Sports Jharkhand
29 जुलाई को लातेहार में JSCA की AGM, अध्यक्ष कुलदीप सिंह व उपाध्यक्ष असीम कुमार सिंह की छुट्टी तय
sportsjharkhand.com टीम रांची
13:46:42

sportsjharkhand.com टीम

रांची

लातेहार के इंडोर स्टेडियम में रविवार 29 जुलाई को झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (JSCA) की वार्षिक आम सभा (AGM) में रणनीतिक तौर पर सबकुछ ठीक रहा तो JSCA को नया अध्यक्ष मिलना तय है। 18 जुलाई को JSCA स्टेडियम में हुई कार्यसमिति की बैठक में 29 जुलाई को लातेहार में AGM कराने का निर्णय ले लिया गया। इस बैठक में अध्यक्ष कुलदीप सिंह शामिल नही हुए थे। बताया जाता है कि उनकी तबियत खराब थी इसलिए वे बैठक में नही पहुंच पाए। खबर लिखे जाने तक AGM का एजेंडा सदस्यों को सर्कुलेट नही हुआ है लेकिन आखिरी एजेंडे के इन शब्दों को ... Any other matter by the permission of the chair... ढाल बनाकर अध्यक्ष कुलदीप सिंह व उपाध्यक्ष असीम कुमार सिंह को उनके पद से हटाने की बिसात बिछाई जा चुकी है। इसी बिसात पर 29 जुलाई को 12.30 बजे से 1.30 बजे के बीच आलाकमान के इशारे पर कुछ प्यादे अभिनय कौशल का परिचय देंगे और इसके साथ ही रबर स्टाम्प सरीखी एक और कमिटी तैयार हो जाएगी। चर्चा है कि अध्यक्ष पद के लिए उपाध्यक्ष अजयनाथ शाहदेव आलाकमान की पहली पसंद बने हुए हैं जबकि दूसरी पसंद उपाध्यक्ष पद पर कायम जमशेदपुर के डॉ नफीस बने हुए है। JSCA के सूत्र बताते हैं कि डार्क हॉर्स के रूप में पूर्व उपाध्यक्ष हज़ारीबाग़ के संजय सिंह भी उभर सकते हैं लेकिन उनके लिए शर्तों की एक लंबी फेहरिश्त को मानने की बाध्यता होगी। तीनों दावेदारों के अध्यक्ष बनने या ना बनने के गुण-दोष 


अजयनाथ शाहदेव 

गुण : लंबे अरसे से आलाकमान के भरोसेमंद सिपहसालार, वाकपटु, सबको साथ लेकर चलने की कला

अवगुण : लोकतांत्रिक व्यवस्था में आस्था


डॉ नफीस 

गुण : आलाकमान के विश्वस्त, लो प्रोफाइल रहना, जमशेदपुर का होना

अवगुण : अनुभवहीन


संजय सिंह

गुण : पूर्व विश्वस्त, प्रशासनिक क्षमता, BCCI की बैठकों में भाग लेने का अनुभव

अवगुण : अपनी मनमर्जी कुछ काम करने की प्रवृति


SC ने चुनाव पर लगाई है रोक इसलिए...

सर्वोच्च न्यायालय ने BCCI में सुधारों के मामले की सुनवाई के दौरान ये निर्देश दिया है कि आखिरी फैसला आने तक कोई भी राज्य संघ चुनाव नहीं करा सकते। ऐसे में वार्षिक आम सभा के दौरान चेयर के आदेश पर अध्यक्ष व उपाध्यक्ष को हटाए जाने का प्रस्ताव आएगा और उनकी जगह दूसरे अध्यक्ष, उपाध्यक्ष व दो-चार अन्य सदस्यों का मनोनयन कर दिया जाएगा,  हाउस की सहमति की औपचारिकताओं को पूरा करते हुए। सूत्र बताते हैं कि बैठक से पहले कुलदीप सिंह और असीम कुमार सिंह को इस्तीफा सौंपने का संदेश भी भेजवा दिया जाएगा। इस्तीफा नही दिए जाने की सूरत में कुलदीप सिंह 29 जुलाई को भी बीमार पड़ जाएंगे और AGM डॉ नफीस की अध्यक्षता में कार्रवाईयों को अंजाम तक पहुंचाएगी।


रैकेट्स पेमेंट विवाद में जा रही कुर्सी

बैडमिंटन व स्क्वाश के लिए बनाए गए इंडोर कोर्ट रैकेट्स के लगभग 5 करोड़ (कुछ ज्यादा या कुछ कम भी हो सकता है) पेमेंट से पहले दस्तावेज मांगने व बगैर दस्तावेज देखे पेमेंट नही करने का निर्णय लेने के कारण दो पदाधिकारियों की कुर्सी जानी तय है। लगभग तीन माह पहले कार्यकारिणी समिति की बैठक में अध्यक्ष कुलदीप सिंह व उपाध्यक्ष असीम कुमार सिंह ने सचिव देवाशीष चक्रवर्ती की कार्यप्रणाली की आलोचना की थी और पेमेंट करने के तौर-तरीकों पर आवाज़ बुलंद की थी। उसके बाद अमिताभ चौधरी ने दोनों पदाधिकारियों को बुलावा भेजा था। सूचना है कि एक सदस्य नही पहुंचे जबकि दूसरे ने जिल्लेइलाही के समक्ष आत्मसर्पण कर दिया।