Sports Jharkhand
JOA चुनाव विवाद अदालत की चौखट पर
sportsjharkhand.com टीम रांची
11:16:44

sportsjharkhand.com टीम EXCLUSIVE 

रांची 

विवादों के बीच 27 मई को हुआ झारखंड ओलंपिक संघ (JOA ) का चुनाव आखिरकार शुक्रवार को अदालत की देहरी पर जा पहुंचा। 16 साल तक आरके आनंद और मधुकांत पाठक के साथ गलबहियां करनेवाले सैय्यद मतलूब हाशमी ने रांची सिविल कोर्ट में टाइटल सूट संख्या 574/2017 दायर कर चुनाव की वैधता को चुनौती दी है। एसएम हाशमी ने मामले में भारतीय आलंपिक संघ (IOA) के अध्यक्ष, महासचिव, कोषाध्यक्ष, JOA  के चुनाव पदाधिकारी, IOA द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षक, तथाकथित JOA के अध्यक्ष आरके आनंद, वरीय उपाध्यक्ष मधुकांत पाठक, महासचिव विशाल शर्मा और कोषाध्यक्ष शिवेन्द्र दूबे की भूमिका को कठघरे में खड़ा करते हुए आइओए और जेओए के संविधान को धता बताते हुए गलत तरीके से चुनाव कराने का आरोप लगाते हुए न्याय की मांग की है। 

IOA बनाएं एड हाॅक कमिटी  

अदालत में दर्ज दस्तावेजों के अनुसार एसएम हाशमी ने आरोप लगाया है कि JOA के चुनाव में निष्पक्षता और पारदर्शिता का अभाव था, जानबूझकर कई जिला ओलंपिक संघों और राज्य खेल संघों में मनमाफिक पदाधिकारी बदले गए। ऐसे में जब तक IOA निष्पक्ष तरीके से JOA का चुनाव नए सिरे से नहीं करा लेता, तब तक राज्य में खेलों के संचालन के लिए एक एड हाॅक कमिटी का गठन किया जाना चाहिए।  

sportsjharkhand.com द्वारा उठाये गए मुद्दों को बनाया आधार 

एसएम हाशमी द्वारा दायर वाद में ज्यादातर उन्हीं मुद्दों को आधार बनाया है, जिसे आपके अपने वेव पोर्टल sportsjharkhand.com ने JOA चुनाव के दौरान उठाया था। इनमें चुनाव के दौरान IOA के संविधान की धज्जियां उड़ाने, रांची में चुनाव होने के बावजूद रिटर्निंग आॅफिसर द्वारा नामांकन दिल्ली में भरवाए जाने और स्कू्रटनी का कार्य दिल्ली में होने, गलत तरीके से कई खेल संघों को मान्यता देने व पदाधिकारी बदलने, अयोग्ता के बावजूद कई पदों पर अपने पसंद के लोगों को चुनाव लड़वाने समेत कई आरोप लगाए गए हैं। 

मामले से जुड़े पक्षकारों की राय

एसएम हाशमी, आवेदनकर्ता : फोन नहीं उठाया

विशाल शर्मा, महासचिव JOA : फोन नहीं उठाया

शिवेन्द्रनाथ दूबे, कोषाध्यक्ष, JOA : मुझे जानकारी नहीं है, हमारा चयन संपूर्ण चुनाव प्रक्रिया का पालन करते हुए हुआ है और IOA ने भी हमारे चुनाव को वैध ठहराया है।