sportsjharkhand.com टीम रांची रांची
जमीन दलाली में लिप्त सीसीएल के एक अधिकारी, उस अधिकारी के इशारों पर नाचते कनीय अधिकारी-कर्मचारी और फर्जी दस्तावेजों पर अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षक बन बैठे एक प्रशिक्षक की तिकड़ी ने मात्र स्वार्थपूर्ति के लिए राज्य सरकार व सीसीएल की संयुक्त इकाई झारखंड राज्य खेल प्रोत्साहन सोसायटी (जेएसएसपीएस) की महत्वकांक्षी खेल महाकुंभ को भ्रष्टाचार के जाल में गहरे डुबो दिया है। तिकड़ी ने साजिश रचकर आखिरी रूप से चयनित 170 बच्चों की मेरिट लिस्ट से बाहर के बच्चों का चयन अकादमी में करा दिया। sportsjharkhand.com की जांच में अब तक चार बच्चों के नाम सामने आए हैं जिन्हें अकादमी में गलत तरीके से जगह दी गई है। गलत तरीके से शामिल किए गए बच्चों का मनोबल ना टूटे इसलिए नाम की जगह उनके नाम का पहला अक्षर, उनका चेस्ट नंबर और जिला का नाम पाठकों को बता दे रहे हैं (क्योंकि हमारा मकसद बच्चों की मनोभावना को चोट पहुंचाने का नहीं है)
1.डी कुमारी चेस्ट: नंबर 121980, जिला: रांची
2.के कुमारी चेस्ट नंबर: 112473, जिला: सरायकेला-खरसावां
3.ए पी कुजूर, चेस्ट नंबर: नहीं पता, जिला लातेहार
4.ए महतो, चेस्ट नंबर: 31248, जिला: धनबाद
sportsjharkhand.com को सूत्रों से जानकारी मिली है कि जमीन दलाली में लिप्त सीसीएल के अधिकारी जो जेएसएसपीएस में प्रमुख पद पर विराजमान हैं ने अपने क्लाइंट को खुश रखने के लिए दो बच्चों को अकादमी में जगह दिलाई है (क्लाइंट को खुश करने के लिए कुकर्मों की एक लंबी फेहरिस्ट है, इस विषय पर चर्चा फिर कभी)। जबकि एक कनीय अधिकारी ने बहती हुई गंगा में हाथ धोते हुए एक बच्चे को गलत तरीके से अकादमी में जगह दिलाई है।
चार में से तीन बच्चों का मेडिकल टेस्ट तक नहीं हुआ
खेल महाकुंभ में जिला स्तर पर चयन के बाद रांची में दूसरे स्तर का चयन शिविर आयोजित किया गया। इस शिविर के बाद चयनित 308 बच्चों का चेन्नई से आई एक निजी संस्था आशा वेलनेश के द्वारा डिटेल मेडिकल, साइकोलाॅजिक, मेंटल, रिएक्टिव व कई तरह के टेस्ट किया गया। टेस्ट की रिपोर्ट का डिटेल्स एनालिसिस करने के बाद आशा वेलनेश की ओर से इसकी पूरी रिपोर्ट मेल के द्वारा जेएसएसपीएस को भेजी गयी। इस मेल की एक प्रति sportsjharkhand.com के पास भी है। पूरी सूची में डी कुमारी, के कुमारी व ए पी कुजूर का नाम कहीं भी नहीं है, इसका मतलब ये हुआ कि उनका डिटेल मेडिकल चेकअप हुआ ही नहीं। फिर उन्हें जगह क्यों दे दी गयी।
लिस्ट सुधारने के लिए आशा वेलनेश पर बनाया जा रहा दवाब
आशा वेलनेश के कर्ता-धर्ताओं पर जेएसएसपीएस के एलएमसी से जुड़े एक अधिकारी ने दवाब बनाया है कि वे 308 बच्चों की डिटेल्स मेडिकल रिपोर्ट में इन तीन बच्चों को शामिल कर लें और सुधरी हुई रिपोर्ट कुरियर से रांची भेज दें। sportsjharkhand.com ने इस संदर्भ में आशा वेलनेश के पदाधिकारियों से बात कि उन्होंने इस बात को स्वीकारा कि उन्हें कुछ गलत काम के लिए कहा जा रहा है लेकिन वे ऐसा करने की स्थिति में नही हैं। किसी की आत्मसंतुष्टि के लिए हम अपनी कंपनी का नाम खराब करने का जोखिम नहीं उठा सकते। जानकारी मिली है कि संभवतः इसी गलत काम को कराने के लिए आशा वेलनेश द्वारा काम खत्म किए जाने के बाद भी आज तक उनकी सिक्यूरिटी मनी वापस नहीं की गयी है।
एक करोड़ रुपये से ज्यादा खर्च हुए थे खेल महाकुंभ पर
पता हो कि खेल महाकुंभ के आयोजन पर जेएसएसपीएस और राज्य सरकार की ओर से एक करोड़ रुपये से ज्यादा रकम खर्च की गयी थी। पहले दौर के ट्राॅयल के लिए स्पोर्टीफाइ कंपनी को लगभग 60 लाख रुपये, दूसरे-तीसरे दौर के लिए आशा-वेलनेश को लगभग 16 लाख रुपये, टीए-डीए व वाहनों पर लगभग 15 लाख रुपये खर्च किए गए। इसके अलावा सरकार ने लगभग सभी समाचार पत्रों में प्रमुखता से दर्जनों बार बड़े-बड़े विज्ञापन छपवाए। कुल मिलाकर एक करोड़ रुपये से ज्यादा की रकम खर्च करने के बाद पैरवी पर नामांकन होना जेएसएसपीएस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाता है।
6 जुलाई को ही खुल गया था मामला
गलत तरीके से नामांकन का मामला छह जुलाई की शाम में ही खुल गया था। जब लातेहार की एक बच्ची को लेकर जेएसएसपीएस की एक कनीय अधिकारी गल्र्स हाॅस्टल पहुंची। उसका नामांकन नहीं हो पाया। इसके बाद गुस्से में रात को कुछ अधिकारियों ने एस्ट्रो टर्फ स्टेडियम में बैठक की और साजिश को मूर्त रुप देने की योजना बनाई। sportsjharkhand.com ने उस दिन भी सचेत कर दिया था। इसके बाद गलती को सुधारने के लिए सीसीएल के वरीष्ठ अधिकारियों का दरवाजा भी खटखटाया गया। लेकिन हुआ कुछ भी नहीं।
JSSPS में कैडेट्स का प्रशिक्षण शुरू, सोमवार को 35 कैडेट्स पहुंचे
10 माह बाद ट्रैक पर लौटे एथलिट, U 14 में JSSPS का जलवा बरकार
राज्य में खेल गतिविधियां शुरू कराने की मांग करेगा झारखंड वॉलीबॉल संघ
पियरे डी कौबेर्टिन आफ इंडिया की वार्षिक आम बैठक 30-31 जनवरी को
रांची जिला तीरंदाज़ी संघ के सहयोग से रांची प्रेस क्लब में आर्चरी सेंटर की शुरुआत