Sports Jharkhand
भारतीय लॉनबॉल खिलाड़ियों को नहीं मिला ऑस्ट्रेलियाई वीसा, कोलकाता से लौटे बैरंग
sportsjharkhand.com टीम रांची
16:07:27

sportsjharkhand.com टीम

रांची

ऑस्ट्रेलिया में हो रही वर्ल्ड कप इंडोर सिंगल चैंपियनशिप खेलने के लिए भारतीय टीम को आखिरी वक़्त तक वीसा नहीं मिला और दो खिलाड़ियों के सपने टूट गए। आगामी 14 से 22 मार्च तक ऑस्ट्रेलिया के न्यू साउथवेल्स राज्य के वारिल्ला इंडोर बाउल्स एंड रिक्रिएशन क्लब में होने वाली प्रतियोगिता में पुरुष एकल में रांची के सुनील बहादुर और महिला एकल में लवली चौबे का चयन भारतीय टीम में किया गया था। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए भारतीय टीम कोच सह मैनेजर मधुकांत पाठक के साथ 10 को रांची से कोलकाता पहुंची, जहाँ से 11 जनवरी को सिडनी के लिए फ्लाइट पकड़नी थी। लेकिन कोलकाता पहुँचने के बाद पता चला कि वीसा क्लियर नहीं हुआ है। इसके बाद सभी वापस रांची लौट आये।

प्रतिवर्ष आयोजित होनेवाली वर्ल्ड कप इंडोर सिंगल चैंपियनशिप में 26 देशों के 52 खिलाड़ियों को भाग लेना था। इसमें 28 पुरुष और 24 महिला खिलाड़ियों को भाग लेना था। अब भारतीय टीम के नहीं जाने से मैचों को रिशेड्यूल किया जाएगा। पुरे मसले पर भारतीय टीम के खिलाड़ियों और कोच से संपर्क करने की कोशिश की गयी, लेकिन संपर्क नहीं हो पाया।

वर्ल्ड कप नहीं खेलने का गम, होली का त्योहार करेगा कम

भले ही टीम के खिलाड़ियों को वर्ल्ड कप में भाग नहीं ले पाने के गम हो लेकिन होली घर में मनाने की खुशी से गम का बोझ ज़रूर थोड़ा कम हो जाएगा। प्रतियोगिता का आयोजन 14 मार्च से होना था और 13 मार्च को होली है ऐसे में खिलाड़ियों को होली ऑस्ट्रेलिया में ही मनानी पड़ती। अब दौरा कैंसिल हो जाने से सभी होली परिजनों और दोस्तों के साथ मना सकेंगे।

खिलाड़ियों को 75 हज़ार का नुकसान

चैंपियनशिप में भाग लेने और लौटने के लिए खिलाड़ियों ने फ्लाइट के टिकट पहले ही बनवा लिए थे। खर्च लगभग 75 हज़ार रुपये का आया था। आखिरी समय में दौरा रद्द हो जाने की वजह से नॉन रिफंडेबल टिकट के पैसे डूब गए। इसके अलावा रांची से कोलकाता जाने-आने और ठहरने में भी हज़ारों रूपये खर्च हुए।