Sports Jharkhand
बोकारो जिला ओलंपिक संघ की बैठक में भविष्य के कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार
sportsjharkhand.com टीम रांची
19:42:15


बोकारो सेक्टर 3 स्थित कार्यालय में रविवार को जिला ओलम्पिक संघ की बैठक संपन्न हुई। बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि लॉकडाउन समाप्ति के उपरांत बोकारो में जिला स्तरीय खेल मेला का भव्य आयोजन किया जाएगा। जिले में कार्यरत सभी खेल संघो को सूचित किया गया कि अपने राज्य संघ से मान्यता सम्बंधित प्रमाण पत्र की छायाप्रति 25 सितम्बर तक जिला ओलम्पिक संघ के कोषाध्यक्ष नवनीत कुमार सोनू के पास जमा कर एफिलियेसन प्राप्त कर सकते है। बोकारो जिला ओलम्पिक संघ के विस्तार पर भी सर्वसम्मति बन गयी। 27 सितम्बर को आहूत आगामी बैठक के दौरान पूरी समिति की घोषणा कर दी जायेगी। राष्ट्रीय खेल दिवस के दिन जिला से विविध खेलों के राष्ट्रीय पदक विजेताओं को सम्मानित किये जाने के लिए बोकारो के उपायुक्त राजेश सिंह को धन्यवाद देते हुए उनके प्रति आभार प्रकट किया गया। विशेष आमंत्रित सदस्य के तौर पर उपस्थित जिले के पूर्व राष्ट्रीय फुटबॉल खिलाड़ी दिलीप शर्मा ने भी अपने अनुभव को साझा किया। अध्यक्षता जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष विपिन कुमार सिंह ने की जबकि संचालन संघ के महासचिव गोपाल ठाकुर ने किया। मौके पर मुख्य रूप से सुनीत मल्लिक, रामलखन मिस्त्री, नवनीत सोनू, राजीव सिंह, महेंद्र प्रसाद, रमेश बाबू, सुचेता चटर्जी, चौहान महतो, गौरी शंकर, संतोष कुमार, संजय कुमार, सतेंद्र पासवान सहित जिला खेल संघों के अध्यक्ष व सचिव उपस्थित रहे।