Sports Jharkhand
पूर्व क्रिकेटरों के समूह ने JSCA को सौंपा 1800 का ड्रॉफ्ट, कहा - धौनी जैसी शख्सियत के साथ भद्दा मजाक करना बंद करे संघ
sportsjharkhand.com टीम रांची
20:26:23



शनिवार को झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (JSCA) मुख्यालय जमशेदपुर में पूर्व क्रिकेटरों के प्रतिनिधिमंडल ने JSCA को 1800 रुपये का ड्रॉफ्ट सौंपा और प्रबंधन को चेताया कि महेंद्र सिंह धौनी जैसे शख्सियत के साथ भद्दा मज़ाक बंद किया जाए। पूर्व क्रिकेटरों का समूह इस बात से खासा नाराज़ था कि JSCA प्रबंधन ने पिछले दो दशक से राज्य व देश का नाम रौशन करनेवाले महेंद्र सिंह धौनी को जानबूझकर बकायेदार बता दिया, मात्र अपने आका को खुश करने के लिए। मुख्यालय पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने ड्रॉफ्ट जमा करने के बाद पावती मांगी तो उन्हें इससे जुड़ा एक पत्र लिखने को कहा गया। पत्र जमा करने के दौरान ही प्रॉक्सी मुख्यालय रांची से किसी का फोन आया और प्रतिनिधिमंडल को पावती देने से इनकार कर दिया गया। प्रतिनिधिमंडल ड्राफ्ट जमा कर वापस लौट आया। पता हो कि JSCA ने 2019-20 के वार्षिक लेखाजोखा विवरणी में धौनी के नाम पर 1800 रुपये का बकाया दर्शाया था। इसीलिए JSCA के पंजीकृत मुख्यालय जमशेदपुर के युवा खिलाड़ियों व पूर्व क्रिकेटरों ने धन संग्रह कर HDFC बैंक से 1800 रुपये का डिमान्ड ड्राफ्ट बना कर संघ को सौंप दिया है। प्रतिनिधिमंडल में शेष नाथ पाठक, आनंद राव, सूप्रियो बोस, अंकित अमित विकास जय राम श्रीराम समेत अन्य कई खेलप्रेमी उपस्थित थे।




जानबूझकर अपमानित करने की नीयत से धौनी को बकायेदार बता JSCA ने जो कुकृत्य किया है उसके खिलाफ यहां के स्कूली बच्चों, छात्र व पूर्व क्रिकेटरों ने 1800 रुपये का ड्राफ्ट बनवाकर JSCA को सौंप दिया है। 


शेष नाथ पाठक, संयोजक पूर्व क्रिकेटर संघ