Sports Jharkhand
देवल सहाय : एक युग का अंत !
sportsjharkhand.com टीम रांची
17:07:06

sportsjharkhand.com के विशेष आग्रह पर झारखंड खेल पत्रकारिता के इनसाइक्लोपीडिया सुभाष डे ने दिवंगत देवल सहाय से जुड़ी यादों को साझा करते हुए अपने शब्दों में पिरोया है।


सुभाष डे


देवल उर्फ देवव्रत सहाय का दुखद निधन सिर्फ एक व्यक्ति का ही नहीं, बल्कि रांची क्रिकेट के एक युग का अंत है. आज अहले सुबह उनके निधन के स्तब्धकारी समाचार ने रांची क्रिकेट से जुड़े लोगों, उनके प्रशंसकों यहां तक कि क्रिकेट के संचालन की उनकी कार्यशैली के मुखर आलोचकों सभी को झकझोर दिया है. उनके लिए यह विश्वास करना मुश्किल हो रहा कि अपने जमाने के एक दिग्गज खिलाड़ी रहे देवल सहाय, जिन्होंने सक्रिय क्रिकेट से अलग होने के बाद क्रिकेट के एक अच्छे संगठनकर्ता व प्रशासक की भूमिका भी निभायी, वो अब उनके बीच कभी भी लौट कर नहीं आयेंगे. देवल सहाय एक ऐसे व्यक्ति थे, जिनके बारे में यह उक्ति शायद सर्वथा फिट बैठती है कि आप उन्हें प्यार करते हैं या नफरत, लेकिन आप उनकी उपेक्षा नहीं कर सकते ! 


 देवल सहाय से मेरा परिचय वर्ष 1964 के अंत अंत में हुआ था, उन दिनों वह बीआईटी, मेसरा के छात्र थे. बीआईटी, मेसरा में भी उन दिनों अनेक छात्र बेहतरीन क्रिकेटर भी हुआ करते थे और उस संस्थान की एक अच्छी क्रिकेट टीम हुआ करती थी. बाद में यह टीम बिखर गयी. उन्हीं दिनों रांची के अपर बाजार व रातू रोड के कुछ क्रिकेट प्रेमियों ने यूथ क्लब के नाम से एक टीम बनायी. देवल सहाय ने इस क्लब की टीम को शक्तिशाली बनाने में काफी मदद की और उनके ही प्रभाव से बीआईटी, मेसरा के उनके कई अच्छे साथी स्तरीय खिलाड़ियों ने यूथ क्लब को स्थानीय प्रथम डिवीजन क्रिकेट में अपनी सेवाएं दीं. कुछ समय के अंतराल पर यह टीम भी बिखर गयी. उस समय देवल सहाय कुछ समय के लिए रांची की एक अन्य प्रमुख टीम वर्दवान कंपाउंड एसी के साथ जुड़ गये. अंतत: वर्ष 1970-71 में उन्होंने बीआईटी, मेसरा के अपने कई साथी क्रिकेटरों के सहयोग से रांची क्रिकेट क्लब (आर सी सी) के नाम से एक अन्य टीम खड़ी करने में अहम् भूमिका निभायी. एक कुशल तेज गेंदबाज देवल सहाय की कोशिशों ने रंग लाया और आरसीसी की टीम ने वर्ष 1970-71 में ही रांची की सीनियर डिवीजन लीग सह नॉक आउट क्रिकेट चैंपियनशिप का खिताब जीतकर स्थानीय क्रिकेट में हलचल मचा दी. 

 

बीआईटी, मेसरा में इंजीनियरिंग की पढ़ाई समाप्त करने के बाद देवल सहाय ने रांची में स्थित एचएसएल (हिन्दुस्तान स्टील लिमिटेड) के मुख्यालय में योगदान किया. एचएसएल, जिसे बाद में मेकॉन-सेल और अब मेकन के नाम से जाना जाता है, में खेल का एक अच्छा माहौल बनाने में भी देवल सहाय की प्रमुख भूमिका रही थी. उनके तथा उस संस्थान के कई उच्चाधिकारियों के प्रयासों की बदौलत वहां खेल वृत्तिका के आधार पर स्तरीय खिलाड़ियों को संस्थान की विभिन्न टीमों में शामिल किया जाने लगा और देखते ही देखते उसकी टीमों ने विभिन्न टूर्नामेंटों में शक्तिशाली प्रदर्शन भी कर दिखाया. इसी बीच देवल सहाय ने  रांची जिला क्रिकेट संघ व झारखंड राज्य क्रिकेट संघ के साथ जुड़कर अपनी सेवायें दीं. इस दौरान उन्होंने रांची सहित तत्कालीन बिहार राज्य के विभिन्न इलाकों से कई प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को एचएसएल के साथ जोड़ा. बाद में उन्होने एचएसएल की नौकरी छोड़कर क्रमश: सीसीएल और फिर सीएमपीडीआइ जैसे संस्थानों को भी अपनी सेवाएं दीं और उक्त संस्थानों के खेल विभागों, विशेष कर क्रिकेट टीमों को भी मजबूत बनाया. दर्जनों खिलाड़ियों को नौकरियां दिलाईं। उनके इन प्रयासों के कारण रांची व आसपास के जिलों में क्रिकेट के स्तर में काफी सुधार हुआ.