sportsjharkhand.com टीम रांची राज्य के खेल मंत्री सह मुख्यमंत्री मेगा स्पोर्टस कॉम्प्लेक्स की दुर्दशा देख रविवार को काफी व्यथित नजर आए। राज्य सरकार के वरीय अधिकारियों से मुख्यमंत्री ने अपनी व्यथा साझा करते हुए कहा - देखिए क्या हाल बना रखा है, मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का। दरअसल मुख्यमंत्री कोरोना पॉज़िटिव मरीजों के लिए 5000 बेड के अस्पताल तैयार करने के मकसद से संसाधनों का मुआयना करने के लिए रविवार की दोपहर मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स पहुंचे थे। मुख्यमंत्री का काफिला मुख्य एथलेटिक्स स्टेडियम के टॉवर 3 के पास जैसे ही पहुंचा वैसे ही टॉवर से रिसते पानी ने उनका स्वागत किया। प्रस्तावित कोविड अस्पताल के लिए चिन्हित डोरमेट्री के वॉशरूम का हाल देखकर भी उन्होंने नाराज़गी ज़ाहिर की और संबंधित अधिकारियों को ज़रूरी निर्देश भी दिए। जब मुख्यमंत्री पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे तो उनकी नजरों से टॉवर संख्या 3 की दीवारों पर जमी काई व मकड़ी के जाल भी बच नहीं पाए। इस दौरान मुख्य सचिव सुखदेव सिंह, स्वास्थ्य सचिव नितिन मदन कुलकर्णी, मुख्यमंत्री के प्रेस सलाहकार पिंटू, उपायुक्त छवि रंजन समेत जिला प्रशासन व पुलिस प्रशासन के कई अधिकारी मौजूद रहे।
पिछले 5 वर्षों में 60 करोड़ से ज्यादा रिपेयरिंग-मेंटेनेंस पर खर्च हो चुके हैं
मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 2015-16 से लेकर वर्ष 2019-20 तक स्टेडियमों की रिपेयरिंग/मैंटेनेंस/सुरक्षा आदि मदों में 60 करोड़ रुपये से ज्यादा की रकम खर्च हो चुकी है लेकिन मुख्य स्टेडियम के अंडर पाथवे में जमा पानी पिछले 5 वर्षों से एक मोटर के इंतज़ार में जस का तस सड़ा पड़ा है। जबकि पिछले 5 वर्षों में सिविल मेंटेनेंस, इलेक्ट्रिक मेंटेनेंस, एसी-लिफ्ट की एएमसी, साफ-सफाई मैंटेनेंस, बागवानी मेंटेनेंस और न जाने क्या-क्या मेंटेनेंस के लिए प्रत्येक साल-दो साल पर कमीशनखोरी के लिए करार पर करार किये जाते रहे हैं। पता हो कि लगभग एक माह पहले मुख्य स्टेडियम के मैदान की रेलिंग पानी निकासी नहीं होने के कारण टूट गई थी, संभव है कि वर्षों से जमे पानी ने स्टेडियम की नींव को थोड़ा-बहुत नुकसान भी पहुंचाया हो।
मेगा कोविड अस्पताल में तब्दील होगा मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स
स्वास्थ्य विभाग व जिला प्रशाशन ने मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स परिसर को मेगा कोविड अस्पताल परिसर के तौर पर मूर्त रूप देना शुरू कर दिया है। मुख्य एथलेटिक्स स्टेडियम में टॉवर 1, 2 और 3 में 1000 बेड का अस्पताल लगभग तैयार किया जा चुका है। कुछ आखिरी तैयारियां ही शेष हैं। इसके अलावा टाना भगत इंडोर स्टेडियम व ठाकुर विश्वनाथ शाहदेव स्टेडियम में 500-500 बेड के दो और गणपत राय इंडोर स्टेडियम में 250 बेड के अस्पताल बनाए जाने की तैयारी है। नर्सों के रहने की व्यवस्था सिधो-कान्हो एक्वेटिक स्टेडियम में की जाएगी जबकि डॉक्टरों के ठहरने की व्यवस्था VVIP गेस्ट हाउस में होगी। सुरक्षाकर्मियों के रुकने के लिए प्रशासनिक भवन को चिन्हित किया गया है।
अगले कुछ माह तक खेल गतिविधियों से दूर रहेगा मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स
राज्य सरकार की तैयारियों को देखते हुए इस बात की पूरी संभावना बनती हुई दिख रही है कि कोरोना महामारी के खत्म/नरम पड़ने तक मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में किसी भी तरह की खेल गतिविधियां नही हो पाएंगी। राज्य सरकार व CCL की महत्वाकांक्षी संयुक्त उपक्रम JSSPS के कैडेट्स को अगले कुछ महीने घर पर ही अभ्यास करना होगा।
JSSPS में कैडेट्स का प्रशिक्षण शुरू, सोमवार को 35 कैडेट्स पहुंचे
10 माह बाद ट्रैक पर लौटे एथलिट, U 14 में JSSPS का जलवा बरकार
राज्य में खेल गतिविधियां शुरू कराने की मांग करेगा झारखंड वॉलीबॉल संघ
पियरे डी कौबेर्टिन आफ इंडिया की वार्षिक आम बैठक 30-31 जनवरी को
रांची जिला तीरंदाज़ी संघ के सहयोग से रांची प्रेस क्लब में आर्चरी सेंटर की शुरुआत