Sports Jharkhand
JOA की AGM 27 को रांची में,  मधुकांत बनेंगे नए महासचिव !
sportsjharkhand.com टीम रांची
17:56:24

sportsjharkhand.com टीम

रांची


झारखंड ओलंपिक संघ की वार्षिक आम बैठक शनिवार 27 अक्टूबर को रांची के होटल कैपिटोल हिल में होने जा रही है। स्पोर्टसझारखण्ड.कॉम के पास ये एक्सक्लूसिव जानकारी है कि AGM के दौरान JOA के महासचिव विशाल शर्मा जी तय एजेंडे से इतर समयाभाव का सदाबहार बहाना बनाकर इस्तीफा देंगे और बैठक में मौजूद अध्यक्ष उसे स्वीकार करेंगे। फिर हाथ उठाकर सर्वसम्मति से मधुकांत पाठक को JOA का नया महासचिव चुना जाएगा। स्क्रिप्ट लिखा जा चुका है पात्र 27 अक्टूबर को अपनी अभिनय कला से इसे जीवंतता प्रदान करेंगे। पता हो कि 27 मई 2017 को हुए चुनाव के बाद विशाल शर्मा ने 16 साल तक महासचिव पद पर काबिज रहे एस एम हाशमी को हराया था। चर्चा है कि चुनाव जीतने के तुरंत बाद ही उन्होंने अपना इस्तीफा अपने गुरुजनों के चरणों में समर्पित कर दिया था, लेकिन तब इस्तीफा नामंजूर कर दिया गया था। अब परिस्थितियां बदल चुकी हैं।


संविधान में कई बदलाव भी है प्रस्तावित

JOA की AGM में कई बिंदुओं पर संविधान संशोधन का प्रस्ताव है। स्पोर्टसझारखण्ड.कॉम को जानकारी मिली है कि कार्यकारी अध्यक्ष का पद सृजित करना और मैदानों की बजाय कागजों पर चल रहे खेल संघों के अधिकार में कटौती का भी प्रस्ताव भी शामिल है। JOA में लगभग 12 साल बाद कार्यकारी अध्यक्ष का पद बहाल किया जा रहा है। पता हो कि कार्यकारी अध्यक्ष के पद पर शेखर बोस की नियुक्ति हो चुकी है।

एक बार फिर चोरी-चोरी, चुपके-चुपके

पता हो कि 2009 के हाई प्रोफाइल धनबाद AGM के बाद से JOA का AGM (2017 के चुनावी AGM को छोड़कर) चोरी-चोरी चुपके-चुपके ही आयोजित होता रहा है। एक बार फिर उसी परंपरा का निर्वहन किया जा रहा है। जब भी किसी को निपटना होता है तो दुनिया को AGM की जानकारी होती है, अन्यथा ! सब जानते हैं।

JOA की AGM की जानकारी नहीं : एस एम हाशमी

16 साल तक JOA के महासचिव रहे एस एम हाशमी से जब स्पोर्टसझारखण्ड.कॉम ने पूछा तो उन्होंने JOA के AGM की जानकारी होने से साफ इनकार किया और कहा कि 28 तारीख को झारखंड खो खो संघ की बैठक रांची में होनी तय है। बाद में डिप्लोमैट बनते हुए उन्होंने कहा कि कुछ परेशान चल रहा हूँ इसलिए 10 दिन से मेल व व्हाट्सएप्प नहीं देखा है। इसलिए कुछ भी कहना उचित नहीं होगा।