Sports Jharkhand
IOA की इमरजेंट बैठक : अध्यक्ष के फैसले को कार्यसमिति ने बहुमत से बदला
sportsjharkhand.com टीम रांची
18:19:34

sportsjharkhand.com टीम

रांची

दिल्ली के ओलंपिक भवन में मंगलवार को आयोजित भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) की इमरजेंट बैठक में कार्यसमिति के 27 में से 22 सदस्यों ने आम सहमति से अध्यक्ष के फैसले को पलट दिया। अब आगामी 9 नवंबर को होनेवाली IOA कार्यसमिति की बैठक और 14 दिसंबर को होनेवाले चुनाव सह एजीएम दोनों ही दिल्ली में होंगे। इसके अलावा 10 अन्य मुद्दों को भी 9 नवंबर को होनेवाली कार्यसमिति की बैठक के एजेंडे में शामिल किया गया है, जिसमें IOA संविधान में संशोधन का प्रस्ताव भी शामिल है। पता हो कि अध्यक्ष एन रामचंद्रन ने 23 अक्टूबर को घोषणा कर दी थी कि चेन्नई में आगामी 9 नवंबर को IOA कार्यसमिति की बैठक और 14 दिसंबर को चेन्नई में होंगे। चुनाव सह एजीएम कराने की घोषणा के बाद 27 अक्टूबर को कार्यसमिति के 14 सदस्यों ने कार्यसमिति की इमरजेंट बैठक के लिए महासचिव राजीव मेहता को अधिकृत किया था। बैठक में एन रामचंद्रन, अनुराग ठाकुर, राणा गुरमित सिंह सोंढ़ी, जनार्दन सिंह गहलोत समेत पांच सदस्य शामिल नहीं हुए। इनमें से अनुराग ठाकुर, राणा गुरमित सिंह सोंढ़ी व एक अन्य हिमाचल चुनाव में व्यस्त हैं जबकि जनार्दन सिंह गहलोत की तबीयत खराब है।   

9 को कार्यसमिति की बैठक हंगामेदार होने की संभावना !

9 नवंबर को IOA कार्यसमिति की बैठक में जो अन्य 10 मुद्दों को शामिल किया गया है, उनमें से कई मुद्दों को लेकर बैठक हंगामेदार होने की संभावना है। इस बात की भी प्रबल संभावना है कि संघ विरोधी क्रियाकलापों के आरोप में IOA अध्यक्ष एन रामचंद्रन के विरूद्ध कड़े फैसले लिए जाएं। पता हो कि 24 अक्टूबर को हाॅकी इंडिया ने कार्यसमिति सदस्यों को पत्र लिखकर IOA अध्यक्ष के खिलाफ कार्रवाई शुरू करने की मांग की है। 

बैठक के बाद बात्रा-मेहता गुट के हौसले बुलंद

मंगलवार को IOA कार्यसमिति की इमरजेंट बैठक में 27 में से 22 सदस्यों की उपस्थिति से अध्यक्ष पद के प्रबल दावेदार FIH अध्यक्ष नरेन्द्र बात्रा और वर्तमान महासचिव और आगामी चुनाव में महासचिव पद के प्रबल दावेदार राजीव मेहता के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। तीन दिन पहले उम्र सीमा को लेकर पत्र लिखनेवाले IOA कोषाध्यक्ष अनिल खन्ना और वरीय उपाध्यक्ष एन नानावटी को लेकर कुछ आशंकाएं थीं लेकिन दोनों मंगलवार की बैठक में शामिल हुए। 


पूरी की पूरी कार्यसमिति दिल्ली में ही कार्यसमिति की बैठक व चुनाव सह एजीएम कराने को लेकर सहमत है। लोकतांत्रिक व्यवस्था में तुगलकी फरमान नहीं चलते, ये हम सभी को समझना होगा। जो मुद्दे उठाए गए हैं वे आगामी 9 नवंबर को होनेवाली कार्यसमिति की बैठक के एजेंडे में शामिल हैं। 

राजीव मेहता, महासचिव IOA