपचारिक चर्चा हुई है। JSCA के कुछ पदाधिकारी ऐसे किसी भी चर्चा से इनकार कर रहे हैं लेकिन अमिताभ किचन कैबिनेट के सदस्यों ने इसकी पुष्टि की है।