Sports Jharkhand
जकार्ता एशियाड : झारखंड के स्वर्ण सिंह के शानदार प्रदर्शन की बदौलत रोइंग में भारत ने जीता स्‍वर्ण
sportsjharkhand.com टीम रांची
11:14:35

sportsjharkhand.com टीम

रांची

जकार्ता एशियाड में शुक्रवार को झारखंड के एक लाल स्वर्ण सिंह का डंका काफी जोर से बजा। रामगढ़, झारखंड के रहनेवाले स्वर्ण सिंह के शानदार प्रदर्शन की बदौलत भारत ने जकार्ता में रोइंग के इवेंट में पहला स्वर्ण पदक जीता। स्वर्ण की स्वर्णिम सफलता के बाद रामगढ़ में खुशी का माहौल है। रोइंग की क्‍वाड्रुपल स्‍कल्‍स इवेंट में झारखंड के स्वर्ण सिंह, दत्‍तू भोकानल, ओमप्रकाश और सुखबीर सिंह ने देश को स्‍वर्ण पदक का तोहफा दिया। इससे पहले भारत ने शुक्रवार की सुबह की शुरुआत रोइंग में दो कांस्‍य पदक जीतकर की थी। 


...स्वर्ण सिंह को स्वर्ण पसंद है

स्वर्ण सिंह को रोइंग का शौक सेना में भर्ती होने के बाद परवान चढ़ा और फिर स्वर्ण सिंह को पदकों की ऐसी भूख लगी की वो शांत होने का नाम ही नहीं ले रही। 2011 में 34वें राष्ट्रीय खेलों में स्वर्ण पदक से शुरू हुआ ये पदकों का सिलसिला जकार्ता में भी जारी है। स्वर्ण सिंह इसके अलावा 2011 में 14वीं एशियाई चैंपियनशिप में कांस्य, 2012 में लंदन ओलंपिक में खाली हाथ रहे, 2014 एशियाई खेल में कांस्य और 2015 में 15वीं एशियाई चैंपियनशिप में स्वर्ण जीत चुके हैं।


सिख रेजीमेंट में पदस्थापित हैं स्वर्ण सिंह

स्वर्ण सिंह पिछले एक दशक से भी ज्यादा समय से सिख रेजीमेंट, रामगढ़ में पदस्थापित हैं। अभी वे सूबेदार के पद पर पदस्थापित हैं और पतरातू समेत अन्य जगहों पर लगातार अभ्यासरत हैं। पता हो कि स्वर्ण सिंह ने 2011 के 34वें राष्ट्रीय खेलों में झारखंड का प्रतिनिधित्व किया था और स्वर्ण पदक जीता था।


राज्य और देश का नाम रौशन करनेवाले स्वर्ण सिंह का झारखंड पहुंचने पर भव्य स्वागत किया जाएगा। उनका स्वागत कर हम खुद को गौरवान्वित महसूस करेंगे।

के के सिंह, महासचिव, झारखंड रोइंग संघ


© sportsjharkhand.com