Sports Jharkhand
गौर से देखिए गोपाल सिंह जी ! 12 जुलाई 2018 को ऐसा दिखता है मेगास्पोर्ट्स काॅम्प्लेक्स
sportsjharkhand.com टीम रांची
22:31:00

sportsjharkhand.com टीम

रांची

सीसीएल के विचार मंच सभागार में गुरुवार को एक प्रेस वार्ता के दौरान सीसीएल सीएमडी गोपाल सिंह ने मेगास्पोर्ट्स काॅम्प्लेक्स परिसर के मेंटेनेंस की तारीफों के इतने कागजी पुल बांध दिए कि बात हजम नहीं हुई। वैचारिक अनपच होने के बाद पाठकों के लिए विशेष तौर पर प्रेस कांफ्रेंस के बाद sportsjharkhand.com की हमारी टीम मेगास्पोर्ट्स काॅम्प्लेक्स पहुंची और गुरुवार 12 जुलाई 2018 की ये तस्वीरें चिख-चिख कर खुद ब खुद सच्चाई बयां कर रही हैं (देखें तस्वीर)। ये तस्वीरें सिर्फ और सिर्फ एक्वेटिक स्टेडियम की हैं। जिन कंक्रिट के खंभों पर स्टेडियम टिके हैं उनकी नींव पिछले तीन सालों में कितनी खोखली हो गई ये तस्वीर ही बयां कर रही है। खंभों की नींव में पेड़ पौधों ने अपना बसेरा बसा लिया है, शायद ये आपकी रणनीति का हिस्सा हो कि आनेवाले दिनों में इन्हीं पेड़ों के भरोसे स्टेडियम टिका हुआ नजर आए ? इस कड़वी सच्चाई को चुल्लू भर पानी की दरकार है गोपाल जी लेकिन माॅनसून के बादल भी बरस नहीं रहे, कड़वी सच्चाई देखकर शायद उनके भी आंसू शायद सूख गए हों ? गोपाल सिंह जी sportsjharkhand.com आपसे आग्रह करता है कि आंखों पर आत्ममुग्धता के चश्मे से मेगास्पोर्ट्स काॅम्प्लेक्स को देखिएगा तो सच्चाई नहीं दिखेगी। आपको आपके ही अधिकारियों ने भ्रमित कर खोखली भव्यता के मृगमरिचिका के भ्रमजाल में फांस रखा है, भ्रमजाल से बाहर आइये और सच्चाई स्वीकार करिए। आपको हाथी के बाहर वाले दांत (मुख्य द्वार से हाॅस्टल की ओर जानेवाली मुख्य सड़क) दिखाए जा रहे हैं जो कुछ दाग के बावजूद खूबसूरत दिखते हैं लेकिन अंदर के दांतों (स्टेडियम के पिछले हिस्से) को कीड़ों ने खाना शुरू कर दिया है। सिर्फ चश्मा बदलकर एक दिन इमानदारी से मेगास्पोर्ट्स काॅम्प्लेक्स तो घुम तो लीजिए ? फिर हमें बताइयेगा कि 2015 में स्टेडियम कैसा दिखता था ? ऐसा तो नहीं दिखता था ये कोई भी खेलप्रेमी बता सकता है। 


आप बेहद व्यस्त हैं इसलिए रोजाना हम घुमाएंगे एक स्टेडियम

गोपाल सिंह जी आप बेहद व्यस्त रहते हैं, इसलिए स्टेडियम और खेल अकादमी का काम देख रही जेएसएसपीएस की गवर्निंग काउंसिल की बैठकों में भाग लेने का समय पिछले तीन वर्षों में अति व्यस्तता के कारण आपको अब तक नहीं मिल पाया है। इसलिए आपकी अति व्यस्तता को देखते हुए sportsjharkhand.com आपको रोजाना अपने खबरों के माध्यम से एक स्टेडियम का दौरा कराएगा। आप हमारे साथ भ्रमण कीजिएगा, जिनसे खुद ब खुद आपकी आंखों पर से आत्ममुग्धता के बादल छंट जाएंगे। आशा है !