sportsjharkhand.com टीम रांची रांची
झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (JSCA) आगामी नवंबर-दिसंबर से हाईटेक होने की राह पर है। जल्द ही मोबाइल पर उंगलियों के पोर फेरते ही पल भर में JSCA के खेल आयोजन से जुड़ी लगभग समस्त जानकारियां उपलब्ध हो जाएंगी। इसके लिए JSCA ने IT के एक्सपर्टों की मदद से एक विशेष एप्प बनवाया है। JSCA से जुड़े IT एक्सपर्टों ने इस एप्प का निर्माण किया है. एप्प अभी ट्रायल मोड में है और दिसंबर में झारखंड के घरेलू मैचों के शुरू होने से पहले आधिकारिक तौर पर लांच कर दी जाएगी। एप्प में JSCA के समस्त घरेलू मैचों से जुड़ी समस्त जानकारी (शेड्यूल, फिक्सचर, परिणाम, अंपायर आदि) जिला व राज्य स्तर पर निबंधित खिलाड़ियों की सूची व ब्यौरा, मैदानों की सूची-जानकारी, पूर्व व वर्तमान खिलाड़ियों से जुड़ी सूचनाएं, JSCA के पदधिकारियों की सूची व JSCA से जुड़े स्टेडियमों से जुड़ी जानकारियां के अलावा भी कई सूचनायें उपलब्ध होंगी। JSCA ने BCCI, बड़ोदा क्रिकेट संघ, मुम्बई क्रिकेट संघ जैसे कई संघों की तर्ज़ पर अपना एप्प बनवाया है।
कई स्तरों पर उपलब्ध होंगी जानकारियां
JSCA पदाधिकारियों, जिला खेल संघों, क्रिकेटरों, प्रशिक्षकों, सपोर्ट स्टाफ, JSCA सदस्यों, पूर्व क्रिकेटरों, पत्रकारों व अन्य यूजरों के लिए अलग-अलग स्तर पर जानकारियां उपलब्ध होंगी। पदाधिकारियों की पहुंच सभी सूचनाओं तक होंगी जबकि अन्य यूजरों की पहुंच उनके लिए ज़रूरी सूचनायें तक ही सीमित होंगी।
कैसे काम करेगा JSCA एप्प ?
JSCA का एप्प एंड्रॉइड व ios दोनों मोड पर काम करेगा और समस्त मोबाइल एप्प स्टोर के अलावा JSCA के वेबसाइट पर भी उपलब्ध होगा। एप्प डाउनलोड करने के बाद आपको खुद के संदर्भ में ज़रूरी जानकारी यथा नाम, पता, मोबाइल नंबर, सदस्यता नंबर आदि एप्प को देनी होगी। जानकारियां वेरिफाई करके क्षणभर में निबंधित मोबाइल पर एक OTP (One Time Password) आएगा। सही OTP डालते ही आपके मोबाइल पर JSCA की जानकारियों का पिटारा खुल जायेगा।
हाईटेक हो रहा है JSCA
JSCA तकनीक की ताकत को देर ही सही समझ रहा है। सभी जिलों को निर्देश दिया जा चुका है कि टीम में चयनित खिलाड़ियों से जुड़ी समस्त सूचनाएं यथा उम्र, पढ़ाई व पते से जुड़े दस्तावेज आदि वे ऑनलाइन जमा करा दें। हाल के दिनों में JSCA की वेबसाइट भी बदली है (लेकिन ज्यादातर कंटेंट वही पुराना है) और अब एप्प भी आ रहा है। JSCA में आ रहे ये बदलाव में हाल के दिनों में सर्वोच्च न्यायालय के फैसलों का भी कुछ योगदान रहा है।
धौनी करेंगे लांच !
अगर सब कुछ ठीक रहा तो ऑस्ट्रेलिया दौरे पर रवानगी से पहले महेंद्र सिंह धौनी JSCA एप्प को लांच करेंगे। स्पोर्टसझारखण्ड.कॉम को जानकारी मिली है कि वेस्टइंडीज के खिलाफ तीसरे व आखिरी T20 मुकाबले (11 नवंबर) और ऑस्ट्रेलियाई दौरे के शुरुआत (21 नवंबर) से पहले ये एप्प लांच कराने की तैयारी चल रही है। लेकिन JSCA इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं कर रहा है।
आज के दौर में तकनीक हमारी कार्यक्षमताओं को नई ऊर्जा प्रदान करता है इसीलिए सूचनाओं के आदान-प्रदान की सुगमता के लिए हमने JSCA एप्प बनवाया है। एप्प अभी ट्रायल मोड में है और जल्द ही क्रिकेट की सेवा में अपना महत्वपूर्ण योगदान देगा।
देवाशीष चक्रवर्ती, सचिव, JSCA
JSSPS में कैडेट्स का प्रशिक्षण शुरू, सोमवार को 35 कैडेट्स पहुंचे
10 माह बाद ट्रैक पर लौटे एथलिट, U 14 में JSSPS का जलवा बरकार
राज्य में खेल गतिविधियां शुरू कराने की मांग करेगा झारखंड वॉलीबॉल संघ
पियरे डी कौबेर्टिन आफ इंडिया की वार्षिक आम बैठक 30-31 जनवरी को
रांची जिला तीरंदाज़ी संघ के सहयोग से रांची प्रेस क्लब में आर्चरी सेंटर की शुरुआत