Sports Jharkhand
ट्रैक्टर व पोकलेन की हू..तू..तू में बरबाद होता मुख्य स्टेडियम
sportsjharkhand.com टीम रांची
19:28:08

sportsjharkhand.com टीम

रांची

बिल्ली के जिम्मे अगर मछलियों की निगरानी का जिम्मा हो तो क्या होगा ? बहुत जल्द मछली के कांटे ही देखने को मिलेंगे ! ठीक इसी तरह जिस कंपनी को बड़ी-बड़ी मशीनों से कोयला खनन, उत्पादन और डिस्पैच करनेवाली विशेषज्ञता रखता हो उसे खेल अकादमियों व खेल के स्टेडियमों की देखरेख का जिम्मा दे दिया जाए तो क्या होगा ? बताने की जरूरत नहीं है ! ठीक ऐसा ही हो रहा है मेगा स्पोर्ट्स काॅम्प्लेक्स के मुख्य स्टेडियम के रख-रखाव के साथ। इस स्टेडियम में पिछले तीन वर्ष के दौरान बगैर किसी तकनीकी सलाह के दो बार घास बिछाए जा चुके हैं (घास लगाए नहीं गए)। नतीजा रखरखाव के आभाव में लाखों रुपये के घास चांद को प्यारे हो गए। अब फिर से मैदान को हरा-भरा बनाए जाने का प्रयास हो रहा है और बगैर किसी साइंटिफिक जांच के मैदान में दर्जनों ट्रैक्टर मिट्टियां डंप की जाने लगीं। मिट्टी गिराने के दौरान ट्रैक्टरों द्वारा मैदान के सीने पर मूंग दलने के के बाद मिट्टियों को मैदान पर पसारने के लिए पोकलेन भी लाई गई। मैदान पर पोकलेन जहां-जहां गई उसके विशाल चक्कों ने मैदान के गाल पर प्यार भरे आॅटोग्राॅफ दे दिए। आॅटोग्राफ की गहराई इतनी थी कि कई ट्रैक्टर मिट्टी गड्ढ़ों को भरने में लगाया गया। खेल का मैदान और डैमेज होता लेकिन रांची जिला एथलेटिक्स मीट में आए कुछ खेल प्रशासकों ने विरोध जताया उसके बाद मालियों ने मुखतार ने पोकलेन हटाकर मजदूरों को लगाया। 


मिट्टी डालने के बाद कीचड़ के मैदान में तब्दील हुआ स्टेडियम

बरसात के मौसम में मिट्टी डालने से मैदान कीचड़ में तब्दील हो गया है। हल्की बारिश के बाद रोजाना सुबह फुटबाॅल के खिलाड़ी इसी मैदान पर अभ्यास करते हैं, जिससे मैदान की स्थिति थोड़ी खराब हो गई है। बीसीसीआइ के क्यूरेटर एसबी सिंह बताते हैं कि मिट्टी में बालू की मात्रा 80 प्रतिशत से कम हो तो मैदान कीचड़ में तब्दील हो ही जाएगा। फुटबाॅल के मैदान की उपरी चार इंच की सतह में कम से कम 80 से 85 प्रतिषत बालू होना जरूरी है। इससे कम मात्रा हो तो मैदान खेलने योग्य हो नहीं सकता। मिट्टी में बालू और अन्य पदार्थों व रासायनिक तत्वों की मात्रा कितनी है ये बिरसा कृषि विश्वविद्यालय में रुटीन जांच से पता चल सकता है। कोई भी करा सकता है, जिसे मैदान से प्यार हो।  


और... कठोर कार्रवाई करनेवाले अफसर पर हो गई कार्रवाई !

मुख्यमंत्री की डांट के बाद लोकल मैनेजमेंट कमिटि के चेयरमैन का काम देख रखे निदेशक तकनीकी प्रशासन ए के मिश्रा ने स्टेडियम का कई बार मुआयना किया और 30 बिंदुओं पर एलएमसी के सिविल विभाग व अन्य विभाग को तीन माह के अंदर चरणबद्ध तरीके से काम पूरा करने का टास्क दिया था। साथ ही एलएमसी में पदस्थापित सीसीएल के दो कनीय कर्मचारियों को कर्तव्यहीनता के आरोप में तत्काल प्रभाव से खेल गांव छोड़कर सीसीएल मुख्यालय में योगदान देने का निर्देश दिया था। इन निर्देशों के बाद एलएमसी के पदाधिकारियों मंे खलबली मच गयी। एलएमसी के मठाधिश, मठ के मलिकार के पास पहुंचे और निदेशक तकनीकी प्रशासन एके मिश्रा की जगह एलएमसी का चेयरमैन तकनीकी पीएंडपी एके श्रीवास्तव को बना दिया गया। कार्रवाई करनेवाले अफसर पर की गई छद्म कार्रवाई के बाद एलएमसी और सीसीएल के काम करने के तौर-तरीकों पर सवाल उठने लगे हैं।